वाराणसी। युवा कल्याण विभाग की ओर से हुई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिता में शुक्रवार को कोरोना का असर देखने को मिला। राजकीय महिला इंटर कॉलेज मलदहिया में हर साल सैकड़ों प्रतिभागी स्वर संगीत और प्रतिभा का प्रदर्शन करते थे। मगर इस वर्ष कम प्रतिभागी ही पहुंचे। इसमें कथक में पिछले साल की विजेता अपराजिता पटेल इस वर्ष भी प्रथम रहीं। वहीं भरतनाट्यम में खुशी बरनवाल सहित कई प्रतिभगी प्रथम स्थान प्राप्त कर मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुने गए।
जिला युवा कल्याण अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि इस वर्ष कोरोना की वजह से ग्रामीण क्षेत्र के ज्यादातर प्रतिभागी हिस्सा नहीं ले सके। हालांकि चोलापुर, चिरईगांव, काशी विद्यापीठ जैसे ब्लॉकों से 100 प्रतिभागी प्रतियोगिता में शामिल हुए। इसमें शास्त्रीय गायन में वर्षा बसाक, तबला वादन में विनय मुखर्जी, सितार वादन में रोनीत चटर्जी, गिटार वादन में आशीष भारद्वाज, हारमोनियम में रामेश्वर गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि लोकगीत में चिरईगांव, एकांकी और लोकनृत्य में जीजीआईसी प्रथम स्थान प्राप्त कर मंडल चुनी गई।
मंडलीय प्रतियोगिता आज
मंडलीय प्रतियोगिता पांच दिसंबर को होगी, इसके विजेताओं को 12 दिसंबर को प्रयागराज में जोन स्तर की प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला समाज कल्याण अधिकारी मीना श्रीवास्तव ने किया। जबकि समापन जीजीआईसी की प्रधानाचार्य निशा यादव ने किया। इस मौके पर डॉ. नंदकिशोर, कुंजन सिंह, सुरेंद्र, महेंद्र, हरिशंकर, अवधेश नारायण सिंह सहित विद्यालय की कई छात्राएं उपस्थित रही।