डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा में हो रही प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता के चौथे दिन सात मुकाबले हुए। खेल निदेशालय और उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। दिन के अंतिम मुकाबले में वाराणसी मंडल की टीम ने बस्ती को 13-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसमें अकेले चांदनी ने हैट्रिक सहित पांच गोल किए। दिन का सातवां और अंतिम मुकाबला वाराणसी और बस्ती के बीच खेला गया। वाराणसी की ओर से चांदनी ने हैट्रिक सहित 5 गोल दागे, जबकि शालिनी और प्रतिमा ने भी 3-3 गोल किए। कोमल और पार्वती ने भी 1-1 गोल का योगदान दिया। इसके साथ ही वाराणसी की टीम ने यह मुकाबला 13-0 से जीत लिया। मैच के दौरान बस्ती की रक्षापंक्ति और गोलकीपर कई गोल रोकने में कामयाब भी रहे।
इसे भी पढ़ें; Famous Shiva Temple: यूपी के इस शिव मंदिर में यमराज भी हुए थे पराजित, बेलपत्र चढ़ाने से पूरी होती है मुराद
खेल छात्रावास में यूपी कॉलेज के दो खिलाड़ी चयनित
उदय प्रताप इंटर कॉलेज के दो खिलाड़ियों का चयन खेल छात्रावास के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी यूपी कॉलेज के खेलो इंडिया सेंटर में हॉकी का अभ्यास करते थे। इसमें श्रेयांश सिंह का चयन झांसी छात्रावास में जबकि सक्षम सिंह का चयन लखनऊ के खेल छात्रावास में हुआ है। खिलाड़ियों के चयन पर यूपी इंटर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश सिंह, कोच शशिकांत सिंह और सतीश नारायण सिंह ने बधाई दी है।
विवान और शिवांगी ने जीता स्वर्ण पदक
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से सिल्वर ग्रोव स्कूल में सोमवार को वीर योद्धा कराटे चैंपियनशिप का आयोजन हुआ। जूनियर वर्ग में विवान सिंह, लाइट वेट में अर्पित सिंह, हैवी वेट में रमन ने स्वर्ण पदक जीता जबकि छात्राओं में शिवांगी ने स्वर्ण पदक जीता। मुख्य अतिथि पूर्व प्रांत प्रमुख एबीवीपी विनय पांडेय ने खेल शुरू कराया। उन्होंने कहा कि खेल से छात्र का सर्वांगीण विकास होता है। विशिष्ट अतिथि जिला संयोजक राजमंगल सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर विजय राज यादव, दिलीप चौरसिया, हर्ष सिंह, हरि ओम सिंह, मौजूद रहे।
बालक वर्ग में उजैफा और बालिका में अदिति ने जीते अपने मुकाबले
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सहायक निदेशक डॉ. खुर्शिद अहमद के नेतृत्व में सोमवार को खिलाड़ियों को लंबी कूद, ऊंची कूद और दौड़ का अभ्यास कराया गया। फाइनल में 400 मीटर दौड़ में उजैफा और बालिका वर्ग में अदिति ने जीत हासिल की। कोच डॉ. खुर्शिद ने बताया कि आगामी प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखकर खिलाड़ियों को दो सत्र में सुबह साढ़े छह से आठ बजे और शाम को तीन से छह बजे तक अभ्यास कराया जा रहा है। इसमें खिलाड़ियों की स्ट्रैंथनिंग के अलावा, पावर रन, फिनिश लाइन टच, जंप की अलग-अलग तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि दौड़ की जरूरत है हर खेल में पड़ती है। दौड़ की प्रतियोगिता में अजीत गोंड, सुरज पटेल, सर्वेश, नेहा पटेल ने स्थान हासिल किया।
सीबीएसई क्लस्टर तैराकी में काशी के 7 खिलाड़ियों ने जीते 19 पदक
सीबीएसई क्लस्टर ईस्ट जोन तैराकी प्रतियोगिता में वाराणसी के सात तैराकों ने 19 पदक जीते हैं। इसमें सिगरा की गायत्री ने तीन स्वर्ण और एक रजत सहित कुल चार पदक हासिल किए। यह प्रतियोगिता पटना के डीपीएस पूर्वी में खेली जा रही है। सिगरा स्टेडियम स्विमिंग कोच कनाई चंद तालापात्रा ने बताया कि अंडर-14 बालिका वर्ग में गायत्री ने 200 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा, 100 और 200 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण जबकि 400 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत पदक जीता। इज्या सिंह ने 100, 200 और 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्वर्ण पदक जीता।
बालक वर्ग में आरव यादव ने 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले, 100 मीटर बैकस्ट्रोक में कांस्य पदक और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में रजत पदक जीता। अंडर-17 में अंगद विश्वकर्मा ने 200, 400 और 200 मीटर की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जबकि 100 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत पदक हासिल किया। गौरव सेन गुप्ता ने 800 मीटर फ्रीस्टाइल में स्वर्ण और 400 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत पदक, आदर्श शर्मा ने 800 मीटर फ्रीस्टाइल और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में कांस्य पदक, अनुकल्प जायसवाल ने 50 मीटर बटरफ्लाई में कांस्य पदक जीता।