वाराणसी। कोरोना संक्रमण के बीच टोक्यो ओलंपिक की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार ही खिलाड़ी मास्क लगाकर मैदान पर उतरेंगे। आईआईटी दिल्ली के छात्रों द्वारा तैयार मास्क पहनकर खेलने में खिलाड़ियों को कोई असुविधा नहीं होगी। मास्क को इस तरह से तैयार किया गया है कि इसको पहनकर खेलने पर भी खिलाड़ियों को ऑक्सीजन की कमी महसूस नहीं होगी।
भारतीय ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. आनंदेश्वर पांडेय ने बताया जुलाई 2021 में टोक्यो ओलंपिक के लिए जापान और भारत सरकार पूरी तरह से तैयार है। ओलंपिक खेलों के दौरान कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन कराया जाएगा। खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए भारतीय ओलंपिक संघ ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। भारतीय खिलाड़ियों के लिए ओलंपिक संघ ने विशेष मास्क बनवाया है। उसे पहनकर खेलते हुए खिलाड़ी को सांस लेने में ऑक्सीजन की कमी महसूस नहीं होगी। डॉ. पांडेय ने बताया कि आईआईटी दिल्ली के छात्रों ने एक खास तरीके का मास्क तैयार किया है। भारतीय ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. आनंदेश्वर पांडेय शुक्रवार को बनारस के एक महाविद्यालय के कार्यक्रम में शिरकत करने बनारस पहुंचे थे।
23 जुलाई से आठ अगस्त तक होगा ओलंपिक
टोक्यो ओलंपिक कोरोना वायरस की वजह से अगले साल 2021 तक के लिए टाल दिया गया है। ग्रीष्मकालीन ओलंपिक 23 जुलाई से आठ अगस्त तक टोक्यो में होंगे। यह ओलंपिक पहला ओलंपिक होगा जिसमें खिलाड़ी मास्क पहनकर उतरेंगे।