कैंट थाना अंतर्गत पंचवटी लॉन के समीप शनिवार की रात मुठभेड़ के बाद एसटीएफ ने न्यायिक अभिरक्षा से फरार मऊ जिले के मधुबन क्षेत्र के परसिया जयरामगिरी गांव निवासी 12 हजार के इनामी बदमाश रामाश्रय यादव को गिरफ्तार किया है।
रामाश्रय के पास से .32 बोर की पिस्टल, तीन कारतूस, एक बाइक, नेपाल और भारतीय सिम, नेपाली मुद्रा और फर्जी डीएल, आधार कार्ड व मतदाता परिचय पत्र बरामद हुआ है। रामाश्रय पर एसपी रेलवे गोरखपुर ने पांच हजार का पुरस्कार घोषित किया था। साथ ही, 50 हजार के पुरस्कार की संस्तुति की थी।
रामाश्रय को कैंट पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बीते साल 23 अगस्त को रामाश्रय को पेशी पर मुरादाबाद से देवरिया ले जाया गया था। अगली पेशी के लिए उसके आजमगढ़ जेल निरुद्ध किया जाना था।
इसी दौरान रामाश्रय बलिया रेलवे स्टेशन पर सिपाहियों को चकमा देकर भाग निकला था। एसटीएफ की वाराणसी इकाई के सीओ विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में सर्विलांस से पता लगा कि रामाश्रय ने मुंबई, इलाहाबाद, वाराणसी, कुशीनगर, देवरिया और नेपाल में अपने छुपने का ठिकाना बना रखा है।
28 अक्तूबर की रात सूचना मिली कि रामाश्रय पंचवटी लॉन के समीप अपने साथियों से मिलने आना वाला है। इस सूचना पर टीम ने घेरेबंदी की। रामाश्रय के सामने आते ही उसे रुकने का इशारा किया गया तो उसने दो राउंड फायरिंग की लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद वह दबोच लिया गया।