पुआरी कला के बेदी गांव के एक ही परिवार के तीन भाई-बहन एथलेटिक्स में काशी के साथ-साथ माता-पिता का नाम रोशन कर रहे हैं। लालपुर में चल रही एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंडर-16 के 600 मीटर में स्वर्ण जीतकर राष्ट्रीय के लिए क्वालिफाई कर चुकी शिवांगी यादव बुधवार को 400 मीटर दौड़ में भी प्रतिभा दिखाएंगी।
शिवांगी ने पिछले साल भी इसे प्रतियोगिता में 600 मीटर में ही गोल्ड जीता था। वह रोज सुबह और शाम को तीन-तीन घंटे स्टेडियम में अभ्यास करती हैं। स्टेडियम से उनके घर की दूरी 12 किलोमीटर है। वह रोज साइकिल से अभ्यास करने जाती हैं। खास बात यह है कि उनके नक्श ए कदम पर छोटी बहन और भाई भी चल रहे हैं।
एथलेटिक्स : वाराणसी ने चार और मेरठ ने तीन गोल्ड जीते
लालपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में 68वीं प्रादेशिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सिंथेटिक ट्रैक पर मंगलवार को चार वर्ग की स्पर्धाओं में 600 एथलीट ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में वाराणसी जबकि बालक वर्ग में मेरठ मंडल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
दौड़, हैमर थ्रो, हर्डल दौड़, ऊंची और लंबी कूद में भी खिलाड़ियों ने प्रतिभा दिखाई। वाराणसी ने चार और मेरठ ने तीन गोल्ड जीतकर दबदबा बनाए रखा है।
अंडर-19 बालिका वर्ग के 3000 मीटर दौड़ में वाराणसी की श्रद्धा पटेल, अंडर-17 में अयोध्या की शाहिन बानो ने बाजी मारी। अंडर-19 बालक वर्ग के 400 मीटर हर्डल दौड़ में सैफई के राहुल यादव और बालिका वर्ग में मेरठ की राखी, अंडर-17 बालक वर्ग में बरेली के मोहित शर्मा, अंडर-14 बालिका वर्ग में सहारनपुर की अविका बालियान ने स्वर्ण पदक जीत राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया।
संचालन राकेश सिंह, धन्यवाद जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने किया। इस मौके पर डॉ. हरेंद्र राय, अनुराधा पांडेय, अनुरमा, डॉ. जीतेंद्र, गोपाल, विनोद सिंह मौजूद रहे।
80 की जगह 10 हर्डल से हुई प्रतियोगिता : प्रतियोगिता में मंगलवार को उपकरणों की कमी का सामना करना पड़ा। जो स्पर्धा मिनटों में होनी थी उसे कराने में कई घंटे लगे। अधिकारी दानिश मोहसिन, जीएम एम इंटर कॉलेज, बेल्थरा रोड़, बलिया ने बताया कि आठ लेन के ट्रैक पर 80 हर्डल होने थे। हर ट्रैक पर 10 हर्डल जरूरी हैं। जबकि हर्डल केवल 10 थे।
हैंडबॉल में स्टेडियम और एकेडमी चैंपियन
केराकतपुर स्थित स्कूल में खेली जा रही मंडलीय हैंडबॉल प्रतियोगिता मंगलवार को समाप्त हो गई। प्रतियोगिता में छह टीमों के 72 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बालक वर्ग में बड़ालालपुर की टीम ने एसएन पांडेय हैंडबॉल एकेडमी को जबकि बालिका वर्ग में विकास हैंडबॉल एकेडमी ने विकास इंटर कॉलेज को हराकर ट्रॉफी जीत ली। इस दौरान हैंडबॉल संघ की उपमा पांडेय, निशांत सिंह, यूपी हैंडबॉल संघ के शम्स तबरेज शंपू मौजूद रहे। निर्णायक की भूमिका अमित पांडेय, सूर्यभान, विकास सोनकर ने निभाई।
वॉलीबॉल में वाराणसी ने ट्रॉफी जीती
अमर शहीद रवि सिंह की स्मृति में पश्चिम वाहिनी गोगांव की दो दिवसीय डे नाइट वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच रोमांचक रहा। वाराणसी की टीम ने प्रयागराज को लगातार दो सेट 25-21 व 52-20 से हराकर ट्राॅफी व 15 हजार रुपये नकद पुरस्कार पर कब्जा जमाया। निर्णय वेस्ट ऑफ फाइव से किया गया। वाराणसी के विकास को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
कबड्डी टीम के विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
कबड्डी में महादेव पीजी कॉलेज विजयी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ अंतर महाविद्यालयीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता मंगलवार को राम ललित सिंह पीजी कॉलेज में हुई। प्रतियोगिता में कुल 13 टीमों ने भाग लिया। उद्घाटन मैच धीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज वाराणसी और अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज वाराणसी के बीच हुआ। अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज विजय रहा। पहला सेमीफाइनल महादेव पीजी कॉलेज बरियासनपुर और महाराजा बलवंत सिंह पीजी कॉलेज के बीच हुआ।
महादेव पीजी कॉलेज विजयी रहा। दूसरा सेमीफाइनल राम ललित सिंह महाविद्यालय कैलहट और राजकीय पीजी कॉलेज बीएलडब्ल्यू वाराणसी के बीच हुआ। राम ललित सिंह महाविद्यालय विजयी रहा। फाइनल में रामललित सिंह महाविद्यालय को हराकर पीजी कॉलेज विजेता रहा। उद्घाटन प्रबंधक अनमोल सिंह ने किया।
बड़ालालपुर स्टेडियम में एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दौड़ते धावक।
- फोटो : अमर उजाला
बच्चों को ओलंपिक में भेजने का सपना : महेश
शिवांगी के पिता महेश यादव ने बताया कि उनका सपना अपने बच्चों को ओलंपिक तक पहुंचाने का है। दोनों बेटियां लालपुर स्टेडियम में सुबह-शाम को एथलेटिक्स कोच चंद्रभान यादव की देखरेख में अभ्यास करती हैं। शिवांगी का भाई अमन यादव भी 200 और 400 मीटर दौड़ में भाग लेता है।
वह प्रादेशिक प्रतियोगिता का चैंपयिन रह चुका है। फिलहाल वह स्पोर्ट्स हॉस्टल में रहकर खेल की बारीकियों को सीख रहा है। वह सातवीं का छात्र है। शिवांगी की सबसे छोटी बहन गुड़िया पांचवीं की छात्रा है। 2023 में मंडलीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 200 मीटर दौड़ में जीत हासिल कर मंडल स्तर की प्रतियोगिता में भी भाग लिया है।
काशी सांसद खेलकूद में कबड्डी की सबसे ज्यादा 44 टीमों ने कराया पंजीकरण
काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता में डेढ़ लाख खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इस बार सबसे ज्यादा 44 महिला कबड्डी टीम ने पंजीकरण कराया है। तैयारियां शुरू हो गई हैं। सीडीओ हिमांशु नागपाल ने बताया कि सिगरा स्टेडियम में मुख्य मुकाबले खेले जाएंगे। इंडोर के सभी मुकाबले नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होंगे।
प्रतियोगिता की शुरुआत ग्राम पंचायत स्तर पर होगी। इसके बाद शहरी क्षेत्र की प्रतियोगिता होंगी। निशानेबाजी कैंटोंमेंट के शूटिंग रेंज पर होगी जबकि एथलेटिक्स की इंडोर की प्रतियोगिता सिगरा स्टेडियम में होगी। इसमें बैडमिंटन, जूडो, बास्केटबॉल, तैराकी शामिल है। प्रतिभागियों को स्थलों की जानकारियां दी जाए, ताकि दिक्कत न हो। महिला और पुरुष के अलग खेल होंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि ऑफलाइन पंजीकरण भी कराया जा सकता है। क्रिकेट, फुटबॉल व बैडमिंटन को विद्यालय, विश्वविद्यालय, लोकल स्तर पर कराने का फैसला लिया गया है। वरुणा पार जोन के 40 स्थलों को चिह्नित किया गया है। उधर, दिव्यांग बंधु डॉ. उत्तम ओझा ने डीएम को पत्र लिख दिव्यांग खेल को शामिल कराने की मांग की है।
ट्रायल मैच खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
हॉकी : बीएचयू की टीम ने कौशांबी को 4-0 से हराया
बीएचयू वाराणसी, झांसी, भदोही और प्रयागराज ने पद्मश्री पंडित जमनलाल शर्मा मेमोरियल सब जूनियर राज्य स्तरीय हॉकी टूर्नामेंट में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
वाराणसी ने कौशांबी को 4-0 से पराजित किया। चंद्रभान गुप्त मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में बीएचयू वाराणसी का सामना कौशांबी से हुआ। खेल के चौथे और नौवें मिनट में आर्यन ने मैदानी गोल करते वाराणसी को 2-0 की बढ़त दिलाई। खेल के 35वें मिनट में प्रदीप राजभर ने कौशांबी की रक्षापंक्ति में सेंध लगाई और गोल कर टीम को 3-0 की बढ़त दिलाई। खेल के 50वें मिनट में वाराणसी के राजवीर यादव ने गोल किया और टीम को 4-0 की बढ़त दिलाई, जो मैच के अंत तक कायम रही।
उद्घाटन क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अजय कुमार सेठी ने किया। इस मौके पर ओलंपियन सुजीत कुमार, सैयद अली, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मुकुल शाह, इमरान उल हक, राकेश टंडन, पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी मनोज कुमार, संतोष, यासीन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मंडलीय हॉकी के लिए 16 सदस्यीय टीम घोषित
लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में चयन परीक्षण के बाद जनपदीय जूनियर बालक हॉकी टीम की घोषणा कर दी गई। प्रदर्शन के आधार पर 16 खिलाड़ियों का चयन हुआ। चयनित खिलाड़ी सात नवंबर को मंडलीय ट्रायल में हिस्सा लेंगे। चयनित टीम 11 नवंबर को रामपुर में होने वाली प्रादेशिक प्रतियोगिता में खेलेगी।
डॉ. एके सिंह ने बताया कि टीम में समीर, रौनक सिंह, मोनू गौड़, अवनीश, विकास, सत्यम, रोहित, आर्यन पाल, गौतम, गौर, मृदुल, शैलेंद्र, आकाश, रोहित, आकाश और प्रियांशु चुने गए हैं। मंडल की टीम 10 नवंबर को कैंट स्टेशन से रामपुर रवाना होगाी। 15 दिवसीय शिविर में 45 खिलाड़ियों ने सुबह शाम छह घंटे पसीना बहाया।
शिवम की बल्लेबाजी से अकादमी सेमीफाइनल में
बाबू तेलंग मेमोरियल सीनियर जिला क्रिकेट लीग में जय क्रिकेट अकादमी और ओलंपियन विवेक क्रिकेट अकादमी के बीच मैच खेला गया। टॉस जीकर बल्लेबाजी करते हुए विवेक अकादमी ने 223 रन का लक्ष्य दिया। कोच राजकुमार गुप्ता ने बताया कि शिवम पटेल 88, यशवर्धन ने 50 और रोशन ने 38 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए जय एकेडमी की पूरी टीम 171 रन पर ऑलआउट हो गई। विवेक अकादमी ने 51 रन से मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
अमन ने 61 किलो में अश्वनी को हराया
मिर्जापुर के कछवां स्थित सत्यनारायण सिंह खेल विकास संस्थान में आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न भार वर्ग में कुश्ती प्रतियोगिता हुई। दूसरे दिन 61 किलो भार वर्ग में हुई पहली कुश्ती में वाराणसी के अमन यादव ने आजमगढ़ के अश्वनी यादव को 3-1 से हराया। मिर्जापुर के विवेक ने वाराणसी के राकेश को 5-2 से हराया। 79 किलो भार वर्ग में मिर्जापुर के प्रशांत उपाध्याय ने वाराणसी के आकाश को हराया।
शतरंज में अंडर-17 में काशी तीसरे स्थान पर
लखनऊ और वाराणसी के खिलाड़ियों ने राज्य माध्यमिक शतरंज के अंडर-19 आयुवर्ग में संयुक्त रूप से बढ़त बनाई हुई है। इस आयुवर्ग में बरेली की टीम दूसरे स्थान पर है। अंडर- 17 बालिका वर्ग सहारनपुर प्रथम, बरेली दूसरे और वाराणसी तीसरे स्थान पर हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार ने किया। प्रतियोगिता में आज 10 मंडलों से 181 खिलाड़ी शामिल हुए।
लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज और यूपी पुलिस विजयी
लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज और यूपी पुलिस ने हनुमान कप राज्य हॉकी प्रतियोगिता में पूरे अंक प्राप्त किए। स्पोर्ट्स कॉलेज ने रामपुर हॉस्टल को 5-2 और यूपी पुलिस ने वाराणसी हॉस्टल को 7-5 से पराजित किया। यूपी पुलिस और वाराणसी हॉस्टल में भिड़ंत रोमांचक रही। मुकाबले में कुल 12 गोल हुए, जिसमें यूपी पुलिस ने 7-5 से जीत दर्ज कर विजयी अंक हासिल किए। विजेता टीम की ओर से अंकित प्रजापति और गगन राजभर ने दो-दो गोल किए। सूरज सिंह, अनवरुल्लान और अमित यादव एक-एक गोल किए।