रेलवे आवास के बाहर पुलिस और जुटी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
मृतकों के परिजनों के मुताबिक, शनिवार की रात साढ़े आठ बजे के आसपास राजीव से वीडियो कॉल पर बात हुई थी। रविवार सुबह सात बजे से काशी स्टेशन पर ही राजीव की ड्यूटी थी, लेकिन वह स्टेशन पर निर्धारित समय से नहीं पहुंच सके। इस पर सेक्शन इंजीनियर ने राजीव को फोन किया, लेकिन बात नहीं हो सकी।
लिहाजा, सेक्शन इंजीनियर ने एक कर्मचारी को राजीव के आवास पर भेज दिया। वहां पहुंच कर्मचारी ने करीब 30 मिनट तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कर्मचारी ने सारी बात सेक्शन इंजीनियर को बताई, फिर उन्होंने आरपीएफ को सूचना दी।
कमरे की जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
आरपीएफ की टीम ने किसी तरह दरवाजा खोला तो बेड पर राजीव, उनकी पत्नी अनुपमा और ढाई साल के बेटे के शव पड़े थे। कमरे के अंदर धुआं भी भरा था, लेकिन अंगीठी बुझ चुकी थी। एक साथ तीन शव मिलने की सूचना से सनसनी फैल गई। आदमपुर पुलिस व आरपीएफ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और मामले की सूचना मृतकों के परिजनों को दी। सूचना जैसे ही सार्वजनिक हुई, वैसे ही आसपास के लोग जुट गए। एडिशनल सीपी और एडीसीपी वरुणा जोन ने भी घटनास्थल पर जाकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
अपर पुलिस आयुक्त अपराध व मुख्यालय संतोष कुमार सिंह
- फोटो : अमर उजाला
अपर पुलिस आयुक्त (अपराध व मुख्यालय) संतोष कुमार सिंह ने कहा कि दम घुटने या जहर खाने से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। किसी तरह की आपराधिक घटना नहीं है, क्योंकि दरवाजा अंदर से बंद था। शव पर कहीं भी किसी तरह के चोट के निशान नहीं हैं। कमरे के सभी सामान सुरक्षित हैं। आवास के अंदर और बाहर भी कुछ अव्यवस्थित नहीं मिला है। परिजनों के कहने पर ही मृतकों का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा।
इस घटना ने तीन साल पूर्व आदमपुर के मुकीमगंज नचनी कुआं की घटना को ताजा कर दिया। 14 फरवरी 2020 को पंखा कारोबारी चेतन तुलस्यान (45) ने पत्नी ऋतु (42), बेटे हर्ष (19) और बेटी हिमांशी (17) को नींद की गोली खिलाने के बाद उनकी गलाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद खुद फंदे पर लटक जान दे दी थी। खुदकुशी से पहले चेतन ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी थी। आर्थिक तंगी, आंखों की कम होती रोशनी समेत अन्य कारणों का अपने आठ पन्ने की सुसाइड नोट में चेतन ने खुदकुशी का जिक्र किया था।