यूपी कॉलेज में नए सचिव की नियुक्ति के बाद भी छात्रों का आंदोलन जारी है। छात्रों ने मामले की जांच के लिए समिति के गठन पर सीएम योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया है।
छात्रों का कहना है कि जब तक एआर खान की सदस्यता निरस्त नहीं होती और वित्तीय अनियमितता की जांच नहीं कराई जाती है, तब तक शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन जारी रहेगा। बृहस्पतिवार को पूर्व महामंत्री शिवम सिंह बाबू ने बताया कि प्रबंध समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति डीपी सिंह द्वारा छात्रों को गोलमोल घुमाया जा रहा है। हम सभी की मांग है कि एआर खान जिनका राजर्षि जी की बगिया से कोई रिश्ता नहीं है, उन्हें प्रबंध समिति से बाहर किया जाए। हम लोगों की मांग है कि वित्तीय अनियमितता की उच्चस्तरीय जांच की जाए। सूत्रों के अनुसार छात्रों की मांग पर सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया जा चुका है। एक से दो दिन में समिति अपनी जांच के लिए महाविद्यालय पहुंचेगी। प्रशासनिक, शिक्षा और वित्त से जुड़े अधिकारी रहेंगे।