कर्मनाशा नदी पर नौबतपुर में ननिर्मित स्टील पुल से गुजरते वाहन।
- फोटो : अमर उजाला।
चंदौली में कर्मनाशा नदी पर बने नए स्टील पुल पर रविवार से वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। अब इस पुल से बिहार से यूपी की ओर वाहन आ सकेंगे। अभी तक कर्मनाशा नदी पर बने अस्थायी पुल से वाहन आ रहे थे जो बारिश में डूब गया है। जबकि यूपी से बिहार जाने के लिए ब्रिटिश काल के बने पुराने पुल को एक महीने पहले ही खोला जा चुका है।
28 दिसंबर 2019 को चार लेन के पक्के पुल के पिलरों में दरार आने से यूपी से बिहार, झारखंड, बंगाल और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों का संपर्क कट गया था। तब आनन-फानन में पुल के दोनों ओर अस्थायी पुल बनाकर आवागमन शुरू किया गया था। लेकिन, अस्थायी पुल 30 जून तक के लिए ही बना था।
इस बीच एनएचएआई ने ब्रिटिश काल के पुराने पुल की मरम्मत शुरू कराकर जून में यूपी से बिहार से लिए वाहनों का आवागमन शुरू कराया था। जबकि बिहार से आने के लिए स्टील के पुल का निर्माण शुरू कर दिया था। जुलाई के प्रथम सप्ताह में इसकी लोड टेस्टिंग कराई गई।
टेस्टिंग में पास होने की रिपोर्ट आने के बाद रविवार को इसे खोल दिया गया। एनएचएआई के टेक्निकल मैनेजर नागेश सिंह ने बताया कि स्टील पुल के लोड टेस्टिंग की रिपोर्ट आने के साथ बिहार से यूपी की ओर आने वाले वाहनों का परिचालन रविवार से शुरू करा दिया गया है।