Varanasi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड में है। पीएम की सुरक्षा को लेकर हर एहतियात बरतें जा रहे हैं। एसपीजी सहित पुलिस प्रशासन के लोग वाराणसी के हर क्षेत्र की अपने-अपने स्तर से जांच कर रहे हैं। नामांकन और रोड शो के दिन काफी भीड़ होने का अंदेशा लगाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन, रोड शो और नामांकन के मद्देनजर स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के अफसरों का दल शहर पहुंचा। बाबतपुर एयरपोर्ट पर पुलिस-प्रशासन और अन्य विभागों के अफसरों के साथ बैठक के बाद एसपीजी ने प्रधानमंत्री के रोड शो का रूट देखा।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर बाबतपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन स्थित सभागार में एडवांस सिक्योरिटी लायजनिंग बैठक हुई। अफसरों ने बताया कि पीएम मोदी एयरपोर्ट से सेना के हेलिकॉप्टर से बीएचयू हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। एप्रन पर उनकी अगवानी गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के अन्य शीर्ष नेता करेंगे।
विज्ञापन
बैठक के बाद एसपीजी के अफसरों ने टर्मिनल भवन, ऑपरेशनल एरिया, स्कैनर सहित एक-एक बिंदु का गहनता से निरीक्षण किया। रात 10 बजे से एसपीजी के अफसरों ने प्रधानमंत्री के रोड शो के रूट लंका स्थित मालवीय चौराहा, अस्सी, शिवाला, सोनारपुरा, गोदौलिया, बांसफाटक होते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम का निरीक्षण किया।
मंथन इस बात पर भी किया गया कि रोड शो में वापसी के दौरान प्रधानमंत्री विश्वनाथ धाम से गोदौलिया, गिरजाघर, लक्सा, रथयात्रा, महमूरगंज होते हुए बरेका स्थित गेस्ट हाउस जा सकते हैं।