एसटीएफ ने बनारस में विकास सिंह गौडे गैंग के 50 हजार के इनामी बदमाश विपिन सिंह उर्फ मोनू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसने कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकारी।
बदमाश विपिन सिंह जौनपुर के बक्सा थाने के नरी गांव का निवासी है। 30 अगस्त को थाना कैंट क्षेत्र अंतर्गत मल्टी परपज ग्राउंड के पास से वह चंदन सोनकर की गिरफ्तारी के दौरान फरार हो गया था।
शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि विपिन सिंह सेंट मेरी स्कूल के समीप किसी साथी का इंतजार कर रहा है। निरीक्षक पुनीत परिहार के नेतृत्व में एसटीएफ वाराणसी की टीम मौके पर पहुंची और आत्मसमर्पण के लिए कहा।
अधिकारियों ने बताया कि मोनू ने पुलिस टीम पर फायर करते हुए भागने का प्रयास किया। मुठभेड़ के बाद में उसे पकड़ लिया गया। विपिन ने बताया कि जौनपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी के कई अपराधियों का एक गैंग है। इसका सरगना प्रतापगढ़ का रहने वाला विकास सिंह गौडे है।