लखनऊ-वाराणसी फोर लेन हाईवे स्थित रामपुर ओवर ब्रिज के पास सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। फूलपुर थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। घटना रविवार देर रात की है। जौनपुर के नेवादा निवासी ऋषिकेश सिंह (41) किसी काम के लिए बाइक से वाराणसी आ रहे थे।
इसी बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से रामपुर ओवर ब्रिज के पास घायल हो गए। घटना स्थल से गुजर रहे हिंदू जागरण मंच के प्रांत अध्यक्ष गौरीश सिंह ने एंबुंलेस सहित पुलिस को सूचना दी। खून से लथपथ युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से पहचान हुई। पुलिस ने परिजनों को घटना के बाबत सूचना दी। हादसे की सूचना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है।