प्रमाण पत्र लेते हुए दधिबल।
- फोटो : अमर उजाला
59 साल के दधिबल ने जीता 82वां पदक
युवरानी एथलेटिक्स समिति की ओर से 44वीं नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप राजस्थान अलवर में खेली गई। इसमें 59 साल के दधिबल चौहान ने 82वां पदक जीत लिया।
छह से आठ फरवरी तक खेली गई प्रतियोगिता में रामनगर निवासी दधिबल ने 10 किमी दौड़ में रजत जबकि पांच किमी वॉक रेस में स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले बंगलूरू में साउथ एशिया मास्टर एथलेटिक्स ओपन रेस वाॅक में दधिबल ने रजत जीता था। आईयूसीटीई के निदेशक प्रेम नारायण सिंह ने उन्हें बधाई दी।
गीता की हैट्रिक से प्रयागराज की टीम चैंपियन
बीएचयू के एंफीथियेटर में राष्ट्रीय बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल पश्चिम बंगाल और प्रयागराज टीम के बीच हुआ। प्रयागराज की टीम ने लेफ्ट फॉरवर्ड खिलाड़ी गीता की हैट्रिक से मुकाबला 5-1 से जीत लिया। मैच का पहला गोल पश्चिम बंगाल की सुरभि ने किया। जवाब में प्रयागराज की रेशमा ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। दूसरे हाफ में गीता ने लगातार तीन गोल कर टीम को प्रयागराज को चैंपियन बना दिया।
महिला कुश्ती टीम अंबेडकर नगर रवाना
ओपन स्टेट आमंत्रण महिला कुश्ती प्रतियोगिता 10 से 12 फरवरी तक अंबेडकर नगर में खेली जाएगी। गोरख यादव ने बताया कि जिले की कुश्ती टीम रविवार को कैंट स्टेशन से अंबेडकर नगर रवाना हुई। टीम में नेहा पाल, करिश्मा त्रिपाठी, रचना, राजनंदनी, ख्वाहिश यादव, खुशबू , साक्षी, अर्पिता, लक्ष्मी गुप्ता और सृष्टि शामिल हैं।
स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी और बीएचयू की टीम ने एकतरफा जीत दर्ज की
मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर में रविवार को अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। पहले दिन चार मुकाबले खेले गए। इसमें स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी और बीएचयू ने एकतरफा जीत दर्ज की। दो मुकाबले बराबरी पर छूटे।
इस प्रतियोगिता में 12 शीर्ष टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी ने देवरिया को 10-0 से हराया। झांसी की ओर से प्रद्युम्न यादव, विवेक यादव, अंकित पटेल, अक्षत वर्मा, अर्जुन यादव, राजीव रंजन, अखिलेश यादव और राघवेंद्र सिंह ने गोल किए।
दूसरे मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई और मेघबरन सिंह हॉकी अकादमी, करमपुर के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली, जो 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। सैफई की ओर से हिमांशु और राम हंस ने गोल किए, जबकि करमपुर की ओर से प्रह्लाद और मोनू ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर बराबर किया।
तीसरे मैच में स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी और अश्विनी स्पोर्ट्स अकादमी मैसूर आमने-सामने थे। यह मुकाबला भी 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। वाराणसी के लिए मोहित और आदित्य पाल ने गोल किए, जबकि मैसूर की ओर से अमरजीत और अब्दुल ने शानदार प्रदर्शन कर स्कोर को बराबर किया। चौथा मैच बीएचयू और पटना के बीच खेला गया। इसमें बीएचयू ने 7-0 से जीत हासिल की।
कराटे बेल्ट परीक्षा में विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
कराटे बेल्ट परीक्षा में 51 खिलाड़ी हुए पास
मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की ओर से रविवार को बेलवारिया स्थित गुरुकुल इंग्लिश स्कूल में कराटे बेल्ट परीक्षा हुई। इसमें 51 खिलाड़ी पास हुए। अकादमी के अध्यक्ष भिक्षु चंदिमा थेरो और महासचिव किसलय मानव ने बताया कि यलो बेल्ट में 34, औरेंज बेल्ट में 5, ग्रीन बेल्ट में 7, ब्लू बेल्ट में 2, पर्पल बेल्ट में 2 और ब्राउन बेल्ट में 4 खिलाड़ी पास हुए।
खिलाड़ियों को गुरुकुल इंग्लिश स्कूल के प्रधानाचार्य अरुण अग्रवाल, उप प्रधानाचार्य रेनू विश्वकर्मा तथा मानव अकादमी के श्वेत प्रकाश यादव, डॉ. बृजेश भारती, विश्वनाथ मौर्या, निकेता श्रीवास्तव इत्यादि पदाधिकारियों ने बेल्ट एवं सर्टिफिकेट प्रदान किया।
हरीश के प्रदर्शन से नवयुवक मंगल दल विजयी
ग्राम पंचायत गौराकला स्थित गांधी इंटर कॉलेज मैदान में रविवार को स्वर्गीय रामप्रताप यादव स्मृति कबड्डी खेली गई। फाइनल में नवयुवक मंगल दल गौरा कला की टीम ने मातेश्वरी क्लब बावनबीघा की टीम को 30-28 से हराकर ट्राफी जीती। इस जीत में बेस्ट रेडर हरीश सिंह शानदार प्रदर्शन किया।
इसमें वाराणसी के अलावा चंदौली, गाजीपुर मऊ जिले की 22 टीमें शामिल रहीं। शुभारंभ महादेव पीजी कॉलेज बरियासनपुर के प्रबंधक अजय सिंह ने किया। रेफरी रामप्रसाद पाल, राजेश यादव, मंगला गुप्ता रहे। राजेश प्रसाद, मंगला गुप्ता मौजूद रहे।
बरेका खेल मैदान में क्रिकेट खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
लक्ष्मी शंकर की बल्लेबाजी से सिविल डिपो जीती
खेल संघ की ओर से बरेका खेल मैदान पर अंतर विभागीय क्रिकेट के दो मैच खेले गए। इसमें लोको-1 और सिविल व भंडार डिपो की टीम ने अपने अपने मुकाबले जीतकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया है। पहले मैच में लक्ष्मी शंकर की बल्लेबाजी से सिविल एवं भंडार डिपो की टीम ने प्लांट डिविजन को 50 रन से हरा दिया।
सिविल एवं भंडार डिपो ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 191 रन बनाए। इसमें लक्ष्मी शंकर यादव ने 52 और इमरान ने नाबाद 29 रन बनाए। अमित सिंह (44 रन) और सुनीत (18 रन) ने भी अहम योगदान दिया।
प्लांट डिविजन के गेंदबाज सूर्यदेव सिंह और बलवंत ने क्रमशः 26 और 29 रन देकर 1-1 विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्लांट डिविजन की टीम विकेट पर 141 रन सिमट गई। इसमें फैज अहमद ने 51 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जिताने में नाकाम रहे। मैन ऑफ द मैच का खिताब लक्ष्मी शंकर यादव को दिया गया।
दूसरा मैच लोको-1 और इंजन डिविजन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंजन डिविजन की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 163 रन अमन शेख (46 रन) और मृत्युंजय सिंह (29 रन) ने बेहतरीन पारियां खेली, जबकि लोको-1 की तरफ से मजहर कमाल ने 26 रन देकर 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए लोको-1 ने केवल 16 ओवरों में 2 विकेट खोकर 164 रन बनाकर जीत हासिल की। सुरेंद्र गौड़ की नाबाद 69 रन की पारी ने लोको-1 को विजय दिलाई।
वाराणसी वेटरंस ने शाहजहांपुर को हराया
यूपी वेटरंस क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से क्रिकेट प्रतियोगिता रविवार को रमापुरा के जयनारायण इंटरमीडिएट कॉलेज मैदान पर खेला गया। इसमें वाराणसी वेटरंस की टीम ने नौ विकेट से शाहजहापुर की टीम को हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी शाहजहांपुर की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 70 रन बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी वाराणसी की टीम 14 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।