सोनभद्र के राबर्ट्सगंज स्थित फ्लाई ओवर पर गुरुवार की भोर में खड़े ट्रक में एक बाइक अनियंत्रित होकर घुस गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। इसमें वीरेंद्र कुमार गौड़ (32) सशस्त्र सीमा बल का जवान है। दूसरा मृतक राजेश यादव (31) कृषक है। दोनों गाजीपुर के निवासी हैं औैर बाइक से मध्य प्रदेश के सिंगरौली जा रहे थे। एक युवक हेलमेट नहीं पहना था।
गुरुवार भोर में करीब तीन बजे राबर्ट्सगंज के मंडी समिति के समीप फ्लाई ओवर पर खड़े खाली ट्रक में पीछे से बाइक टकरा कर अंदर घुस गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर मदद की गुहार लगाने लगे। रास्ते से गुजर रहे एक व्यक्ति ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर कोतवाल सीपी पांडेय और कस्बा चौकी इंचार्ज पहुंच कर घायलों को ट्रक के अंदर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। उनकी जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर मृतक की शिनाख्त गाजीपुर के मुहम्दाबाद थाना क्षेत्र के तमलपुरा गांव निवासी वीरेंद्र कुमार गौड़ (32) और राजेश यादव (31) के रूप में हुई।
जख्मी भाई को देखने निकला था लेकिन रास्ते में मिली मौत
पुलिस ने युवकों के मोबाइल से उनके घरवालों को सूचना दी तो पता चला कि वीरेंद्र सशस्त्र सीमा बल में कांस्टेबल के पद पर झारखंड में तैनात है। दोपहर बाद मृतकों के घरवाले अस्पताल पहुंचे। शाम को पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया। जानकारी के मुताबिक, वीरेंद्र दो भाइयों में छोटा था।
उसका बड़ा भाई बीर बहादुर सिंगरौली के एक कंपनी में नौकरी करता है। कुछ दिन पूर्व बीर बहादुर करेंट की चपेट में आकर जख्मी हो गया था। भाई को देखने वीरेंद्र अपने साथी राजेश के साथ बाइक से सिंगरौली जा रहा था। दोपहर बाद पुलिस ने शवों का पीएम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया।
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले एसएसबी के जवान वीरेंद्र की चार नवंबर को सगाई होनी थी। सगाई के लिए ही वह अवकाश लेकर घर आया था। घर पर सगाई की तैयारी चल रही थी और उसमें शिरकत करने के लिए कई रिश्तेदार भी पहुंच गए थे। लेकिन ईश्वर को शायद वीरेंद्र की सगाई मंजूर नहीं थी।
बृहस्पतिवार को जैसे ही वीरेंद्र की मौत की खबर घरवालों को हुई कोहराम मच गया। प्रधान प्रति राजेश राय के साथ मृतक के पिता कृष्णो गोड़ और राजेश का भाई विनोद समेत कई लोग राबट्र्सगंज कोतवाली पहुंच गए।ं राजेश को तीन बेटे है।