बाबतपुर। कोलकाता में खराब मौसम के कारण बुधवार को स्पाइसजेट की एक उड़ान को वाराणसी एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। यह उड़ान बागडोगरा से कोलकाता जा रही थी। विमान में 182 यात्री और पांच बच्चे सवार थे।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी-905 बागडोगरा से कोलकाता जा रही थी। कोलकाता एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण इसे वाराणसी में उतारा गया। विमान में चालक दल के छह सदस्य भी शामिल थे, जिनमें दो पायलट और चार केबिन क्रू थे। विमान शाम 5:18 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से उतरा और उसे पार्क किया गया। डायवर्जन के दौरान एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कीं।
मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद विमान को अपने गंतव्य के लिए पुनः रवाना किया गया। फ्लाइट ने शाम 7:05 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए उड़ान भरी। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए थे। डायवर्जन के दौरान उनकी सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया।