यूपी कॉलेज में वर्ष 1987 से 2017 तक भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) तक हॉकी का छात्रावास था। यहां टर्फ भी लग गई है इसलिए अब यहां भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) सेंटर दोबारा शुरू होना चाहिए। यह बातें ओलंपियन ललित उपाध्याय ने मंगलवार सुबह यूपी कॉलेज परिसर में बातचीत के दौरान कहीं। उन्होंने बताया कि आज हॉकी में तकनीक का प्रयोग हो रहा है। दुनिया के सभी बड़े मुकाबले टर्फ पर खेले जा रहे हैं। घास पर खेलकर निकले खिलाड़ी एकदम से टर्फ पर खेलने में असहज होते हैं। अगर शुरू से ही खिलाड़ियों को टर्फ मिले तो उनका आउटपुट और भी अच्छा होगा। इससे खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
टर्फ का नाम ओलंपियन ललित के नाम करने की मांग
हॉकी वाराणसी के पदाधिकारियों ने यूपी कॉलेज में नवनिर्मित हॉकी टर्फ का नाम दो ओलंपिक में भारत को पदक दिलाने वाले वाराणसी के ललित उपाध्याय के नाम पर करने की मांग की। हॉकी वाराणसी अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ओलंपियन ललित उपाध्याय के प्रयासों से यूपी कॉलेज में टर्फ मिलने की सराहना की। उन्होंने पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर टर्फ और हॉकी मैदान का नाम ललित उपाध्याय के नाम पर रखने की मांग की। ललित ओलंपिक के अलावा तीन विश्व कप में भी भारतीय टीम का हिस्सा ले चुके हैं।
पहले हाफ में गोल नहीं, दूसरे हाफ के 49वें और 60वें मिनट में गोल कर जमशेदपुर बनी विजेता
मैच के दौरान गोल का प्रयास करते खिलाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
ऑल इंडिया फुटबॉल फडरेशन (एआईएफएफ) की ओर से अंडर-14 यूथ फुटबॉल लीग मंगलवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) इंटर कॉलेज मैदान पर खेली गई। इसमें जमशेदपुर फुटबॉल क्लब ने इंटर काशी फुटबॉल एकेडमी को 2-0 से हरा दिया। पहला हाफ गोल रहित रहा। दूसरे हाफ के 49वें मिनट में जमशेदपुर के पीयूष महतो और 60वें मिनट में कार्तिकेयन ने गोल कर टीम को जीत दिलाई।
मैच शुरू होते ही दोनों टीमों ने एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर कई हमले किए लेकिन गोल करने में नाकाम रहे। इंटर काशी के फॉर्वर्ड खिलाड़ी ने कई बार अच्छा प्रयास किया लेकिन जमशेदपुर फुटबॉल क्लब के गोलकीपर ने शानदार बचाव किया। मैच के दूसरे हाफ में 49वें मिनट में जमशेदपुर के पीयूष महतो ने डी एरिया में दो खिलाड़ियों को चकमा देते हुए राइट कॉर्नर से के गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।
कार्तिकेयन ने सुनिश्चित की टीम की जीत
मैच में दूसरा गोल 60वें मिनट में आया। जमशेदपुर के कार्तिकेयन ने दाएं छोर से मिले क्रॉस पर हाफ वॉली से किक की। बॉल गोलकीपर को चकमा देते हुए गोलपोस्ट में गई। इस तरह कार्तिकेयन ने टीम का स्कोर 2-0 कर जमशेदपुर को जीत दिला दी। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश और विशिष्ट अतिथि फुटबॉल कोच भैरव दत्त ने पुरस्कृत किया। संचालन मुश्ताक अली और धन्यवाद ज्ञापन दिनेश नेगी ने किया।
वूशु में शिएट कॉलेज की दो छात्राओं ने जीते पदक
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल मैदान में संपन्न हुई। अंतरराष्ट्रीय वूशु प्रतियोगिता में शिएट कॉलेज गहनी की दो छात्राओं ने पदक जीते। बीए प्रथम वर्ष की छात्रा पूजा पटेल ने स्वर्ण जबकि छावनी परिषद निवासी अंजली सिंह ने रजत पदक जीता। छात्राओं की उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्रबंधक नवीन सिंह ने घोषणा की कि विद्यालय प्रबंधन दोनों छात्राओं के खेल और शिक्षा का खर्च उठाएगा।
सुपर ओवर में जगतपुर ने जीती ट्रॉफी
कपसेठी स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में आयोजित स्वर्गीय उदय नाथ सिंह चुलबुल स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हुई। 20 ओवर के मैच में फाइनल का नतीजा सुपर ओवर से हुआ। जगतपुर ने सात रन से जीत हासिल कर चैंपियन बना। चंदौली की टीम टॉस जीत 20 ओवर में 169 रन पर ऑलआउट हो गई। जगतपुर ने भी 169 रन ही बनाए। सुपर ओवर में जगतपुर की टीम ने सात रन से जीती।
शिवाजी हॉल की चार खिलाड़ियों ने जीते पदक
बनियापुर में 7 से 9 फरवरी तक आयोजित सब जूनियर प्रादेशिक कुश्ती में बीएचयू परिसर स्थित शिवाजी हॉल में अभ्यास करने वाली चार बालिका पहलवानों ने पदक जीते। ये सभी खिलाड़ी बीएचयू के विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सहायक निदेशक डॉ. हरिराम यादव की देखरेख में अभ्यास करती हैं। कुश्ती के 73 किलो में पायल यादव ने स्वर्ण, 61 किलो में कौशिकी कुशवाहा ने स्वर्ण, 49 किलो में रिया यादव रजत पदक और 46 किलो में आकांक्षा यादव कांस्य पदक जीता।