राज्यमंत्री अनिल राजभर पीएम के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय में
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के रवींद्रपुरी स्थित पीएम के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय में केंद्रीय मंत्रियों के अलावा अब प्रदेश के मंत्री भी जनसुनवाई करेंगे। सोमवार को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनिल राजभर ने यहां जनसुनवाई की।
उन्होंने फरियादियों को जल्द समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन भी दिया। कार्यालय में बिजली, पानी, सड़क के अलावा जमीन पर कब्जे की शिकायतें आई। इन्हें निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा जाएगा।
पीएम के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय पहुंची कुछ महिलाओं ने मंत्री से परिजनों की नौकरी की गुहार लगाई ताकि उनके घर का खर्च चल सके। कार्यालय प्रभारी शिवशरण पाठक के अनुसार राज्यमंत्री भी नियमित रूप से संसदीय दफ्तर में जनता की समस्याएं सुनेंगे।
उधर, संसदीय दफ्तर पर शाश्वत मंच सोनभद्र के 12 सदस्य पहुंचे। वे अवैध खनन बंद करने की मांग करते हुए कार्यालय के बाहर बैठकर विरोध जताने लगे।
भेलूपुर पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। जब दफ्तर से कोई ज्ञापन लेने नहीं आया तो उन्होंने कहा कि लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से गुहार लगाएंगे।