फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sports News: क्रिकेट...35 साल बाद लगातार 5वीं जीत, अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए BHU क्वालिफाई; खेल की खबरें

Sun, 18 Jan 2026 02:26 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: बीएचयू के खिलाड़ियों ने कटक में आयोजित पूर्वी जोन क्रिकेट प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसके साथ ही वाराणसी में भी कई खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन हो रहे हैं। खिलाड़ी इसमें बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं।
विज्ञापन
बीएचयू की विजेता टीम। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Sports News in Hindi: ईस्ट जोन अंतर विश्वविद्यालयीय क्रिकेट टूर्नामेंट में काशी हिंदू विश्वविद्यालय ने घरेलू मैदान से इतर 35 साल बाद अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया। बीएचयू क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने कटक (ओडिशा) में आयोजित पूर्वी जोन क्रिकेट प्रतियोगिता में लगातार पांच टीमों को शिकस्त दी। बीएचयू की टीम ने 2004 और 2010 के दौरान घरेलू मैदान पर जीत हासिल कर अखिल भारतीय मुकाबले का टिकट हासिल किया था।

विज्ञापन


 विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद बीएचयू के सहायक निदेशक डॉ. वैभव राय ने बताया कि बीएचयू की क्रिकेट टीम ने 35 साल बाद यह मुकाम हासिल किया। कहा कि युवा ऊर्जा से लबरेज यह यह टीम ट्रॉफी हासिल करेगी। बीएचयू की क्रिकेट टीम ने सधा हुआ और अनुशासित प्रदर्शन कर अहम मुकाबले में लक्ष्य का पीछा कर जीत दर्ज की। 

मुकाबले में सिद्धांत पाठक ने 54 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को मजबूती दी।  सचिन ने संयम और धैर्य के साथ 39 रन बनाते हुए जीत की नींव रखी। गेंदबाजों ने भी कसी हुई गेंदबाजी कर विपक्षी टीम को सीमित स्कोर पर रोके रखा। इस जीत के साथ बीएचयू टीम ने ईस्ट जोन से आगे बढ़ते हुए ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट प्रतियोगिता में स्थान सुनिश्चित कर लिया। 
विज्ञापन


विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. एके नेमा ने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और टीम प्रबंधन को बधाई दी। विपक्षी टीम ने आठ विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी बीएचयू की टीम ने चार विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। बीएचयू के खिलाड़ियों ने विजयी रन चौके के रूप में बनाए। चयनकर्ता प्रो. दीपक डोगरा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताई।

Trending Videos

विद्यापीठ की विजेता टीम के खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
हॉकी में खेलेगी काशी विद्यापीठ की टीम
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की हॉकी टीम ने अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 के लिए क्वालीफाई कर लिया। विद्यापीठ की टीम ने संबलपुर विश्वविद्यालय में आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतरविश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता में विरोधी टीम रांची विश्वविद्यालय की टीम 3-1 के स्कोर से हराकर यह उपलब्धि हासिल की। विद्यापीठ की ओर से सहबाज खान, रोहित सिंह चौहान और विकास उपाध्याय ने गोल किया। रविवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। 

फुटबाॅल प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
खेलो इंडिया फुटबॉल के लिए ट्रायल देंगे 3 खिलाड़ी
बरेका फुटबॉल नर्सरी से 3 खिलाड़ियों का चयन खेलो इंडिया फुटबॉल की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। इसमें ध्रुव देशवाल, राज जायसवाल और अल्तमस अली का चयन राष्ट्रीय टीम के फाइनल ट्रायल के लिए हुआ। इनका चयन ट्रायल 23 जनवरी को मुंबई में होगा। फुटबॉल नर्सरी के कोच भैरव दत्त ने बताया कि अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ी देश के जाने माने फुटबॉल क्लब और एकेडमी से खेलेंगे। इससे पूर्व हुए चयन ट्रायल में देशभर से बीस हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

राष्ट्रीय निशानेबाजी टीम के लिए ट्रायल देंगी पूजा
भारतीय निशानेबाजी टीम का हिस्सा बनने के लिए राष्ट्रीय निशानेबाजी टीम का चयन ट्रायल पूणे के वालेवाड़ी स्टेडियम में खेली जाएगी। 21 और 22 जनवरी को आयोजित चयन ट्रायल में वाराणसी की महिला शूटर पूर्जा वर्मा हिस्सा लेने रवाना होंगी। यूपी पुलिस में कार्यरत पूजा कैंटोनमेंट स्थित रायफल शूटिंग रेंज पर अभ्यास करतीं हैं। 

स्कूली फुटबॉल में खेलेंगी काशी की दो खिलाड़ी
69वीं माध्यमिक स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए घोषित यूपी टीम में फुटबॉल नर्सरी के दो खिलाड़ियों का चयन हुआ। कोच भैरव दत्त ने बताया कि बरेका फुटबॉल नर्सरी की दो बालिकाएं प्रीति यादव और मोहिनी कुमारी का चयन स्कूली नेशनल की अंडर-19 फुटबॉल टीम में हुआ। दोनों खिलाड़ी कल 22 जनवरी से मणिपुर की राजधानी इम्फाल में होने वाली प्रतियोगिता में खेलेंगी। संवाद

पैरा पावरलिफ्टिंग में खेलेंगे बीएचयू के प्रभात
राष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता उत्तराखंड के रुड़की में खेली जाएगी। इसमें काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर स्थित विधि संकाय के दिव्यांग खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 65 किलो भार वर्ग के प्रभात दमखम दिखाएंगे। यह प्रतियोगिता 16 से 18 जनवरी तक खेली जाएगी। प्रभात ने गत वर्ष नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। 

प्रयागराज ने काशी को हराया
भदोही के सेवा सदन इंटर कॉलेज के मैदान पर चल रहे मोढ़ चैंपियनशिप टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को महिलाओ का प्रदर्शनी मैच प्रयागराज-वाराणसी के बीच खेला गया। इसमें प्रयागराज की टीम ने वाराणसी को हरा दिया। प्रयागराज की शालिनी सिंह को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द वुमेन चुना गया। 

अंशुमान ने मिर्जापुर के अर्पित को दी पटकनी
बलिया नगर के वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में राज्य स्तरीय जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन क्वार्टर फाइनल मैच हुए। 67 किलोग्राम भार वर्ग में वाराणसी के रितेश पटेल ने अयोध्या के अरविंद यादव तथा आजमगढ़ के सूरज यादव ने मुरादाबाद के अमित यादव को पराजित किया। ग्रीको रोमन 72 किलोग्राम भार वर्ग में वाराणसी के अंशुमान यादव ने मिर्जापुर के अर्पित गौतम तथा देवीपाटन के अंगद यादव ने आजमगढ़ के पिंकू को मात दी। 

77 किलोग्राम भार वर्ग में कानपुर के अंकित यादव ने बरेली के गणेश तथा वाराणसी के विष्णु गुप्ता ने मेरठ के वसीम को पराजित किया। 82 किलोग्राम भार वर्ग में देवीपाटन के हिमांशु यादव ने मेरठ के तनिष्क तथा मिर्जापुर के नीरज यादव ने गोरखपुर के अवनीश यादव को मात दी। मुख्य कोषाधिकारी आनंद दुबे ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। 

जेपीएल में काशी नाइट राइडर्स 26 रन से जीता
शिवपुर स्थित केंद्रीय कारागार में खेले जा रही जेल प्रीमियर लीग (जेपीएल-2026) में फ्रीडम फाइटर्स राॅयल्स और काशी नाइट राइडर्स बीच खेला गया। यह मुकाबला काशी नाइट राइडर्स की टीम ने 26 रन से जीत हासिल की। 

फ्रीडम फाइटर्स राॅयल्स के कप्तान नरेंद्र प्रताप सिंह ने टॉस जीत कर क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी नाइट राइडर्स की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 110 रन बनाए। फ्रीडम फाइटर्स रॉयल्स के धर्मेंद्र मिश्र और अवधेश कुमार ने 3-3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रीडम फाइटर्स राॅयल्स की पूरी टीम केवल 84 रन पर सिमट गई। रविवार को दो मुकाबले होंगे।

परानापुर स्थित बलदेव नगर अखाड़े पर दंगल मं जोर आजमाते पहलवान। - फोटो : संवाद
रोहित ने काशी के जसवंत गिरी को हरा जीता 51 हजारी दंगल
चौबेपुर क्षेत्र के परानापुर स्थित बलदेव नगर अखाड़े पर स्व. सोमन पहलवान के स्मृति में शनिवार दोपहर दंगल हुआ। इसमें 51 हजार रुपये की इनामी दंगल में हरियाणा के रोहित पहलवान ने वाराणसी के जसवंत गिरी को चित कर दिया। 

दूसरा प्रमुख दंगल राजू नागपुर और धनंजय बलिया के बीच हुई। इसमें राजू नागपुर नें धोबिया पाट दांव लगाकर जीत हासिल की। पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों के अखाड़ों के कई पहलुओं ने दमखम दिखाया। वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, बलिया, हरियाणा, सेना, स्वामीनाथ, नयपुरा जनपद के पहलवानों नें कुश्ती में प्रतिभाग किया।

दंगल के आयोजन सचिव संतराम यादव और राजकुमार यादव नें अतिथियों को सम्मानित किया। मौके पर रविंद्र मिश्रा, सुरेंद्रनाथ यादव, प्यारे लाल यादव, संजय बाबा, संतोष पहलवान, राजन पहलवान, भैरो पहलवान, सहेन्दर की उपस्थिति रही। संचालन झगड़ू और रामसेवक मास्टर ने किया।
विज्ञापन

हाथों से चलाएंगे व्हील चेयर, 30 हॉकी के खिलाड़ी पहुंचे वाराणसी
हम हाथों से व्हील चेयर के पहिए घुमाएंगे और हॉकी में दमखम दिखाएंगे। यूपी हॉकी टीम के खिलाड़ियों ने शनिवार शाम बातचीत के दौरान ये बात कही। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की पहली व्हील चेयर हॉकी वाराणसी के परमानंदपुर में खेली जाएगी। पैरा हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से मेजर ध्यानचंद दिव्यांग हॉकी टूर्नामेंट बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉपलेक्स में खेली जाएगी। 

इसमें खेलने के लिए 30 दिव्यांग हॉकी खिलाड़ियों का दल शनिवार देर शाम वाराणसी पहुंचा। पैरा हॉकी टूर्नामेंट में यूपी और और उत्तराखंड की टीमों में शामिल खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उत्तर प्रदेश पैरा हॉकी एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक दिव्यांग बंधु डॉ. उत्तम ओझा ने बताया कि दिव्यांगजनों को खेल के माध्यम से सशक्त किया जा रहा है। 

उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट दो राज्यों उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के खिलाड़ियों के मध्य खेला जाएगा। एकदिवसीय प्रतियोगिता में कुल तीन मैच होंगे। दो लीग के बाद फाइनल शाम 4 बजे से खेला जाएगा। जन विकास समिति के सहयोग से विकास इंटर कॉलेज मैदान में होने वाले इस समारोह में मुख्य अतिथि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के पुत्र अशोक ध्यानचंद होंगे।

प्रतियोगिता में महिला हॉकी खिलाड़ी डॉ. अलका दुबे, डॉ. संजय चौरसिया और अरविंद चक्रवाल को कार्यक्रम संयोजक नियुक्त किया है। पैरा हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से मेजर ध्यानचंद दिव्यांग हॉकी टूर्नामेंट से पूर्व शनिवार को ट्रॉफी का अनावरण शिवदासपुर में हुआ। इस मौके पर आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें