शिवाजी हॉल में कुश्ती खिलाड़ियों का सम्मान
प्रादेशिक स्कूली कुश्ती में पदक जीतकर लौटे कुश्ती खिलाड़ियों का सम्मान बीएचयू के शिवाजी हॉल में हुआ। शिवानी यादव, आकांक्षा यादव, पलक यादव, सरिता राय, पायल यादव ने स्वर्ण पदक जीता है। ये सभी खिलाड़ी बीएचयू के शिवाजी हॉल में अभ्यास करती हैं। बीएचयू क्रीड़ा परिषद के सहायक निदेशक डॉ. हरीराम यादव ने बताया कि आकांक्षा और पायल लगातार तीसरी बार स्कूल कुश्ती की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेंगी। सभी को सम्मानित किया गया।
टैगोर हाउस ने जीती अंतर हाउस ट्रॉफी
स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल बनपुरवां शाखा में अंतरसदनीय खेल महोत्सव का समापन समारोह शुक्रवार को हुआ। ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब टैगोर हाउस, उपविजेता का खिताब रमन हाउस और तीसरा स्थान दयानंद हाउस ने जीता। वॉलीबॉल गर्ल्स में टैगोर हाउस प्रथम, रमन हाउस को द्वितीय स्थान मिला। वॉलीबॉल बालक वर्ग में रमन हाउस ने टैगोर हाउस को हराकर पहला स्थान हासिल किया। बास्केटबाल बॉयज में टैगोर हाउस ने दयानंद हाउस को हरा दिया।
टेनिस में महादेव पीजी कॉलेज चैंपियन
अंतर महाविद्यालयीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में महादेव पीजी कॉलेज, बरियासनपुर के खिलाड़ियों ने चैंपियनशिप जीत ली। शुक्रवार को विद्यापीठ की ओर से बीएचयू कैंपस के पास सुसुवाही में टवा टेनिस एकेडमी में प्रतियोगिता हुई। संबद्ध वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र जिलों के 12 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। फाइनल में महादेव पीजी कॉलेज के खिलाड़ियों ने प्रतिद्वंद्वियों को मात दी। कॉलेज के सजल, अमन, वंश और आयुष ने शानदार प्रदर्शन किया।
काशी सांसद : 1662 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता-2026 में शुक्रवार को विकास खंड आराजीलाइन और अंतरविश्वविद्यालय प्रतियोगिताएं हुईं। अलग-अलग खेल मैदानों पर 16 टीमों के 1662 खिलाड़ियों ने दमखम का प्रदर्शन किया। आराजीलाइन के जगतपुर इंटर कॉलेज में हुई प्रतियोगिता में 1247 एकल खिलाड़ियों और 11 टीमों ने हिस्सा लिया। वहीं, अंतरविश्वविद्यालय प्रतियोगिता बीएचयू में हुई। 415 एकल खिलाड़ियों और चार टीमों ने प्रतिभा दिखाई। विधायक सुनील पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
काशी के शिखर ने ऊंची कूद में जीता स्वर्ण पदक
शिखर ने शुक्रवार को 70वीं मंडलीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में वाराणसी का प्रतिनिधित्व कर जूनियर बालक वर्ग में ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीता। गाजीपुर में पहले दिन वाराणसी के शुभम पाल ने जूनियर बालक वर्ग के 100 मीटर दौड़ में रजत पदक प्राप्त किया। जूनियर बालिका वर्ग में रतिमा पटेल ने 400 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। तीनों खिलाड़ी विकास इंटर कॉलेज के छात्र हैं।
आत्मरक्षा शिविर के लिए 345 ने कराया पंजीकरण
आरंभ स्पोर्ट्स, फिटनेस एकेडमी और मिशन शक्तिसेना टीम की ओर से हर घर दुर्गा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। 17 अक्तूबर शनिवार को सारनाथ, आशापुर के राजनाथ उपवन में एक दिवसीय निशुल्क बालिका आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर होगा। संयोजक अखिलेश रावत ने बताया कि 345 बालिकाओं ने पंजीकरण करा लिया है।
स्टार इलेवन मऊ ने वाराणसी को 15 रन से हराया
नगर के सहादतपुरा स्थित खेल मैदान पर शुक्रवार को खेले गए 20-20 ओवरों के मुकाबले में स्टार इलेवन मऊ ने वाराणसी को 15 रन से हरा दिया। शानदार गेंदबाजी के दम पर मऊ की टीम ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्टार इलेवन मऊ ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। 169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाराणसी की टीम 19.2 ओवरों में 153 रन पर सिमट गई।
जेवलिन थ्रो में वाराणसी के सुमित ने जीत दर्ज की
नवीन स्टेडियम में 70वीं दो दिवसीय मंडल स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का उद्घाटन शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिव भाष्कर मिश्र ने दीप जला कर किया। जेवलिन थ्रो में वाराणसी के सुमित कुमार ने जीत दर्ज की। अंडर-19 बालिका वर्ग में 100 मीटर में वाराणसी की काजल, लंबी कूद में नंदिनी पटेल ने बाजी मारी। लंबी कूद में वाराणसी के विकास ने मारी बाजी। गोला प्रक्षेप में सेजल यादव, 600 मीटर में वाराणसी के शशांक, लंबी कूद में आकांक्षा पाल अव्वल रहीं।
मेडल के साथ स्केटिंग के विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : संवाद
अजय एकेडमी ने चैंपियंस ट्रॉफी पर किया कब्जा
अजय स्केटिंग एकेडमी की ओर से डालिम्स सनबीम ग्लोबल स्कूल सिगरा ने प्रथम किड्स वॉरियर प्रचार स्केटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया। वाराणसी के 25 स्कूलों के 150 स्केटरों ने हिस्सा लिया। गोल्ड जीतने वालों में स्वास्तिक सिंह, अभ्युदय सिंह, अथर्व अग्रहरि, मोहम्मद इब्राहिम और धृति श्रीवास्तव हैं। डोगरा स्केटिंग स्कूल की टीम प्रथम डालिम्स सनबीम वर्ल्ड स्कूल पहाड़िया उपविजेता बनी।
डालिम्स सनबीम ग्लोबल स्कूल के सह निदेशक माहिर मधोक ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। आयोजन सचिव ने बताया कि तीन आयु वर्गों के तीन चरणों में एडजेस्टेबल स्केट, टॉय लाइन और क्वॉड स्केट में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कडली कैटरपिलर स्कूल की प्रधानाचार्या रश्मि शर्मा और मेजबान स्कूल की प्रधानाचार्या प्रतिभा त्रिवेदी विशिष्ट अतिथि थीं। निर्णायक मंडल का नेतृत्व वाराणसी जिला रोलर स्पोर्ट्स स्केटिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मोहिउद्दीन ने किया। रवि सिंह, अभिषेक शर्मा, अजय पटेल, नीरज गुप्ता, अंजलि गुप्ता और विशाल भी शामिल थे।
जिलास्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली टीमें।
- फोटो : संवाद
दृष्टि क्लब ने 210 गेंद पर 129 रन बनाए आदर्श क्लब ने 120 गेंद में हासिल की जीत
जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से सगीर अहमद स्मृति जूनियर जिला क्रिकेट में शुक्रवार को लीग का दूसरा मैच खेला गया। हरहुआ के हॉकी खिलाड़ी ओलंपियन विवेक सिंह मैदान पर खेले गए मुकाबले में आदर्श क्रिकेट क्लब ने दृष्टि क्रिकेट क्लब को 8 विकेट से हरा दिया। दृष्टि क्लब ने 210 गेंद पर 129 रन बनाए जवाब में आदर्श क्लब की टीम ने 120 गेंद में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। मैन ऑफ द मैच प्रख्यात सिंह ने 7 ओवर में 8 रन देकर 2 विकेट लिए और 28 गेंदों पर नाबाद 22 रन बनाए। आयोजन सचिव पीपी आनंद मिश्र ने बताया कि मुकाबला 35-35 ओवर का खेला गया। मैच में अंपायरिंग हेमंत राय और रितेश यादव, स्कोरर आभास शर्मा ने की।
लालपुर स्टेडियम में एथलेटिक्स के विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : संवाद
मिर्जापुर के राहुल ने 48 मीटर भाला फेंककर जीता गोल्ड
प्रादेशिक सब जूनियर समन्वय एथलेटिक्स प्रतियोगिता लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में शुक्रवार को हुई। प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल ओवरऑल चैंपियन बना। जेवलिन थ्रो में मिर्जापुर के राहुल यादव ने 48 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीता और सब जूनियर वर्ग के चैंपियन बने।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 15 स्पर्धा में 243 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पहले दिन नौ और दूसरे दिन छह स्पर्धाओं का आयोजन हुआ। पहले दिन आजमगढ़ मंडल की टीम ने तीन स्वर्ण पदक जीत शीर्ष पर जबकि दो स्वर्ण पदक के साथ प्रयागराज दूसरे स्थान पर रहा। जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों के 230 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
दूसरे दिन हैमर थ्रो में गोरखपुर के किशन कुमार, जेवलीन थ्रो में मिर्जापुर के राहुल यादव ने स्वर्ण पदक जीता। 100 मीटर हर्डल में आजमगढ़ के मुकेश कन्नोजिया, ऊंची कूद में अनुकल्प गुप्ता और डिस्कस थ्रो में यश यादव ने स्वर्ण पदक लेकर आजमगढ़ को शीर्ष पर ला दिया। पहले वाराणसी को एक मात्र पदक तीन किमी वॉक रेस में शुभम पटेल ने स्वर्ण जीत कर दिलाया। 1500 मीटर दौड़ में गोंडा के बॉबी राना, शॉटपुट में प्रयागराज के अनुराग और 100 मीटर दौड़ में प्रांशु ने स्वर्ण पदक जीता।
लंबी कूद में अयोध्या के कुणाल सिंह ने स्वर्ण पदक जीता है। 400 मीटर दौड़ में मिर्जापुर के मुकेश चौहान ने स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि लक्ष्मण अवॉर्डी रमेश यादव और विशिष्ट अतिथि ओलंपियन शिवपाल सिंह ने संयुक्त रूप से किया। संचालन कनाई चंद्र तालापात्रा ने किया।