26 जनवरी से उत्तराखंड में होने वाली प्रतियोगिता में दम दिखाएंगी बरेका की रेखा।
- फोटो : अमर उजाला
हैमर थ्रो में गोल्ड के लिए रोज आठ घंटे कर रहीं मेहनत
उत्तराखंड में 26 जनवरी से होने वाली राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बरेका की राष्ट्रीय खिलाड़ी रेखा सिंह हैमर थ्रो में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। रेखा स्वर्ण पदक के लिए बीएचयू के एंफीथियेटर में रोज आठ घंटे अभ्यास कर रही हैं। रेखा ने बताया कि वह रोज सुबह और शाम को पसीना बहाती हैं। उनके भाई राष्ट्रीय एथलीट हैं। उन्हें मेहनत करता देख खेल में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। रेखा ने बताया कि पहला स्वर्ण पदक 2011 में शॉर्टपुट में स्वर्ण जीता था। 2014 में यूथ मीट में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। 2016 जूनियर फेडरेशन में रजत और 2019 सीनियर ओपन नेशनल में स्वर्ण पदक जीता।
रस्साकशी में अग्रसेन पीजी कॉलेज चैंपियन
चंदौली के शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धानापुर में अंतर महाविद्यालयीय महिला रस्साकशी प्रतियोगिता में बलदेव पीजी कॉलेज को 2-0 से हराकर श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज विजेता बना। श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर फाइनल में प्रवेश किया।
टीम ने लगातार दूसरे साल स्वर्ण पदक जीता है। टीम की ओर से साधना सिंह, प्रीति पटेल, तनु गुप्ता, ज्योति गौड, श्वेता कुमारी, मोनी साहनी, सानिया सिद्दीकी, शालू अग्रसेन ने मैच खेला। प्रदर्शन के आधार पर महाविद्यालय की छात्रा साधना पटेल, सानिया सिद्दीकी और अंजली कनौजिया विद्यालयीय टीम के लिए चयनित हुई। क्रीड़ा परिषद की सचिव डॉ. नंदनी पटेल ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। जीत पर कोच श्रद्धा वर्मा, डॉ. शृंखला ने खुशी का इजहार किया।
सिगरा स्टेडियम में सात दिसंबर से शुरू होंगे पांच खेल
आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त सिगरा स्टेडियम में क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से सात दिसंबर से पांच खेलों का आगाज होगा। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी विमला सिंह ने बताया कि मुक्केबाजी, जिम्नास्टिक, क्रिकेट, फुटबॉल, हैंडबॉल, हॉकी व एथलेटिक्स की प्रतियोगिता 16 दिसंबर तक होगी। सात को जूनियर बालक वर्ग की मुक्केबाजी, 11 दिसंबर को जूनियर बालक-बालिका जिम्नास्टिक, 12 से 15 दिसंबर तक जूनियर बालक क्रिकेट प्रतियोगिता होगी।
लालपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में 11 दिसंबर को जूनियर बालक-बालिका एथलेटिक्स, 11 दिसंबर को जूनियर बालिका हैंडबॉल और 15 से 16 दिसंबर तक जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता होगी। पंजीकरण के इच्छुक खिलाड़ी सिगरा स्टेडियम में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय या कोच से संपर्क कर सकते हैं। नवनिर्माण के बाद सिगरा स्टेडियम में फुटबॉल की शुरुआत अगले सप्ताह से होगी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि शुरुआत जूनियर वर्ग से होगी। 13 को आगाज और समापन 14 दिसंबर को होगा।
17-14 से दी मात, प्रतियोगिता में पांच मैच खेल दागे 70 गोल
मुरादाबाद में प्रादेशिक हैंडबॉल प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल ने अपने से मजबूत अयोध्या मंडल की टीम को तीन गोल से धूल चटा दी। वाराणसी मंडल की टीम मात्र 20 दिन में लगातार दो प्रादेशिक ट्रॉफी जीतने वाली प्रदेश की पहली टीम बन गई है। प्रतियोगिता में टीम ने कुल पांच मैच खेले। सात राष्ट्रीय खिलाड़ियों से सजी टीम ने 70 गोल दागे।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता सुभाष चंद्र बोस खेल मैदान में हुई। वाराणसी ने अयोध्या मंडल को 17-14 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा किया। वाराणसी की ओर से राष्ट्रीय खिलाड़ी रेशमा यादव ने आक्रमण की शुरुआत की। शिवांगी पांडेय और नैना यादव ने भी साइड शॉर्ट के सहारे अयोध्या मंडल के गोलपोस्ट पर हमले किए। हाफ टाइम तक वाराणसी की टीम 10-8 से आगे रही।
दूसरे हाफ में आक्रमण की कमान सताक्षी, प्रीति यादव और सुमन ने संभाली। इन खिलाड़ियों ने अयोध्या के गोलपोस्ट पर हमले किए। लंबी सीटी बजने तक स्कोर वाराणसी के पक्ष में 17-14 रहा।
बोले अधिकारी
वाराणसी मंडल की टीम ने मैच दर मैच रणनीति बदल कर शानदार खेल दिखाया। काशी की बेटियों ने हर मैच शानदार तरीके से जीता। - डॉ. एके सिंह उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ
राइफल क्लब के शूटिंग रेल का शुभारंभ करते राज्यमंत्री।
- फोटो : अमर उजाला
निशानेबाजी में 60 निशानेबाजों ने साधा निशाना
काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता में कैंटोनमेंट के रायफल क्लब के शूटिंग रेंज पर निशानेबाजी प्रतियोगिता के पहले दिन 60 निशानेबाजों ने निशाना लगाया। उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल और जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने निशाना लगाकर किया। मंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत कर खेल में हो रहे विकास पर चर्चा की। पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि सात को समपान होगा। इस मौके पर अरविंद्र सिंह, पवन कुमार सिंह, अभिषेक मिश्र मौजूद रहे।
प्रादेशिक जूडो में खेलेंगे काशी के 14 खिलाड़ी
प्रदेशस्तरीय समन्वय सब जूनियर बालक-बालिका जूडो प्रतियोगिता कानपुर में खेली जाएगी। मंडलीय टीम का सलेक्शन ट्रायल 5 दिसंबर को इंग्लिशिया के भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज में हुआ। 45 खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा लिया। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि चयनित सब जूनियर बालक-बालिका वर्ग की 14 सदस्यीय टीम शुक्रवार को बनारस स्टेशन से कानपुर रवाना होगी।
प्रादेशिक बास्केटबॉल का ट्रायल आज
प्रदेशस्तरीय समन्वय सब जूनियर बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता आजमगढ़ में होगी। जिलास्तरीय टीम का सलेक्शन ट्रायल लालपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में हुआ। चयनित खिलाड़ी छह दिसंबर को मंडलीय ट्रायल में हिस्सा लेंगे। जो कि सुबह 10 बजे से होगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ियों के आधार कार्ड और शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति जमा करना होगा। अधिक जानकारी के लिए जूडो कोच लाल कुमार से संपर्क किया जा सकता है। प्रतियोगिता 10 से 13 दिसंबर तक होगी। इसके लिए खिलाडि़यों ने तैयारी शुरू कर दी है।
जूनियर नेशनल में खेलेंगे काशी के नौ खिलाड़ी
जूनियर नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता भुवनेश्वर में होगी। इसमें वाराणसी के नौ खिलाड़ी खेलेंगे। खिलाड़ियों का दल ओडिशा रवाना हो गया। उमेश कुमार 600 मीटर, आयुषी यादव ऊंचीकूद, शिखा यादव वॉक रेस, नंदनी राजभर 600 मीटर दौड़, अंजली कुमारी ट्रपथलॉन, अंशु रजक और जामिल 100 मीटर, हरित चौधरी 200, अभय दूबे 4000 मीटर दौड़ में यूपी टीम से खेलकर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। प्रतियोगिता 7 से 11 दिसबर तक खेली जाएगी। प्रतियोगिता में जीत हासिल करने के लिए खिलाड़ी हर रोज तीन से चार घंटे अभ्यास कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस बार स्वर्ण जीतकर मान बढ़ाएंगे।