फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की खबरें: आईआईटी की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, बचाव पक्ष ने उठाए सवाल; रकम हड़पने का आरोप

Sat, 17 Oct 2026 03:07 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में आईआईटी की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में बचाव पक्ष ने सुनवाई के दौरान सवाल उठाए। अदालत में बचाव पक्ष ने अपने तर्क रखे। प्रकरण से जुड़े आरोपों और दलीलों पर सुनवाई जारी है। मामले में अदालत के रुख और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। वहीं, एक रियल्टी कंपनी पर रकम हड़पने का आरोप भी सामने आया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) के न्यायाधीश कुलदीप सिंह की अदालत में बीएचयू आईआईटी की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सुनवाई हुई। आरोपी आनंद चौहान की ओर से अधिवक्ता ने बहस की। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 29 अक्तूबर की तिथि तय की है।

विज्ञापन


बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने बहस के दौरान पीड़िता के शरीर पर आई चोटों को लेकर सवाल उठाए। उनका तर्क था कि डॉक्टर ने जिन चोटों का उल्लेख किया है, वे आरोपी के नाखूनों से आई चोटें नहीं हैं। उन्होंने कहा कि घटना के समय अचानक वाहन की लाइट पड़ने से घबराकर झाड़ियों की ओर भागने के दौरान भी चोट लग सकती है। बचाव पक्ष के अनुसार, चोटें नाखूनों से आई होतीं तो चेहरे के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी निशान मिल सकते थे। 

इसी आधार पर उन्होंने अभियोजन की कहानी को झूठा बताया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष के एडीजीसी मनोज गुप्ता और आरोपियों की ओर से अधिवक्ता उपस्थित रहे। अभियोजन के अनुसार, दो नवंबर 2023 की रात बीएचयू परिसर में आईआईटी की छात्रा के साथ मोटरसाइकिल सवार तीन आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। 

विज्ञापन
Trending Videos

जेनिथ ग्लोबल रियल्टी में 10 लाख निवेश कराने के बाद रकम हड़पने का आरोप
जेनिथ ग्लोबल रियल्टी कंपनी में 10 लाख रुपये निवेश करने के बाद रकम वापस नहीं मिलने पर सुंदरपुर निवासी मनीष कुमार सिंह ने कंपनी के सीएमडी राशिद नसीम, कामेश्वर राम, कमलेश गुप्ता, आफताब आलम, मोहम्मद निजामुद्दीन, कैलाश नाथ सिंह, दिनेश अग्रहरी, बीएन सिंह और कंपनी के अन्य संबंधित सदस्यों के प्राथमिकी दर्ज कराई। 

आरोप है कि निवेश के बदले मुनाफा देने के साथ होटल और मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा किया गया था। रकम वापस मांगने पर टालमटोल करने के साथ धमकी भी दी गई। न्यायालय के आदेश पर कैंट पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर स्थित सद्भावना अपार्टमेंट निवासी मनीष कुमार सिंह के मुताबिक, कंपनी के प्रतिनिधियों ने विभिन्न निवेश योजनाओं का प्रचार कर उन्हें रुपये लगाने के लिए राजी किया था। 

उनके झांसे में आकर मनीष ने 26 मई 2025 को अपने एचडीएफसी बैंक खाते से आरटीजीएस के माध्यम से कंपनी के खाते में 10 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम लेने के बाद कंपनी ने वादे के मुताबिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराईं। आरोप है कि रुपये मांगने पर उन्हें धमकी भी दी गई। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

कार से कुचलने के आरोपी की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज
रिंग रोड चौराहे के पास बाटी-चोखा रेस्टोरेंट के सामने युवक को कार से कुचलकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में आरोपी नवनीश सिंह को राहत नहीं मिली। अपर सत्र न्यायाधीश, न्यायालय संख्या-एक संध्या श्रीवास्तव की अदालत ने 16 अक्तूबर को आरोपी की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। अदालत ने अपराध की प्रकृति और गंभीरता को देखते हुए जमानत का पर्याप्त आधार नहीं पाया।

अभियोजन के अनुसार, वैभव सिंह ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि तीन सितंबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी ऋषभ जैन के साथ रिंग रोड चौराहे के पास बाटी-चोखा खाने गए थे। वहां नवनीश सिंह अपने एक साथी के साथ लाल रंग की अल्ट्रोज कार में मौजूद था। आरोप है कि पुरानी रंजिश में दोनों ने गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपी कार में बैठा और अपने साथी से वैभव को कुचलने की बात कही। इसके बाद कार से उसे टक्कर मार दी, जिससे उसका बायां पैर टूट गया।

युवक की पिटाई में 12 पर प्राथमिकी
लंका थाना क्षेत्र में बीएचयू अस्पताल के छोटी गेट के सामने बृहस्पतिवार दोपहर युवक की पिटाई के मामले में पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। लंका के नरिया साकेत नगर निवासी सूरज पटवा दुर्गाकुंड मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने मित्र प्रशांत के साथ लंका की ओर जा रहा था। आरोप है कि छोटी गेट के सामने 10 से 12 युवकों ने सूरज पर हमला कर दिया। बीचबचाव करने पर आरोपियों ने प्रशांत की भी पिटाई की। इसके बाद सूरज को खींचकर छोटी गेट के भीतर परिसर में ले गए, जहां नुकीली वस्तु और डंडे से मारपीट की। घटना में सूरज को चोटें आईं। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

मिट्टी लदी दो ट्रैक्टर ट्राॅलियां सीज 
चौबेपुर क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रैमला गांव के पास मिट्टी लदे दो ट्रैक्टर ट्राॅलियांे को सीज कर दिया। पुलिस को देखकर दोनों ट्रैक्टरों के चालक वाहन छोड़कर भाग निकले। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि 14 अक्तूबर की देर रात पुलिस गश्त के दौरान उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद यादव ने रैमला गांव के पास मिट्टी लदे दो ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही दोनों चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। चालकों की तलाश की जा रही है। 

दहेज में पांच लाख रुपये और बुलेट की मांग
दहेज में पांच लाख रुपये और बुलेट की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की निवासी साहिस्ता परवीन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 25 अगस्त 2024 को उनकी शादी गोरखपुर निवासी सलमान खान के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल के लोग दहेज के लिए ताने मारते और प्रताड़ित करते थे। पीड़िता ने अपनी जेठ और जेठानी पर पूर्व में एक लड़की को जलाकर मारने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। 

रंगदारी न देने पर निर्माण रोकने का आरोप
बड़ागांव के कुड़ी गांव में बैनामा शुदा जमीन पर निर्माण करा रही महिला ने दो लोगों पर रंगदारी मांगने, तोड़फोड़ करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। जैतपुरा थाना क्षेत्र के डिगियां निवासी आशा जायसवाल के अनुसार, 15 अक्टूबर को आशीष कुमार मिश्र और श्याम सुंदर मिश्र अपने सहयोगियों के साथ पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने मजदूरों को गाली देकर पिलर और टीन शेड गिरा दिया। साथ ही रंगदारी दिए बिना निर्माण नहीं होने देने की धमकी दी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। 

कुएं में मिला शव, दो पर हत्या की प्राथमिकी
चोलापुर के गोपपुर गांव में पेंटर पिंटू राजभर (50) की मौत के मामले में पुलिस ने शंकर राजभर और सुनील राजभर के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे पिंटू के बेटे आकाश को घर से करीब 300 मीटर दूर कुएं के पास पिता की साइकिल और गमछा मिला। सड़क और कुएं के पास खून के निशान भी मिले। परिजनों ने हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने की आशंका जताते हुए दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शव कुएं से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

किशोरी से अभद्रता में सात पर प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र के कुम्हारपुरा, फुलवरिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकान का निर्माण रोकने, सार्वजनिक रास्ता बंद करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में तीन महिलाओं समेत सात लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता के अनुसार, 26 जून को आरोपितों ने निर्माणाधीन मकान के एकमात्र सार्वजनिक रास्ते को ईंट, सीमेंट और बालू से बंद कर दिया। सामने के सहन पर कब्जे का प्रयास भी किया। विरोध करने पर गाली-गलौज कर धमकी दी गई। पीड़िता ने डायल 112 पर सूचना दी थी। महिला का आरोप है कि दो आरोपित उसकी 14 वर्षीय बेटी का पीछा कर अशोभनीय टिप्पणियां करते हैं। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

करंट से किसान की मौत के मामले में प्राथमिकी
मिर्जामुराद क्षेत्र के चक्रपानपुर (बरमपर) बस्ती में बृहस्पतिवार की रात करंट की चपेट में आने से किसान बबलू बिंद (40) की मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मृतक की पत्नी सविता बिंद की तहरीर पर पुलिस ने गांव निवासी पड़ोसी विष्णु बिंद और उसके बेटे राजकुमार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। बबलू बृहस्पतिवार की रात अपने सब्जी के खेत में सिंचाई कर रहे थे। आरोप है कि नीलगायों से फसल बचाने के लिए विष्णु ने खेत की लोहे की फेंसिंग में बिजली का कनेक्शन जोड़ रखा था। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। 

5.1 किलो चीनी मांझा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
गंगापुर बाजार में छापा मारकर रोहनिया पुलिस ने शुक्रवार को चीनी मांझे की बिक्री के आरोपी कुमार मंगलम गुप्ता उर्फ आशीष को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 5.1 किलोग्राम चीनी मांझा बरामद हुआ। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नगर पंचायत गंगापुर का निवासी है। कुमार मंगलम गुप्ता का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी मामला दर्ज है। 

दोपहिया एजेंसी की वर्कशाॅप में मारपीट 
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पहड़िया स्थित मिश्रा टीवीएस एजेंसी की वर्कशाॅप में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वर्कशाॅप प्रबंधक अक्षय मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 14 अक्तूबर को सुबह करीब 11 बजे  वह अपने कार्यालय में काम कर रहे थे। तभी सुधीर कुमार सोनकर, समीर सोनकर, शैलेन्द्र सोनकर और कई अज्ञात व्यक्ति कार्यशाला में घुस आए। मेरे सहयोगियों सार्थक कुमार, अनिल यादव, छोटू यादव और गौरव सलूजा के साथ मारपीट शुरू कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, वर्कशॉप के कर्मचारियों समेत अन्य के खिलाफ भी प्राथमिकी पूर्व में दर्ज है। 

बिजली चोरी के खिलाफ अभियान में 13 पकड़े गए
पूर्वांचल में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए अभियान में पिछले दो दिनों में 13 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। एएसपी विजिलेंस समर बहादुर ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। असेसमेंट के लिए संबंधित अधिशासी अभियंताओं को रिपोर्ट भेज दी गई है। सीओ सरोज पांडेय की अगुवाई में चले अभियान के दौरान कई स्थानों पर कार्रवाई हुई। दो उपभोक्ताओं के परिसर में कटियामारी पकड़ी गई।

आईआईटी-बीएचयू के कर्मचारियों ने प्रमोशन सहित 9 मांगों पर दिया धरना
बीएचयू के गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने शुक्रवार को प्रमोशन और मिनिस्टीरियल स्टाफ की लिखित परीक्षा की अनिवार्यता खत्म करने समेत नौ मांगों के लिए निदेशक ऑफिस का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। कहा कि 10 दिन का अल्टीमेटम बेअसर रहा। अब उनका समाधान निकाला जाए। 

कर्मचारियों ने कहा कि 14 साल से लगातार आवाज उठा रहे हैं। गैर-शैक्षणिक कर्मचारी अंतरिम फोरम के अनुसार, तीन अगस्त, 19 अगस्त, एक सितंबर, 11 सितंबर और 16 सितंबर को मांगपत्र सौंपकर समाधान की मांग की थी। 

फोरम ने चेतावनी दी है कि आंदोलन के कारण उत्पन्न होने वाली प्रशासनिक और शैक्षणिक अव्यवस्था की जिम्मेदारी संस्थान प्रशासन और कुलसचिव कार्यालय की होगी। आईआईटी बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर प्रो. संजय कुमार सिंह ने कर्मचारियों से बात कर धरना समाप्त करा दिया गया। वहीं निदेशक कार्यालय की ओर से बताया गया कि दो से छह नवंबर के बीच कर्मचारियों को मेल से अवगत कराते हुए बैठक की जाएगी और समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा। 

अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई  करें जोनल अधिकारी
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी जोनल अधिकारियों को अतिक्रमण कर शहर जाम करने वालों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा है। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में अतिक्रमण करने वाले और नाली जाम करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। न केवल जुर्माना लगाया जाएगा बल्कि अतिक्रमण भी तोड़े जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाली का प्रवाह बाधित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इन पर भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। 

मंडल के 11 रेलकर्मी सम्मानित
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में पिछले एक वर्ष के दौरान कोई रेल दुर्घटना नहीं हुई है। संरक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में इस उपलब्धि को बनाए रखने में योगदान देने वाले 11 रेलकर्मियों को शुक्रवार को एक्सीलेंस अवाॅर्ड से सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने मंडल कार्यालय स्थित भारतेंदु सभागार में सितंबर माह के लिए चयनित रेलकर्मियों को सम्मानित किया। डीआरएम ने कहा कि यात्रियों की संरक्षा और सुरक्षा भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 

सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करना सभी रेलकर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। वरिष्ठ लेखाकार अभिषेक पटेल, वाणिज्य लिपिक सह टिकट परीक्षक बालकृष्ण, विद्युत फिटर दिनेश कुमार अस्थाना, वरिष्ठ लोको पायलट आलोक नाथ शर्मा, गेटमैन रामेंद्र कुर्मी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक संजय कुमार, स्टेशन मास्टर अनुराग सिंह यादव, स्टेशन मास्टर राज कुमार, टेक्नीशियन प्रथम भभूती यादव, रेलवे सुरक्षा बलकर्मी साधना सिंह और तकनीशियन भानु प्रताप को सम्मानित किया गया।

विटामिन डी-3, बी-12 की जांच ठप मरीज कबीरचौरा और बीएचयू रेफर
वाराणसी जिले के सरकारी अस्पतालों और सीएचसी-पीएचसी पर पैथोलॉजी जांच की व्यवस्था चरमरा गई है। प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पताल तक मरीजों को जरूरी जांचों के लिए भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है। प्रमुख रूप से विटामिन डी-3 और बी-12 जैसी महत्वपूर्ण जांचें रीजेंट के अभाव में ठप पड़ी हैं। मरीजों को इसके लिए निजी लैब में पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।

जिला अस्पताल के क्षेत्रीय निदान केंद्र (पैथोलॉजी) में रीजेंट न होने के कारण विटामिन डी-3 की जांच पूरी तरह बंद है। अस्पताल में प्रतिदिन 250 से अधिक मरीज जांच कराने पहुंचते हैं, जहां थायराइड, विटामिन सी, विटामिन बी-12 और विटामिन डी-3 की जांच कराने आए सामान्य मरीजों को कबीरचौरा (मंडलीय अस्पताल) या बीएचयू रेफर किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. एस.सी. मिश्रा ने बताया कि अन्य स्वास्थ्य केंद्रों से भी अत्यधिक मरीज आने के कारण डॉक्टरों को केवल अति-आवश्यक मामलों में ही इन जांचों की संस्तुति करने के निर्देश दिए गए हैं। 

मृतक संविदाकर्मी के परिवार को दी 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
कांशीराम आवास, शिवपुर में फॉल्ट ठीक करने गए संविदा लाइनमैन रामजी सोनकर (55) की मौत 13 मई 2026 को हुई थी। शुक्रवार को बिजली निगम ने रामजी के परिजनों को 30 लाख रुपये की व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा राशि प्रदान की। मुख्य अभियंता ने परिवार को चेक अपने हाथों से दिया। 

मुख्य अभियंता ई. अनिल वर्मा ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक की ओर से परिजनों को 30 लाख रुपये की व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा राशि दी गई। रामजी की मकबूल आलम रोड खजुरी का निवासी था और अधिशासी अभियंता पंचम कार्यालय के अधीन उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन थे। काशीराम आवास शिवपुर में बीते 13 मई की दोपहर को फॉल्ट बनाते करंट लगने से झुलस गए थे। 

नेक्टर के महानिदेशक ने किया आइसार्क का दौरा
विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के अधीन एक स्वायत्त संस्था ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र का दौरा किया। नॉर्थ सेंटर फॉर टेक्नोलॉजी एप्लीकेशन एंड रीच (नेक्टर) के महानिदेशक डॉ. अरूण सरमा के निर्देशन में दौरा हुआ। उन्होंने केंद्र में चल रही गतिविधियों का जायजा लिया और स्पीड ब्रीड सुविधा, मशीनीकरण और पोस्ट हार्वेस्ट प्रबंधन इकाई, धान की सीधी बुवाई के परीक्षण प्लॉट का निरीक्षण किया। 

उन्होंने फसल सुधार, कृषि मशीनीकरण, सटीक कृषि और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में चल रहे अनुसंधान कार्यों की जानकारी ली। डॉ. अरुण सरमा ने शोध को खेती में इस्तेमाल करने पर जोर दिया। कहा कि संस्थानों के बीच सहयोग और ज्ञान का आदान-प्रदान जरूरी है। इससे कृषि विकास को गति मिलेगी और किसानों को लाभ होगा। 

200 नाविकों ने सीखा जीवन रक्षा कौशल
गंगा में स्नान के दौरान डूबने की घटनाओं और आपात स्थितियों में लोगों की जान बचाने के लिए अस्सी घाट पर 200 नाविकों को प्रशिक्षित किया गया। 11वीं एनडीआरएफ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में नाविकों को जीवन रक्षक कौशल, डूबते व्यक्ति के सुरक्षित बचाव और प्राथमिक उपचार के बारे में बताया गया। सीपीआर और रक्तस्राव नियंत्रित करने के उपायों के बारे में बताया गया। एनडीआरएफ के जवानों ने नाविकों को आकाशीय बिजली से संबंधित पूर्व चेतावनी के लिए दामिनी ऐप और आपदा संबंधी चेतावनियों व अलर्ट के लिए सचेत एप की उपयोगिता से अवगत कराया। कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट और उप जिलाधिकारी (सदर) ने प्रतिभागी नाविकों को प्रशिक्षण प्रमाणपत्र, टी-शर्ट और खाद्य पैकेट वितरित किए। 

तीन नई शोध सुविधाओं का आज होगा उद्घाटन
कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव और भारतीय सब्जी अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट शुक्रवार को आईआईवीआर का दौरा करेंगे। उनके साथ उप-महानिदेशक डॉ. देवेंद्र कुमार यादव, उप-महानिदेशक डॉ. राजवीर सिंह और परिषद के सहायक महानिदेशक डॉ. सुधाकर पांडेय भी रहेंगे।  निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि वह हाईटेक ग्रीनहाउस और स्पीड ब्रीडिंग सुविधा, बायोसेफ्टी लेवल थ्री प्रयोगशाला, जीनोम संपादन प्रयोगशाला जैसी अत्याधुनिक शोध मशीनों का उद्घाटन करेंगे। 

नशा मुक्ति के लिए निकाली बाइक रैली
फाइट अगेंस्ट ड्रग्स अखिल भारतीय बाइक रैली का स्वागत शुक्रवार को शिवपुर स्थित विकास इंटर कॉलेज में हुआ। इसमें लगभग 2500 छात्र-छात्राओं ने नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ ली। युवाओं और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जोन-2 (सेंट्रल जोन) की संयुक्त टीम वाराणसी पहुंची। पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने छात्र-छात्राओं को नशे के गंभीर परिणामों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा, अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नम्रिता श्रीवास्तव, एनसीबी गोरखपुर के सहायक निदेशक वैभव श्रीवास्तव और बिहार के डीएसपी महाराज हुसैन आदि रहे। 

कहां नाही हौ भोला... सुनाकर किया मुग्ध
काशी विश्वनाथ धाम की सांस्कृतिक संध्या में शुक्रवार को शास्त्रीय गायन, भजन और नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। धाम स्थित शंकराचार्य चौक के शिवार्चनम मंच पर डॉ. शिवानी शुक्ला ने संगीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। गायन का आरंभ उन्होंने देवी स्तुति से किया। बोल थे, अंबे अंबिके जगदंबिके...। इसके बाद गुरु भाव रंग द्वारा रचित शिव महिमा पर आधारित रचना सुनाकर विभोर किया। बोल थे, बतावा मितवा कहां नाही हौ भोला...। वहीं, पंडित गौरव मिश्र ने भजनों से दर्शनार्थियों में भक्ति रस घोला। डॉ. दिव्या श्रीवास्तव और उनके महिषासुरमर्दिनी डांस ग्रुप ने अपनी आकर्षक नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन ललिता शर्मा ने किया।

अग्रवाल समाज ने 600 बच्चों को दिया उपहार
श्री काशी अग्रवाल समाज ने शुक्रवार को अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित कर श्री अग्रसेन शिशु विहार के लगभग 600 बच्चों को उपहार और पाठ्य सामग्री वितरित की। बच्चों को टॉफी, पेन, पेंसिल और स्केच पेन प्रदान किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल, प्रधानमंत्री डॉ. रचना अग्रवाल, मंत्री राज किशोर चंद्र अग्रवाल और मुख्य संयोजक प्रद्युम्न अग्रवाल ने सामग्री बांटी। 

ज्योतिष और वास्तुशास्त्र की प्रासंगिकता पर नवंबर में होगी राष्ट्रीय संगोष्ठी
आधुनिक संदर्भ में ज्योतिष और वास्तुशास्त्र की प्रासंगिकता पर नवंबर में राष्ट्रीय शैक्षिक संगोष्ठी होगी। दशाश्वमेध स्थित श्री शास्त्रार्थ महाविद्यालय की ओर से आयोजित इस संगोष्ठी में मुख्य अतिथि तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला होंगे। महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य एवं आयोजन समिति के संयोजक डॉ. पवन कुमार शुक्ला ने बृहस्पतिवार को हैदराबाद स्थित राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की और उन्हें निमंत्रण पत्र सौंपा।

डॉ. पवन कुमार शुक्ला ने राज्यपाल को संगोष्ठी की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। आयोजकों के अनुसार, राज्यपाल ने निमंत्रण पत्र स्वीकार कर लिया है। डॉ. पवन कुमार शुक्ला ने बताया कि संगोष्ठी का मुख्य विषय आधुनिक संदर्भ में ज्योतिष और वास्तुशास्त्र की प्रासंगिकता है। इसमें देशभर के शिक्षाविद, ज्योतिष के जानकार और शोधकर्ता शामिल होंगे। एक दिवसीय संगोष्ठी में विभिन्न राज्यों के विश्वविद्यालयों के कुलपति, वरिष्ठ प्राध्यापक और शिक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञ भाग लेंगे। इस दौरान उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य और शोध करने वाले चयनित शिक्षकों के साथ छात्र प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। आयोजन समिति के मुताबिक, राज्यपाल की सहमति मिलने के बाद कार्यक्रम की तिथि और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

आज महिलाएं बताएंगी अपनी काशी है सुरक्षित
महिलाएं शनिवार की शाम 7 बजे स्कूटी रैली निकालकर बताएंगी कि अपनी काशी सुरक्षित है। काशी में अमर उजाला नवरात्रि उत्सव अभियान में महिलाएं नाइट स्कूटी रैली निकालेंगी। महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित नारी, सुरक्षित वाराणसी का संदेश देने के लिए मलदहिया चौराहे से लंका तक रैली निकाली जाएगी। आप भी इसके सहभागी बन सकते हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

बीएचयू के एसआर की बर्खास्तगी रद्द 
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बीएचयू के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के सीनियर रेजिडेंट  (एसआर) डॉ. विनय कुमार पाठक की बर्खास्तगी के आदेश को रद्द कर दिया है। साथ ही कोर्ट ने निदेशक को आदेश दिया कि याची को सुनवाई का अवसर देते हुए नए सिरे से कारणयुक्त आदेश पारित करने और याची के इस्तीफे की अर्जी पर जल्द फैसला लेने का आदेश दिया। यह आदेश न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान की एकल पीठ ने दिया है। याची बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन विभाग में सीनियर रेजिडेंट के पद पर कार्यरत थे। उन्हें 18 सितंबर को बर्खास्त कर दिया गया था। 

त्योहार स्पेशल 2 घंटे 50 मिनट देरी से पहुंची, वंदे भारत भी प्रभावित
त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के बीच देरी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को भी दिल्ली से वाराणसी आने वाली 4 ट्रेनें देरी से पहुंचीं। दिल्ली से वाराणसी आने वाली आनंद विहार से पाटलिपुत्र जाने वाली त्योहार स्पेशल ट्रेन सबसे अधिक दो घंटे 50 मिनट की देरी से आई। वहीं, नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस समेत नीलांचल एक्सप्रेस और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी देरी से पहुंचीं। आनंद विहार से पाटलिपुत्र वाली ट्रेन दोपहर एक बजे वाराणसी पहुंचने वाली थी, लेकिन यह दोपहर 3:50 बजे पहुंची। 

विशाल को जापान में मिला ‘इमर्जिंग स्कॉलर अवॉर्ड’
बीएचयू की खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी को जापान में अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। ओसाका विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर एजुकेशन इन लिबरल आर्ट्स एंड साइंस में 16वें अंतरराष्ट्रीय खाद्य अध्ययन सम्मेलन में बीएचयू के शोधार्थी विशाल कुमार को ‘इमर्जिंग स्कॉलर अवॉर्ड’ दिया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. आरके डुआरी और शोध-पर्यवेक्षक डॉ. अरविंद ने उन्हें बधाई दी।  

मनुस्मृति का 90 फीसदी हिस्सा आज भी प्रासंगिक
बीएचयू के संस्कृत विभाग में धर्मशास्त्र की वर्तमान प्रासंगिकता पर दो दिन का व्याख्यान हुआ। विद्वानों ने मनुस्मृति के वर्तमान प्रासंगिकता पर चर्चा की। मुख्य वक्ता दिल्ली विश्वविद्यालय के वरिष्ठ आचार्य प्रो. आशुतोष दयाल माथुर ने कहा कि मनुस्मृति का 90 फीसदी हिस्सा आज भी प्रासंगिक है। लड़की को पिता की संपत्ति में हिस्सा लेने का अधिकार मनुस्मृति देता है। आचार्य प्रो. कृष्ण मोहन पांडेय ने कहा कि धर्मशास्त्रों के अध्ययन मेंे व्यावहारिक पक्ष पर भी विचार करना चाहिए।

सीवी के लिए पर्सनल ताकत की पहचान होनी चाहिए
बीएचयू के शिक्षा संकाय में विद्यार्थियों को नौकरी के लिए कवर लेटर के साथ सीवी बनाना सिखाया गया। खूबियों और कमियों पर विशेष ध्यान दिया गया। बताया गया कि कमजोरियों को सुधार के अवसर के रूप में लिखना चाहिए। नर्चरिंग लाइफ स्किल्स सेल की ओर से एमएड पहले और तीसरे सेमेस्टर के 60 छात्रों ने ट्रेनिंग ली। संकाय प्रमुख प्रो. सुनील कुमार सिंह की मौजूदगी में प्रो. मीनाक्षी सिंह ने कहा कि बेहतर सीवी बनाने के दौरान विद्यार्थियों को अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल ताकत की पहचान होनी चाहिए। 

विधिक छात्रों की छूटी परीक्षाएं 28 अक्तूबर को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एलएलएम, एलएलबी और बीए एलएलबी (पंचवर्षीय) के विद्यार्थियों की छूटी हुई मौखिक परीक्षा 28 अक्तूबर को होगी। विधि विभाग में दोपहर 12 बजे से प्रक्रिया होगी। विद्यार्थियों को असाइनमेंट फाइल और व्यावहारिक प्रशिक्षण पुस्तिका के साथ उपस्थित होना है। 

आईआईटी में आज स्वास्थ्य सेवा में एआई पर कॉन्क्लेव
आईआईटी बीएचयू में शनिवार को एआई फॉर हेल्थकेयर एंड असिस्टिव टेक्नोलॉजीज कॉन्क्लेव होगा। स्वास्थ्य सेवा में एआई के इस्तेमाल, सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं और समावेशी तकनीक पर बात होगी। दिव्यांगों और वंचित समुदायों के लिए जीवन को ज्यादा सुगम बनाया जाएगा। निदेशक प्रो. अमित पात्रा, प्रो. मल्लिका तिवारी, सुमित महाजन,  प्रो. एसएन संखवार पहुंचेंगे। 

फूडस्पार्क 5.0 में 20 मौखिक शोध की प्रस्तुतियां
बीएचयू के दक्षिणी परिसर में विश्व खाद्य दिवस पर राष्ट्रीय सम्मेलन और ‘फूडस्पार्क-5.0’ का आयोजन हुआ। बरकछा में डीडीयू कौशल केंद्र के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बीएचयू ईसी के सदस्य डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करनी चाहिए। सम्मेलन में 20 मौखिक शोध प्रस्तुतियां और 40 पोस्टर प्रस्तुतियां हुईं। प्रो. पीपी गोथवाल, प्रो. अनुराग, डॉ. अभिषेक दत्त मौजूद रहे।

शिक्षक केवल ज्ञान का संचारक नहीं, मार्गदर्शक भी
शैक्षणिक सत्र 2026-28 के डीएलएड प्रशिक्षणार्थियों के लिए शुक्रवार को एक ओरिएंटेशन कार्यक्रम हुआ। अध्यक्षता एलटी कॉलेज की प्राचार्य ऋचा जोशी ने की। शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।  प्राचार्य ऋचा जोशी ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा किसी भी राष्ट्र की नींव होती है। शिक्षक केवल ज्ञान का संचारक नहीं होता, बल्कि वह बच्चे के सर्वांगीण विकास और चरित्र निर्माण का मार्गदर्शक होता है। 

बीएचयू में ब्रिक्स देशों के वैज्ञानिक भी करा सकेंगे जांच
बीएचयू के सीडीसी सेंटर स्थापित साथी सेंटर में ब्रिक्स देशों के भी वैज्ञानिक अपने नमूनों का परीक्षण करा सकेंगे। 18वें ब्रिक्स सम्मेलन में  फैसला लिया गया। ड्रग डिस्कवरी, खाद्य परीक्षण सहित कई तरह की जांच हो सकती है।
विज्ञापन

सनबीम भगवानपुर में मनाया गया स्पार्कल वार्षिक समारोह
सनबीम इंग्लिश स्कूल भगवानपुर के सिंफनी सभागार में बृहस्पतिवार को दो दिवसीय भव्य वार्षिक समारोह स्पार्कल धूमधाम से मनाया गया। इसमें 200 विद्यार्थियों ने मंच पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर अभिभावकों और अतिथियों को मंत्र मुग्ध कर दिया। समारोह के पहले दिन का शुभारंभ भावांजलि द इन्वोकेशन ऑफ रिदम के साथ हुआ। समारोह में लगभग 200 छात्राओं ने विभिन्न जीवन मूल्यों और समग्र विकास पर आधारित मनभावन प्रस्तुतियां दीं। 

इनमें अन्वेषण, संतुलन, प्रगति, पुष्टि, संतुष्टि, कर्तव्य तथा रंगबिरंगी प्रस्तुति इंद्रधनुष विशेष आकर्षण का केंद्र रही। दूसरे दिन केजी विंग के नन्हे बच्चों ने भारतीय दर्शन के पंचकोश की अवधारणा पर आधारित प्रस्तुति दी। इसमें 200 प्रतिभागियों ने अपने अभिनय एवं नृत्य से संपूर्ण वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। सनबीम ग्रुप के कार्यकारी निदेशक हर्ष मधोक ने बच्चों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता की सराहना की। अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक और उपाध्यक्ष भारती मधोक ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें