फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sports: पैर के छाले भी न कर सके जूडो मैट से दूर, यूपी टीम में काशी के खिलाड़ी का चयन; पढ़ें- खेल की अन्य खबरें

Tue, 30 Dec 2025 06:26 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता के लिए वाराणसी के सनी यादव ने 66 किलोग्राम भार वर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर क्वालिफाई किया। उधर, अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में वाराणसी के सात खिलाड़ियों ने पदक जीते।
विज्ञापन
जूडो खिलाड़ी सनी यादव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखनऊ में 28 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के 40 जूनियर जूडो खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता के लिए होने वाले चयन परीक्षण में दमखम दिखाया। इनमें वाराणसी का सनी यादव ने 66 किलोग्राम भार वर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया। चयनकर्ताओं ने सनी यादव के अगोशी दांव और काउंटर अटैक को बारीकी से देखा। देर रात को जारी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए सनी का चयन उत्तर प्रदेश की टीम के लिए हो गया। सनी ने बताया कि वह बचपन से ही भाग दौड़ में रुचि लेता था। पैर में कभी कभी दौड़ते-दौड़ते छाले भी पड़ जाते थे लेकिन उसने दौड़ना नहीं छोड़ा। एक दिन जूडो के अंतरराष्ट्रीय कोच लाल कुमार उसके गांव आए थे। उनकी नजर मेरे ऊपर पड़ी और उसको सलाह दी कि वह जूडो खेलें। इसके बाद मेरा नाम विकास इंटर कॉलेज में गया। मैं बाबू आरएन सिंह इंडोर स्पोर्ट्स हॉल में बीना कश्यप से जूडो का प्रशिक्षण प्राप्त करने लगा। जूनियर नेशनल जूडो चैंपियनशिप मणिपुर में 24 से 28 जनवरी तक खेली जाएगी।

विज्ञापन

 
कराटे में काशी के 7 खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण
दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में ओपन अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता खेली गई। इसमें वाराणसी के सात खिलाड़ियों ने पदक जीते। इसमें सात ने स्वर्ण और एक खिलाड़ी ने रजत पदक जीता। इसमें काशी के कुल आठ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। फाइनल में आराध्या सिंह, शिवांश सिंह, गरिमा मिश्रा, आरुषि यादव, आयुष पटेल, पवन पटेल, साहस स्वर्ण और गौरव ने रजत पदक जीता। उक्त जानकारी कोच विकास सोनकर और टीम मैनेजर विशेष पांडेय ने दी। 

विज्ञापन


पहले हाफ में एक गोल से पिछड़ने के बाद भी यूपी के राधेरमण ने गोल कर टीम को फाइनल में पहुंचाया
पहले हाफ में उत्तराखंड की टीम से एक गोल से पिछड़ने के बावजूद यूपी एकादश के खिलाड़ियों ने धैर्य नहीं खोया। फॉर्वर्ड खिलाड़ी राधेरमण के दो गोल के बदौलत यूपी एकादश ने उत्तराखंड की टीम को 2-1 के अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अखिल भारतीय आमंत्रण इनामी पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता मंगलवार को सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली गई। 

संघर्षपूर्ण दूसरे सेमीफाइनल में मैच रेफरी को भी खासी मशकक्त करनी पड़ी। मैच शुरू होने के दूसरे मिनट यूपी टीम के फॉर्वर्ड खिलाड़ियों ने बढ़त बनाने मौका खो दिया। मैच के 12वें मिनट में उत्तराखंड के निर्मल सिंह की तेज किक से निकली गेंद क्रॉसवार से टकराकर वापस लौटी। इस पर रितिक वालिया ने तेज शॉर्ट मारा जिसे गोलकीपर शुभम ने रोक दिया। 



मैच का पहला गोल खेल के 19वें मिनट में उत्तराखंड के राजेंद्र सिंह के बैक पास पर निर्मल बिष्ट ने किक मारकर किया और टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। एक गोल से पिछड़ने के बाद यूपी एकादश के खिलाड़ियों ने बेहतर खेल दिखाया। पहले हाफ के अंतिम समय में यूपी के खिलाड़ियों ने इंज्यूरी टाइम के 45वें मिनट में राधेरमण ने मो. तौफीक के पास पर गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। दूसरे हाफ के 69वें मिनट में यूपी के लेफ्टआउट अमित यादव के पास पर राधेरमन ने दूसरा गोल कर टीम का स्कोर 2-1 कर दिया। इस तरह यूपी ने 2-1 से मैच जीत लिया।

प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी - फोटो : अमर उजाला
99 रन से मैच जीतकर आरपीएफ की टीम फाइनल में
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की ओर से अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल सोमवार को लहरतारा स्थित मिनी स्टेडियम में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और कार्मिक विभाग के बीच खेला गया। इसमें आरपीएफ की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कार्मिक विभाग पूरी टीम लक्ष्य का 50 फीसदी रन भी नहीं बना सकी और 19.5 ओवर में ऑलआउट हो गई। इस तरह सुरक्षा बल ने 99 रन से मैच जीतकर फाइनल मे प्रवेश कर लिया। आरपीएफ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए। इसमें आरपीएफ के संतोष यादव ने 49 गेंद पर चार चौके और चार छक्के की मदद से 66 रन, रामप्रवेश यादव ने 38 गेंद पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन और शेषनाथ यादव ने 18 गेंद पर तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 41 रन बनाए।

गेंदबाजी में कार्मिक विभाग 29 अतिरिक्त रन लुटाए। कार्मिक विभाग की तरफ से अमित कुमार ने चार ओवर में 30 रन देकर दो विकेट, भृगेंद्र और अमन को एक-एक विकेट मिला। 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कार्मिक विभाग की टीम 19.5 ओवर में 104 रन पर आउट हो गई। आरपीएफ ने 99 रनों से मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। कार्मिक विभाग की ओर से वरिष्ठ मंडल अधिकारी अभिनव सिंह ने 19 गेंद पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाए। अनिल ने 15, अभिषेक और प्रभाकर ने 13-13 रन बनाए।  

वॉलीबॉल में रुस्तमपुर, कबड्डी में बरियासनपुर ने मारी बाजी

प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने सोमवार को युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल की ओर से खेल मैदान बरियासनपुर में आयोजित दो दिवसीय विधायक खेल स्पर्धा का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के पहले दिन वॉलीबाल, कबड्डी और दौड़ स्पर्धाएं हुईं। वॉलीबाॅल के सब जूनियर बालक वर्ग में रुस्तमपुर की टीम ने उमरहां को पराजित किया। जूनियर पुरुष वर्ग में सीवों की टीम ने बरियासनपुर को हराया। जूनियर पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में बरियासनपुर की टीम ने रमना को पराजित कर खिताब जीता। दौड़ प्रतियोगिताओं में 100 मीटर स्पर्धा में शिवप्रकाश पटेल प्रथम, नंदलाल गुप्ता द्वितीय स्थान पर रहे। 800 मीटर दौड़ में सत्यम राजभर ने प्रथम, इमरान आलम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सब जूनियर महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में नीतू कन्नौजिया प्रथम, कृति पाल द्वितीय रहीं। जूनियर पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अभिनव राज प्रथम, निकेतन सिंह द्वितीय पर रहे। 200 मीटर दौड़ में अभिनव राज ने प्रथम, सचिन चौहान ने द्वितीय हासिल किया। वहीं 1500 मीटर जूनियर पुरुष वर्ग की दौड़ में राज राय प्रथम, प्रदीप चौहान द्वितीय स्थान पर रहे। संचालन युवा कल्याण अधिकारी आराजी लाइ रीना यादव ने किया। इस अवसर पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य शिवमंगल बीयार, छोटे लाल तिवारी, विवेक सिंह, वीरेंद्र कुमार, गौरव सिंह उपस्थित रहे।

सहारनपुर ने लीग में हार लिया बदला, वाराणसी को रजत पदक
लीग मैच में काशी की टीम से मिली हार का बदला लेकर सहारनपुर की टीम ने मैच जीता। सोमवार को खेले गए मुकाबले में वाराणसी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। 5वीं यूपी स्टेट सब जूनियर बालिका रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता सीतापुर के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेली गई। यूपी स्टेट सब जूनियर बालिका रग्बी फुटबाॅल प्रतियोगिता के फाइनल में सहारनपुर ने वाराणसी की टीम को 2-1 के स्कोर से पराजित हो गई। लीग दौर में वाराणसी ने सहारनपुर को हराया था। टीम कोच अवनीश पाल थे। वाराणसी की ओर से विकास इंटर काॅलेज की छात्रा काजल यादव, रोशनी राजभर और काजल चौहान ने शानदार प्रदर्शन किया। सभी खिलाड़ी परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में प्रशिक्षण करती हैं।  
विज्ञापन

तनीष के खेल से आदर्श क्रिकेट क्लब की आसान जीत

प्लेयर ऑफ द मैच तनीष डोडवानी के 52 रन और 27-2 के खेल से आदर्श क्रिकेट क्लब ने यहां अमौली स्थित जाॅर्डन क्रिकेट मैदान पर खेली जा रही बाबू तैलंग स्मृति सीनियर जिला क्रिकेट लीग में सोमवार को बीएलडब्ल्यू जूनियर्स को 27 रन से पराजित कर दिया। पहले खेलते हुए आदर्श क्रिकेट क्लब की टीम ने 34.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 170 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी बीएलडब्ल्यू जूनियर्स की टीम 33.2 ओवर में 143 रन पर सिमट गई। तनीष के अलावा प्रख्यात सिंह ने चार और शुभम चौरसिया ने तीन विकेट प्राप्त किया।  

सिगरा स्टेडियम में होगा जूनियर कुश्ती टीम का ट्रायल
खेल विभाग और यूपी कुश्ती संघ की ओर से प्रादेशिक जूनियर कुश्ती 9 से 11 जनवरी बलिया में खेली जाएगी। इसमें खेलने के लिए जिला और मंडलीय टीम का चयन ट्रायल सिगरा के डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया है कि जिले की कुश्ती टीम का चयन ट्रायल 31 दिसंबर को होगा। खिलाड़ियों का वजन सुबह 9 से 10 बजे तक और ट्रायल 11 बजे से होगा। मंडलीय टीम का चयन ट्रायल सिगरा स्टेडियम में 2 जनवरी को होगा। वजन सुबह 10 से 11 बजे तक और ट्रायल 12 बजे से होगा। चयन ट्रायल में 2006 से 2008 के बीच जन्मतिथि वाले खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।  

वीपीसीसी मुंबई और भदोही की टीम अगले चक्र में पहुंची
राज्य आमंत्रण स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता के पांचवे दिन सोमवार को श्रीसाई क्रिकेट एकडमी आजमगढ़ और वीपीसीसी मुंबई के बीच 16-16 ओवरो का मैच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वीपीसीसी मुंबई ने 16 ओवरों में 123 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आजमगढ़ एकडेमी 103 रन पर सिमट गई। दूसरा मैच जीबी पंत भदोही और मातलदेई वाराणसी बीच खेला गया। इसमें वाराणसी की टीम ने 15 ओवर में सभी विकेट खोकर 91 रन बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भदोही ने 12.3 ओवर 92 रन बनाकर चार विकेट से जीत लिया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें