वाराणसी में शनिवार को कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में मरीजों के लिए बेड नहीं होने पर स्ट्रेचर पर ही हो रहा है इलाज ।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नही ले रहा है। शुक्रवार को 2420 मरीजों के मिलने के बाद शनिवार को भी 2168 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि विभिन्न अस्पतालों में 10 मरीजों ने दम तोड़ दिया।
कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही मौतों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को मिली 6927 रिपोर्ट में 2168 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। सबसे ज्यादा बीएचयू कैंपस में 40, रॉयल रेजिडेंसी मंडुआडीह में 27, बाबतपुर एयरपोर्ट 28, राजातालाब तहसील में 10, डीएम कंपाउंड के साथ ही ज्ञानदीप एकेडमी में भी रहने वाले लोगों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्टेट बैंक स्टेट बैंक कॉलोनी, ब्रिज एनक्लेव सुंदरपुर, पांडेयपुर, शिवपुर, लंका, सिगरा, संकटमोचन, भोजूबीर आदि जगहों में लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
मण्डलायुक्त दीपक अग्रवाल जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा सीएमओ डाक्टर वीबी सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने रामनगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय में कोविड के मरीजों को भर्ती करने के लिए निरीक्षण किया ।
- फोटो : अमर उजाला
कुल 491 की मौत, 16892 एक्टिव मरीज
शनिवार को 10 लोगों की मौत के बाद अब जिले में कुल 491 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। शनिवार को होम आइसोलेशन में 1984 लोगों को स्वस्थ घोषित किया गया और 12 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज हुए। इसके साथ ही अब कुल संक्रमित 54959 में 37576 लोगों को डिस्चार्ज के जाने के बाद अब भी 16892 लोग एक्टिव मरीज है।
बीएचयू में ही हुई चार की मौत
शनिवार को 10 लोगों की मौत में सबसे अधिक बीएचयू में चार लोग शामिल हैं। बीएचयू में भर्ती गणेश धाम कॉलोनी निवासी 63 वर्षीय पुरुष, अशोकापुरम डाफी निवासी 56 वर्षीय पुरुष के साथ ही कबीर नगर दुर्गाकुंड निवासी 70 वर्षीय पुरुष, कैलाशपुरी कॉलोनी निवासी 56 वर्षीय महिला की मौत हुई है। दीनदयाल अस्पताल में भर्ती जैतपुरा निवासी 69 वर्षीय पुरुष, अपेक्स हॉस्पिटल में सुंदरपुर निवासी 54 वर्षीय पुरुष, बरेका हॉस्पिटल में जानकी नगर निवासी 79 वर्षीय पुरुष की मौत हुई है। मेडविन हॉस्पिटल में गीता नगर कॉलोनी निवासी 69 वर्षीय महिला और महमूरगंज निवासी 54 वर्षीय पुरुष और शुभम सद्भावना हॉस्पिटल में सारनाथ निवासी 77 वर्षीय पुरुष की भी मौत हुई है।
वाराणसी में शनिवार को कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में कोरोना का टीका लगवाते लोग ।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रों पर 4013 ने लगवाया टीका
जिले में कोरोना टीकाकरण को लेकर चल रहे अभियान के तहत शनिवार को अलग-अलग जगहों पर कुल 4013 लोगों का टीकाकरण किया गया। सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह ने बताया कि शनिवार को 2580 लोगों ने कोरोना की पहली डोज लगाई जबकि 1433 ने दूसरी डोज लगवाई। उन्होंने बताया कि 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगवाना चाहिए।
पांच दिन में 47 की मौत, 10340 मरीज
तारीख मरीज मौत
24 अप्रैल 2168 10
23 अप्रैल 2424 11
22 अप्रैल 1597 9
21 अप्रैल 2264 10
20 अप्रैल 1887 7