Varanasi News: बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार थार ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
वाराणसी जिले में बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर बुधवार देर रात को तेज रफ्तार थार ने एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि थार ऑटो को करीब 10 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
विज्ञापन
दुर्घटना में ऑटो चालक शिवचंद पटेल निवासी कपसेठी समेत उसमें सवार यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल हरहुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने ऑटो चालक की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के कारण कुछ समय के लिए चौराहे पर यातायात प्रभावित रहा।