फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खेल की खबरें: तीन मैचों में पांच अंक लेकर पूर्वांचल विवि ने जीता खिताब, नई तकनीक सीखी; वाराणसी में प्रतियोगिता

Sun, 01 Nov 2026 10:35 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

न मैचों में पांच अंक हासिल कर पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीय हॉकी प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया। प्रतियोगिता में विद्यापीठ की टीम उपविजेता रही, जबकि काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता में टीमों के बीच खिताबी मुकाबले को लेकर कड़ा संघर्ष देखने को मिला। आइए जानते हैं खेल की अन्य खबरें...
विज्ञापन
हाॅकी प्रतियोगिता में खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय हॉकी शनिवार को संपन्न हो गई। पांच दिवसीय प्रतियोगिता नॉकआउट कम लीग के आधार पर खेली गई। इसमें तीन मैच में दो जीत एक हार से पांच अंक लेकर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विवि, जौनपुर की टीम पूर्वी जोन अंतर विश्वविद्यालयीय हॉकी का विजेता बन गया। विद्यापीठ की टीम दो मैच से चार अंक लेकर उपविजेता जबकि बीएचयू की टीम को तीसरा स्थान मिला। 

विज्ञापन


प्रतियोगिता में 11 राज्यों के 22 टीमों ने हिस्सा लिया। दूसरे दिन के पहले मुकाबले में काशी विद्यापीठ की टीम ने संबलपुर विवि को 6–0 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विवि ने बीएचयू की टीम को 6–2 से हराया। इस जीत के साथ वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विवि ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 

प्रतियोगिता में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विवि, जौनपुर को पहला स्थान दूसरा स्थान काशी विद्यापीठ, तीसरा स्थान बीएचयू जबकि चौथा स्थान संबलपुर विवि की टीम ने हासिल किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित ओलंपियन राजकुमार पाल ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। अध्यक्षता बीएचयू के कुलसचिव राजन श्रीवास्तव ने की। 

विज्ञापन
Trending Videos

बीएचयू में ऑनलाइन पाठ्यक्रम तैयार करने की नई तकनीक सीखी
बीएचयू में शनिवार को ऑनलाइन पाठ्यक्रम को अधिक रुचिकर और प्रभावी बनाने के लिए एक दिवसीय कार्यशाला हुई। इसमें 30 शिक्षकों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने डिजिटल शिक्षा में नई तकनीकों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस्तेमाल की जानकारी दी। कार्यशाला में शिक्षकों को ऑनलाइन पढ़ाई की सामग्री को सरल, रुचिकर और प्रभावी बनाने के तरीके बताए गए। 

साथ ही ऑनलाइन पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और पाठ्यक्रम तैयार करने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता व अन्य डिजिटल साधनों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। उद्घाटन समारोह में जीआईजेड इंडिया की परियोजना प्रमुख मणि प्रियांशी, केपीएमजी इंडिया के निदेशक दिवाकर गुप्ता, प्रबंधक आकांक्षा गुलिया, प्रबंध शास्त्र संकाय के निदेशक प्रो. आशीष बाजपेयी, संकायाध्यक्ष प्रो. एसके दुबे और  राष्ट्रीय समन्वयक प्रो. आशुतोष मोहन मौजूद रहे। 

शुभम ने टूर्नामेंटमें किए 11 गोल, वाराणसी क्लब चैंपियन
मोनिका गुप्ता के खेल की बदौलत वाराणसी क्लब ने शनिवार को हॉकी वाराणसी के तत्वावधान में हुई सरदार वल्लभ भाई पटेल मिक्सड सेवन साइड हॉकी प्रतियोगिता में इंपीरियल क्लब को 1-0 से पराजित कर खिताब जीत लिया। शुभम पूरे टूर्नामेंट में 11 गोल कर टीम के हीरो रहे।

आईसीटी प्रतियोगिता में अब्दुर्रहमान रहे अव्वल, राज्य स्तर के लिए चयन
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), सारनाथ में आयोजित जिला स्तरीय आईसीटी प्रतियोगिता में सेवापुरी विकासखंड के पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय ठटरा (प्रथम) के सहायक अध्यापक अब्दुर्रहमान ने पहला स्थान हासिल किया। उनका चयन राज्य स्तरीय आईसीटी प्रतियोगिता के लिए एससीईआरटी, लखनऊ में हुआ है। प्रतियोगिता में जिले के नौ विकासखंडों के कुल 45 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। शिक्षकों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से शिक्षण कार्य में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) के उपयोग से संबंधित प्रस्तुतियां दीं। निर्णायक मंडल में वरिष्ठ प्रवक्ता क्षमा शंकर पांडेय, मनोज कुमार और एस. शर्मा शामिल रहे। डायट के उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ल ने तीनों विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और डायरी देकर सम्मानित किया। 

9 साल के शिवाय यूथ शतरंज में उपविजेता
गुजरात के राजपथ क्लब में संपन्न हुई वेस्टर्न यूथ शतरंज चैंपियनशिप में वाराणसी के शिवाय सिंह ने अंडर-10 आयुवर्ग में चैंपियन के बराबर अंक अर्जित किए। बुखोल्ज़ पॉइंट में आधा अंक कम होने के कारण उपविजेता रहे। शिवाय इस साल दो फीडे इंटरनेशनल टूर्नामेंट के ओपन वर्ग में चैंपियन, सीबीएसई जोनल 2026, अंडर-19 में चैंपियन रहे हैं। द आर्यन इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा चार में पढ़ने वाले शिवाय ने 9 साल की उम्र में 1900 से ज्यादा रेटिंग प्राप्त की है। 

125 निशानेबाजों ने लगाया निशाना
जिला प्रशासन और जिला राइफल क्लब के संयुक्त तत्वावधान में सांसद खेल जिला शूटिंग प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्रा ने राइफल चलाकर शुभारंभ किया। शनिवार को हुई प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के लगभग 125 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया।

रामनगर की अल्पना ने थांगता में जीता कांस्य
नई दिल्ली में 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय थांगता प्रतियोगिता के पहले दिन वाराणसी की अल्पना यादव ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने अंडर-19 वर्ग के 58 किलोग्राम भार वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की। यह प्रतियोगिता त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित की जा रही है। 

प्रादेशिक एथलेटिक्स शुरू 
डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 31 अक्तूबर से 1 नवंबर तक प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता होगी। उत्तर प्रदेश खेल विभाग और एथलेटिक संघ के समन्वय से इसमें प्रदेश के 18 मंडलों की टीमें भाग ले रही हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार सिंह ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। 

बेल्ट परीक्षा में 110 खिलाड़ी सफल
ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल चांदमारी में शनिवार को कराटे कलर बेल्ट परीक्षा हुई। परीक्षा में लगभग 110 खिलाड़ी पास हुए। परीक्षा में येलो बेल्ट, ऑरेंज बेल्ट, ग्रीन बेल्ट, ब्लू बेल्ट, पर्पल बेल्ट, रेड बेल्ट एवं ब्राउन बेल्ट के लिए परीक्षण हुआ। प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन यूनियन शोतोकान कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया के निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया। 

बैडमिंटन-मुक्केबाजी में खेले 700 खिलाड़ी 
काशी सांसद खेलकूद स्पर्धा के तहत सिगरा स्टेडियम में बैडमिंटन, मुक्केबाजी और एथलेटिक्स प्रतियोगिता हुईं। इनमें 1700 से ज्यादा खिलाड़ी शामिल हुए।   सनबीम स्कूल वरुणा में तीन दिवसीय काशी सांसद रिंग टेनिस टूर्नामेंट शनिवार को संपन्न हुई। अंतिम दिन 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के परिणाम घोषित किए गए। पुरुष एकल में वेदांत जायसवाल विजेता और आदित्य अग्रवाल उपविजेता रहे। महिला एकल में श्रेया यादव ने खिताब जीता, जबकि अनुष्का त्रिपाठी उपविजेता रहीं। पुरुष युगल का खिताब अंकेश यादव और वेदांत की जोड़ी ने जीता। 

प्रादेशिक स्केटिंग में काशी को 14 पदक
12वीं उत्तर प्रदेश स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में वाराणसी के खिलाड़ियों ने 14 पदक जीते। यह चैंपियनशिप 24 से 30 अक्तूबर तक मेरठ में हुई। प्रतियोगिता में क्वॉड्स और इनलाइन स्केट्स के साथ आठ आयु वर्गों में स्पर्धाएं हुईं। इसमें 500 मीटर, 1000 मीटर रिंक रेस और रोड रेस शामिल थीं। 

10 किमी तक दाैड़े 30 हजार खिलाड़ी 
लाैहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर पूरे शहर में 30 हजार से ज्यादा एथलीट, खिलाड़ी रन फाॅर यूनिटी के तहत 10 किमी तक दाैड़े। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से शनिवार सुबह रन फॉर यूनिटी का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित चतुर्वेदी और रजिस्ट्रार डॉ. राजन श्रीवास्तव ने झंडा दिखाकर खिलाड़ियों को रवाना किया।

आयोजन सचिव क्रीड़ा परिषद के उप निदेशक डॉ. खुर्शीद अहमद ने संचालन किया, धन्यवाद ज्ञापन डॉ धीरेंद्र तिवारी ने दिया। क्रीड़ा परिषद की उपाध्यक्ष प्रो. अर्चना सिंह, महासचिव प्रो. एके नेमा ने अध्यक्षता की। 

बरेका में गूंजे एकता के नारे : बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में महाप्रबंधक आशुतोष पंत के निर्देशन में रन फॉर यूनिटी में बरेका परिवार के अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने बरेका इंटर कॉलेज चौराहे पर दौड़ को हरी झंडी दिखाई। कंपोजिट/प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती, परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में भी दाैड़ हुई। वहीं, खेलो इंडिया सेंटर और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के एसटीसी वाराणसी सेंटर की ओर से खिलाड़ियाें ने दाैड़ लगाकर लाैहपुरुष को याद किया।

रेस वॉक में विनीत ने जीता स्वर्ण
70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शनिवार को विनीत सिंह पटेल ने अंडर 17 बालक वर्ग में हुए 5000 मीटर वॉक रेस में स्वर्ण पदक जीता। प्रयागराज में शनिवार को शुरू हुई इस प्रतियोगिता में विनीत ने 22 मिनट 50 सेकंड समय लेकर पहला स्थान प्राप्त करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया। विनीत के पिता कुलदीप पटेल बरेका में कार्यरत है।  विकास एजुकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ एके सिंह, संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल दिनेश कुमार सिंह ने बधाई दी।

टाई ब्रेकर में भी बराबरी पर छूटा मुकाबला सडनडेथ में पर्व के गोल से वाराणसी जीता
खेल विभाग की ओर से सिगरा स्टेडियम में आयोजित आठ दिवसीय प्रादेशिक फुटबॉल प्रतियोगिता शुक्रवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के फाइनल मैच में निर्धारित समय तक एक गोल नहीं हुआ। इसके बाद मैच निर्णय के लिए टाई ब्रेकर का सहारा लिया गया लेकिन इसमें दोनों टीम ने 5-5 गोल किए। इसके बाद सडन डेथ नियम में वाराणसी ने पर्व कुमार के निर्णायक गोल से कानपुर मंडल को 6-5 के स्कोर से हरा दिया। सिगरा स्टेडियम के घास के मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले को बारिश के चलते धीमा खेला गया। 

वाराणसी के खिलाड़ियों ने कानपुर के गोल पोस्ट पर दबाव बनाते हुए गोल करने का प्रयास किया जिसे गोलकीपर ने विफल कर दिया। कानपुर की ओर से राजीव राणा, प्रथम और स्थानापन्न खिलाड़ी आदर्श ने दूसरे हाफ में प्रयास किए। इसे वाराणसी के गोलकीपर ने नाकाम कर दिया। फुल टाइम तक मैच गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ। निर्धारित समय में मैच ड्रॉ रहने पर हार-जीत का निर्णय करने के लिए टाई ब्रेकर का सहारा लिया गया। 

इसमें दोनों टीम को 5-5 पेनल्टी शूटआउट में स्कोर किया लेकिन मुकाबला बराबरी पर रहा। इसके बाद मैच का निर्णय लेने के लिए सडन डेथ नियम का सहारा लिया गया। इसमें वाराणसी के पर्व कुमार ने गोल किया लेकिन कानपुर के पीयूष के तेज शॉर्ट को वाराणसी के गोलकीपर आकाश ने बचाव कर लिया। इसके साथ ही वाराणसी मंडल की टीम को 6-5 से ट्रॉफी अपने नाम कर लिया। पेनल्टी शूटआउट में वाराणसी की ओर से अंकित सिंह, मोहसिम, जावेद, राशिद, प्रशांत और पर्व कुमार जबकि कानपुर की ओर से आदर्श, रोहित, कबीर, निखिल, प्रथम ने गोल किए। 

सडनडेथ तब लागू होता है जब कोई नॉकआउट मुकाबला अतिरिक्त समय या शुरुआती 5 पेनल्टी किक्स के बाद भी बराबरी पर रहता है। फुटबाॅल में निर्धारित समय तक बराबरी पर रहने पर टाई ब्रेकर में दोनों टीमों को बाॅल शूट का माैका मिलता है। 

रिंग टेनिस टूर्नामेंट में श्रेयांस और सारा जीतीं
सनबीम स्कूल वरुणा में चल रहे काशी सांसद रिंग टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दिन अंडर-18 वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले गए। इसमें बालक और बालिका एकल और युगल वर्ग के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। आयोजन सचिव मनीषा रानी ने बताया कि बालक एकल वर्ग में श्रेयांश जायसवाल विजेता और अंकेश यादव उपविजेता रहे। बालिका एकल में सारा हाशमी ने जीत दर्ज की, जबकि समरा नाज उपविजेता रहीं।

वेटलिफ्टिंग में बालिकाओं ने दिखाया दम
श्रीवल्लभ विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज भैरोनाथ में जिलास्तरीय वेटलिफ्टिंग टूर्नामेंट हुआ। इस प्रतियोगिता में विभिन्न अलग-अलग भार और आयुवर्ग के बालक बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने स्नैच और क्लीन एंड जर्क स्पर्धाओं में ताकत और तकनीक का प्रदर्शन किया। अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. मुक्ता पांडेय ने की। कुमुद, नंदनी, अंशिका, सान्वी, समीना, गाैरी, लक्ष्मी दुबे जीती।

यूपी काॅलेज और राजर्षि क्लब को मिली जीत
काशी सांसद बास्केटबॉल सनबीम स्कूल वरुणा में खेली गई। 11-14 वर्ष बालक वर्ग में उदय प्रताप इंटर कॉलेज ने सेंट अतुलानंद रेजिडेंशियल एकेडमी को 36-12 से, राजर्षि क्लब ने 11-14 वर्ष बालिका वर्ग का खिताब सनबीम भगवानपुर को 13-9 से हराया। अंडर-11 बालक वर्ग का खिताब ग्रीन वैली ने सनबीम वरुणा को 15-2 से और अंडर-11 बालिका वर्ग में सनबीम वरुणा ने सनबीम सारनाथ को 4-2 से पराजित किया। संचालन आयोजन सचिव विभोर भृगुवंशी ने किया।

सिगरा में चुनी जाएगी टेबल टेनिस की टीम
प्रादेशिक टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए जिले की टीम का ट्रायल शनिवार 31 अक्तूबर और मंडलीय टीम का चयन एक नवंबर को सिगरा स्टेडियम में हाेगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों का चयन ट्रायल सुबह दस बजे से होगा। मंडलीय टीम के चयन ट्रायल में चार जिलों के खिलाड़ी शामिल होंगे। 

स्लाइडिंग और फॉलिंग शॉर्ट से सेमीफाइनल में पहुंची हैंडबॉल की टीम
प्रादेशिक प्रतियोगिता में वाराणसी के खिलाड़ियों ने स्लाइडिंग और फॉलिंग शॉर्ट से स्कोर करते हुए प्रयागराज मंडल को 17-8 गोल से पराजित किया। झांसी के मेजर ध्यान चंद स्टेडियम में खेले गए इस मैच में वाराणसी मंडल की टीम ने शुरू से तेज खेल का प्रदर्शन किया। 

प्रयागराज की टीम जब तक संभलती तब तक वाराणसी मंडल की टीम 4-0 गोल से आगे हो चुकी थी। प्रयागराज मंडल की टीम ने भी कई बार वाराणसी मंडल के गोलमुख पर हमले किए। हाफ टाइम तक स्कोर वाराणसी मंडल के पक्ष में 10- 6 था।  मैच समाप्त होने पर वाराणसी मंडल की टीम 17-8 गोल से आगे थी। वाराणसी मंडल की तरफ से काजल, रेशमा, स्नेहा, सताक्षी और प्रीति यादव ने पांच-पांच और प्रीति पटेल ने दो गोल किए। 

दो को होगा एथलेटिक्स टीम का चयन ट्रायल
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में एथलेटिक्स, आर्म कुश्ती और ताईक्वांडो टीमों का चयन ट्रायल होगा। एथलेटिक्स (महिला/पुरुष) टीम का चयन दो नवंबर को सुबह 7:30 बजे से होगा। आर्म कुश्ती (महिला/पुरुष) और ताईक्वांडो (महिला/पुरुष) टीमों का चयन छह नवंबर को 11 बजे से 11:30 बजे तक होगा। क्रीड़ा परिषद सचिव डॉ. ऊर्जस्विता सिंह ने बताया, चयन अंतर महाविद्यालयीय प्रतियोगिता 2026-27 के लिए होगा। 

लालपुर में तीन को होगा हैंडबॉल टीम का ट्रायल
खेल विभाग और हैंडबॉल संघ की ओर से प्रस्तावित सब जूनियर प्रादेशिक हैंडबॉल आजमगढ़ में खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता में वाराणसी और मंडल की टीम का चयन ट्रायल लालपुर स्टेडियम में होगा। प्रादेशिक प्रतियोगिता 4 से 7 नवंबर तक स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ में होगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि जिले की टीम का चयन ट्रायल 3 नवंबर को होगा। खिलाड़ियों को पात्रता प्रमाण-पत्र, जन्म तिथि प्रमाण-पत्र और प्रमाण-पत्र साथ लाना होगा। 

विद्यापीठ रस्साकशी टीम का चयन छह को
क्रीड़ा परिषद, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में विश्वविद्यालय परिसर की रस्साकशी टीम का चयन छह नवंबर को होगा। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की सचिव डॉ. ऊर्जस्विता सिंह ने बताया कि टीम में विश्वविद्यालय परिसर, एन.टी.पी.सी., गंगापुर परिसर, भैरव तालाब परिसर के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। डॉ. राधेश्याम राय से संपर्क कर सकते हैं। 

मंडल के लिए 85 तैराकों ने दिया दिया ट्रायल
प्रादेशिक तैराकी प्रतियोगिता के लिए जिले की टीम का ट्रायल शुक्रवार शाम सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। मंडलीय टीम का हिस्सा बनने के लिए जिले के 85 तैराकों ने ढ़ाई घंटे ट्रायल दिया। जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि जिले के चयनित खिलाड़ी शनिवार को मंडलीय टीम के लिए ट्रायल देंगे। टीम के चयन ट्रायल में गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली और वाराणसी के खिलाड़ी शामिल होंगे। इसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी प्रादेशिक तैराकी प्रतियोगिता में खेलने रायबरेली जाएंगे। 

वाराणसी क्लब और इंपीरियल के बीच होगी खिताबी टक्कर
जिला हॉकी संघ की ओर से खेली जा रही जिलास्तरीय सरदार वल्लभ भाई पटेल मिक्स्ड सेवन ए साइड हॉकी में अपने-अपने मुकाबले में जीत वाराणसी क्लब और इंपीरियल क्लब फाइनल में पहुंच गईं हैं। शुक्रवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में इंपीरियल क्लब ने हॉकी वाराणसी के तत्वावधान में खेली जा रही प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में स्टार क्लब को 3-2 से पराजित किया। दूसरे सेमीफाइनल में वाराणसी क्लब ने रॉयल क्लब को 4-1 से परास्त कर फाइनल तक का सफर तय किया।

डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल बड़ा लालपुर में खेले गए पहले सेमीफाइनल में इंपीरियल क्लब और स्टार क्लब के खिलाड़ियों ने तेज खेल का प्रदर्शन किया। दोनों ही टीमों ने छोटे-छोटे पास के सहारे खेला। 

खेल के 10वें मिनट में मोहित गौड़ ने आंचल के सटीक पास पर गोल कर इंपीरियल क्लब को 1-0 की बढ़त दिला दी। दो मिनट बाद स्टार क्लब के मृत्युंजय ने एकल प्रयास से गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। हाफ टाइम तक यही स्कोर कायम रहा। 

दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने अपनी-अपनी रणनीति में बदलाव किया। 24वें मिनट में इंपीरियल क्लब के गौरव गुप्ता ने पुश शॉट से गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। चार मिनट बाद स्टार क्लब के वंश पटेल ने दर्शनीय गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया।

मैच समाप्त होने से दो मिनट पहले इंपीरियल क्लब की आंचल ने स्लैप हिट से गोल कर अपनी टीम को जीत दिला दी। दूसरे सेमीफाइनल में पूरी प्रतियोगिता में एक मैच भी न हारने वाली वाराणसी क्लब की टीम ने शुरू से लेफ्ट विंग से रॉयल क्लब के ऊपर आक्रमण किया। 

मोनिका गुप्ता ने आठवें मिनट में रिवर्स फ्लिक से गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। 15वें मिनट में रॉयल क्लब के शिवांश ने एकल प्रयास से गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। स्कोर बराबर होने के बाद वाराणसी क्लब की टीम ने दोगुने उत्साह से आक्रमण करना शुरू किया। 

हाफ टाइम से दो मिनट पहले करन यादव ने प्राची के माइनस पास पर गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। दूसरे हाफ में वाराणसी क्लब की टीम ने सेंटर से आक्रमण की नीति अपनाई। 28वें मिनट में निकिता के क्रॉस पास पर मोनिका गुप्ता ने शानदार गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। चार मिनट बाद करन यादव ने बेहतरीन स्टिक वर्क दिखाते हुए गोल कर स्कोर 4-1 कर दिया। मैच समाप्त होने तक यही स्कोर बरकरार रहा।

एक जीत और एक ड्रॉ खेल पूर्वांचल विवि शीर्ष पर
बीएचयू के विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय हॉकी (पुरुष) प्रतियोगिता में शुक्रवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए। यह प्रतियोगिता शनिवार तक खेली जाएगी। लीग मैच में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम ने दो मैच में एक जीत और एक ड्रॉ खेलकर तीन अंक हासिल किया है।

विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. एके नेमा ने बताया लीग मैच के पहले दिन चार मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की टीम ने बीएचयू की टीम को रोमांचक मुकाबले 6-4 गोल से हरा दिया। दिन के दूसरे मुकाबले में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय और संबलपुर विश्वविद्यालय का मैच 4-4 गोल से बराबरी पर रहा।

n चौथे मुकाबले में बीएचयू ने संबलपुर विश्वविद्यालय को 2-1 गोल से हरा दिया। लीग मुकाबले के पहले दिन बीएचयू को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने हराया जबकि विद्यापीठ की टीम को पूर्वांचल विश्वविद्यालय को हराकर मुकाबला रोमांचक बना दिया है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, डॉ. प्रदीप खलखो, डॉ. खुर्शीद, डॉ. प्रमोद यादव, डॉ. हरि राम यादव, डॉ. धीरेंद्र तिवारी, डॉ. वैभव राय मौजूद रहे।

रन फॉर यूनिटी: सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर परमानंदपुर स्टेडियम से लालपुर तक हुई दौड़
लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में 29 अक्तूबर को विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर की ओर से जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में 8 खेलों के 10 हजार से ज्यादा एथलीटों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता का संदेश दिया। रैली में 3085 बालिकाएं भी शामिल रहीं।

बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। विद्यालय परिसर से निकली रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए बड़ा लालपुर स्टेडियम पहुंची। संयोजक डॉ. एके सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया। एडीएम प्रोटोकॉल विनय सिंह, भागवत सिंह, विकास सिंह, संजय सिंह, अभय प्रजापति और विनय पटेल शामिल थे। संचालन आशुतोष कुमार पांडेय ने किया।

सरदार पटेल की याद में रन फॉर यूनिटी में आठ खेलों के 10 हजार सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के अलावा वरिष्ठ वर्ग के खिलाड़ियों ने परमानंदपुर से लालपुर स्टेडियम तक दौड़ लगाई। -डॉ. एके सिंह, प्रधानाचार्य विकास इंटर कॉलेज

सरदार पटेल ने देश की एकता अखंडता के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शिवपुर विधानसभा के खिलाड़ियों ने दौड़ लगाई। -अनिल राजभर, श्रम मंत्री यूपी।

रस्साकशी के बेस्ट ऑफ थ्री में रमन हाउस ने मारी बाजी
बाल खेल मेला में रस्साकशी प्रतियोगिता के बेस्ट ऑफ थ्री मुकाबले में रमन हाउस ने सुभाष हाउस को 2-1 से पराजित कर विजेता बना। परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में हुए मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। एक समय स्कोर 1-1 रहा। तीसरे और अंतिम दौर में खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। रस्सी को अपनी ओर खींचने के लिए दोनों टीमों ने पूरी ताकत लगाई और बेहतर तालमेल का परिचय दिया। विजेता टीम में आलोक यादव, लकी पटेल, अनूप यादव, आर्यन राजभर, प्रिंस पटेल, आयुष सिंह, नैतिक गुप्ता और रिशू गुप्ता शामिल रहे। संयोजक सरिता दुबे और सुनीता पटेल ने बताया कि बारिश के के कारण मैदान गीला हो गया। घास के मैदान पर मुकाबला कराया गया। 

प्रादेशिक तैराकी के लिए कल सिगरा में ट्रायल
प्रादेशिक तैराकी प्रतियोगिता के लिए जिले की टीम का ट्रायल शुक्रवार 30 अक्तूबर और वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल 31 अक्तूबर शनिवार को सिगरा स्टेडियम के स्वीमिंग पूल में होगा। जिला क्रीड़ाधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि वाराणसी जिले मंडल के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल शाम चार बजे से होगा। मंडलीय टीम के लिए गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली के खिलाड़ी ट्रायल दे सकते हैं। 

उत्तराखंड फिल्म फेस्ट में दिखेगी ब्राजील इन बनारस
पहाड़ी गांव के फुटबॉल कोच भैरव दत्त पर बनी डॉक्यूमेंट्री ब्राजील इन बनारस उत्तराखंड फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाएगी। इसका निर्माण हरीश शर्मा ने किया है। इसे दो पुरस्कार भी मिल चुके हैं। इसके अलावा हरीश शर्मा की डॉक्यूमेंट्री आदि कैलाश का भी पहले उत्तराखंडी फिल्म फेस्टिवल के लिए चयन हुआ। इन दोनों फिल्मों ने हाल ही में 11वें देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी पुरस्कार जीते थे। निर्माता दीपक पारीक ने कहा, भैरव दत्त की कहानी उनके शहर पिथौरागढ़ में दिखाना गर्व की बात होगी। फिल्म के चयन पर भैरव दत्त ने कहा, मैं पिथौरागढ़ जरूर आऊंगा। 

पूजा पटेल ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड मेडल
विकास खण्ड के ग्राम पंचायत पश्चिमपुर (अहरक) की होनहार बेटी पूजा पटेल ने काशी सांसद खेलकूद की मुक्केबाजी में गोल्ड मेडल जीता। यह सफलता सिगरा स्टेडियम में आयोजित काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पूजा पटेल ने शानदार प्रदर्शन किया। 52 किलोग्राम वर्ग में खेले गए फाइनल मुकाबले में पूजा ने प्रतिद्वंद्वी गंगा भारद्वाज को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। पूजा ने फाइनल में आक्रामक खेल दिखाते हुए एकतरफा जीत हासिल की। 

फुटबॉल : वाराणसी और कानपुर के बीच फाइनल
खेल विभाग की ओर से सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जा रही प्रादेशिक फुटबॉल का फाइनल शुक्रवार को वाराणसी और कानपुर के बीच खेला जाएगा। इससे पूर्व खेले गए सेमीफाइनल में कानपुर ने बरेली मंडल और वाराणसी मंडल ने गोरखपुर की टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। फाइनल मुकाबला वाराणसी और कानपुर मंडल के बीच दोपहर दो बजे से होगा। 

काशी की बेटियों ने मिर्जापुर को 11 गोल के अंतर से हराया
राष्ट्रीय खिलाड़ियों से सजी वाराणसी मंडल की महिला हैंडबॉल टीम ने झांसी में खेली जा रही प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता में मिर्जापुर मंडल को 14-3 गोल से पराजित किया। वाराणसी मंडल की तरफ से प्रीति पटेल और रितिका ने आक्रमण की शुरुआत की। मिर्जापुर मंडल की टीम जब तक संभालती तब तक वाराणसी मंडल की टीम 4-0 गोल से आगे हो चुकी थी।

हाफ टाइम तक स्कोर वाराणसी मंडल के पक्ष को 7-2 था। दूसरे हाफ में वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों ने दोनों विंग से हमला किया। मैच समाप्त होने की जब लंबी सीटी बजी उस समय वाराणसी मंडल की टीम 14-3 गोल से आगे थी। वाराणसी मंडल की टीम में विकास इंटर कॉलेज की आठ छात्राएं शामिल थी। प्रीति पटेल ने तीन एवं रेशमा, काजल, सुमन, रितिका और प्रीति यादव ने दो-दो नंदनी ने एक गोल किया। 

पूर्वोत्तर रेलवे ने किया ओलंपियन का सम्मान
पूर्वोत्तर रेलवे मंडल क्रीड़ा संघ वाराणसी मंडल ओलंपियन राजकुमार पाल और जूनियर एशिया कप हॉकी के गोल्ड मेडलिस्ट आशु मौर्य को सम्मानित किया। क्रीड़ा सचिव सतीश नारायण सिंह ने बताया कि लहरतारा कार्यालय में बृहस्पतिवार दोपहर पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के क्रीड़ाधिकारी सह वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेंद्र पाल और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव सिंह ने सम्मानित किया। 

पहले दिन खेले गए बास्केटबॉल के 12 मुकाबले
काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के तहत जिलास्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता सनबीम स्कूल वरुणा परिसर में खेली गई। प्रतियोगिता के पहले दिन बालक बालिका वर्ग में 12 मुकाबले खेले गए। 

आयोजन सचिव विभोर भृगुवंशी ने बताया कि प्रतियोगिता के बालक वर्ग अंडर-11 से 14 आयुवर्ग में सिगरा स्टेडियम (ए) ने राजर्षि क्लब को 36–10 से, यूपी कॉलेज ने ग्रीन वैली को 34–6 से, सनबीम वरुणा ने सिगरा स्टेडियम (बी) को 36–2 से, मरहौली ने गुरु नानक इंग्लिश स्कूल को 26–2 से, जबकि बालिका वर्ग राजर्षि क्लब ने सनबीम सनसिटी को 9–7 से, संत अतुलानंद ने यूपीएस उदयपुर को 4–0 से हरा दिया। 

थाई मुक्केबाजी में 385 खिलाड़ियों ने लगाए पंच
सिगरा के डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के इंडोर हॉल में दो दिवसीय थाई मुक्केबाजी में 385 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और वाराणसी के क्लबों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी नवीन कुमार सिंह और जिला ओलंपिक संघ के सचिव शम्स तबरेज ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। 

शतरंज प्रतियोगिता में यशस्वी राजपूत ने जीता रजत पदक
सनबीम भगवानपुर की छात्रा यशस्वी राजपूत ने सांसद खेलकूद शतरंज प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया। प्रतियोगिता 29 अक्तूबर को वाराणसी शतरंज संघ की ओर से शिवपुर स्थित गुरुनानक इंग्लिश स्कूल में हुई। प्रतियोगिता में यशस्वी ने पांच चक्रों में चार अंक अर्जित किए। 

काशी के सामने एक भी गोल नहीं कर सके मणिपुर के खिलाड़ी
काशी विद्यापीठ की टीम ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय हॉकी प्रतियोगिता 2026-27 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। क्रीड़ा परिषद की सचिव डॉ. उर्जस्विता सिंह ने बताया कि काशी विद्यापीठ की टीम ने बीएचयू में हुई पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीय हॉकी के क्वालिफाइंग मैच में मणिपुर विवि को 8-0 से हराकर अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है।

टीम मैनेजर डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह और टीम कोच सतीश नारायण सिंह हैं। इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी, क्रीड़ा परिषद उपाध्यक्ष प्रो. पितांबर दास, कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, वित्त अधिकारी हरिशंकर मिश्र ने बधाई दी। 
विज्ञापन

विवेक-राजलक्ष्मी के 4 गोल से इंपीरियल क्लब ने जीता पहला मुकाबला
विवेक सिंह और राजलक्ष्मी के दो-दो गोल से बृहस्पतिवार को इंपीरियल क्लब ने यूनिटी क्लब को 6-2 गोल से पराजित कर पहली जीत दर्ज की। हॉकी वाराणसी के तत्वावधान में खेली जा रही सरदार वल्लभ भाई पटेल मिक्स्ड सेवन साइड हॉकी प्रतियोगिता के लीग दौर में डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल बड़ा लालपुर में हल्की बारिश के बीच मैच हुआ। 

इस मैच में इंपीरियल क्लब की टीम ने बुधवार को मिली हार को भूलते हुए शुरू से तेज खेल का प्रदर्शन किया। खेल के तीसरे मिनट में विवेक सिंह ने मैच का पहला गोल किया। इसके दो ही मिनट बाद इंपीरियल क्लब की दीपिका ने पुश शॉट से गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। हाफ टाइम से सात मिनट पहले आर्यन पटेल और चार मिनट पहले सत्या पटेल ने गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें