टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कार में सवार लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगे। पीछे से आ रही बारात की दूसरी गाड़ी में मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को कार से निकालकर जनसा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में कार चालक अभिषेक कुमार (25), दूल्हा सनी कुमार (25) पुत्र राजेंद्र, दुल्हन पूजा सानिया (23), दूल्हे की मामी कमलावती देवी (65) निवासी जलालपुर, मिर्जापुर तथा दूल्हे की बहन काजल (20) शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही कपसेठी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।