सारनाथ थाना क्षेत्र के छाहीं नहर पर बीती रात बाइक के धक्के से बाउंड्री के अंदर बैठी महिला की दबकर मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने बाइक सवार दो युवकों की पिटाई करते हुए उन्हें पुलिस को सौंप दिया। बुधवार अपराह्न पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा। सराय मोहाना गंगा घाट पर महिला का अंतिम संस्कार हुआ। पति की तहरीर पर पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
छाहीं निवासी गीता देवी (30) परिजनों के साथ रात में बिजली कटने पर मकान की बाउंड्री के अंदर बैठी हुई थीं। परिजन आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार बाइक ने पांच फीट लंबी और नौ इंच चौड़ी बाउंड्री में टक्कर मार दी। टक्कर से दीवार क्षतिग्रस्त होकर गीता देवी के ऊपर गिर गई। परिजनों ने गीता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति संतोष कुमार समेत परिजन काफी गमगीन रहे।
बताया कि गीता को आठ साल का बेटा और डेढ़ साल की एक बेटी है। थाना प्रभारी परमहंस गुप्ता ने बताया कि आरोपी बाइक सवार मोनू निवासी खरगीपुर को गिरफ्तार किया गया। वहीं, दामोदरपुर निवासी कुंदन मौर्य को परिजनों को सौंपा गया। दोनों रात में पार्टी से लौट रहे थे।
वीडीए ने सारनाथ में ध्वस्त कराई 5 बीघे की अवैध प्लॉटिंग
वीडीए की ओर से बुधवार को सारनाथ में 5 बीघे की अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई गई। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार, सारनाथ वार्ड के व्यासपुर मौजा में अज्ञात की ओर से अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। मौके पर पहुंचे प्रवर्तन के अधिकारियों ने पुलिस बल के सहयोग से अवैध निर्माण ध्वस्त कराया।
जोनल अधिकारी संजीव कुमार और अवर अभियंता जेपी गुप्ता की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। वीडीए उपाध्यक्ष ने जनता से अपील की कि वीडीए से लेआउट स्वीकृत कराए बिना किसी प्रकार का निर्माण न कराएं।
रोडवेज से इंग्लिशिया लाइन तक अतिक्रमण हटवाया
ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की ओर से बुधवार को रोडवेज से इंग्लिशिया लाइन तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि 50 से अधिक ठेले खोमचे हटवाए गए। अवैध निर्माण तोड़कर रास्ता खाली कराया गया, ताकि जाम न लगे।
स्टैंड से बाहर कई ऑटो चालकों का चालान ट्रैफिक पुलिस ने किया। अतिक्रमण के खिलाफ रोज अभियान चलाया जा रहा है। इन दिनों यातायात को ध्यान में रखकर सड़क से अतिक्रमण हटवाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी परिस्थिति में जाम न लगे।
गार्ड का मोबाइल छीनकर भागे बाइक सवार
चांदमारी में बीएसएनएल गार्ड अमर गौड़ का मोबाइल छीनकर बाइक सवार युवक भाग निकले। बुधवार को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। गाजीपुर के रामपुर थाना क्षेत्र के देवचंदपुर निवासी अमन के अनुसार, वह दो सितंबर की रात चांदमारी से बीएसएनएल कंपनी में गार्ड की नौकरी कर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उतरे और मोबाइल छीनकर भाग निकले।
बकाया पैसा मांगने पर घर बुलाकर की पिटाई, केस
बकाया मांगने पर युवक की पिटाई के मामले में तीन के खिलाफ लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। रमदत्तपुर निवासी उमेश गौतम के अनुसार, लालपुर-पांडेयपुर के ओमनगर निवासी शक्ति व लक्की ने व्यापार के नाम पर चार लाख रुपये लिए थे। मालूम चला कि दोनों ने पैसे ब्याज और वीसी में लगा दिए हैं। पैसा मांगा तो घर बुलाया और तीन युवकों ने मारा पीटा। आरोपी शक्ति, लक्की और चेतगंज निवासी बचानू भी इसमें शामिल थे। पुलिस ने बताया कि तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
इंस्पेक्टर की पत्नी के जहर खाने के मामले में वजह साफ नहीं
शिवपुर थाना क्षेत्र के प्रताप नगर कॉलोनी सुद्धिपुर में मंगलवार शाम जहर खाकर जान देने वाली विवाहिता संजू सिंह की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। विवाहिता के पति अजय सिंह मिर्जापुर में इंस्पेक्टर हैं। वर्तमान में एसएसपी के पीआरओ हैं।
अजय सिंह ने बताया कि वह 3 सितंबर की दोपहर 2 बजे मिर्जापुर से घर लौटे थे। शाम 4.30 बजे बड़ी बेटी माही कमरे में आई और कहा कि मम्मी कुछ बोल नहीं रही हैं। कमरे में पहुंचा तो पत्नी अचेतावस्था में थी। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अजय सिंह ने बताया कि पत्नी ने ऐसा कदम क्यों उठाया यह समझ से परे है। उसे किसी तरह की कोई समस्या नहीं थी। कैसे तीन बच्चों को माही (17), परी (14) और पांच साल के कान्हा को संभालूंगा।
सुंदरपुर पुलिस चौकी का पुलिस आयुक्त ने किया उद्घाटन
वाराणसी के चितईपुर थाने की नवनिर्मित सुंदरपुर पुलिस चौकी का उद्घाटन बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने किया। भिखारीपुर तिराहा और नरिया मार्ग के चौड़ीकरण के चलते सुंदरपुर पुलिस चौकी स्थानांतरित होकर भिखारीपुर-अखरी मार्ग पर बनाई गई है। भिखारीपुर के निजी अस्पताल के पास सुंदरपुर पुलिस चौकी खुली है। पुलिस आयुक्त ने कहा कि चौकी से जनता को काफी राहत और सुरक्षा मिलेगी। इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था एस. चनप्पा, पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंशवाल, प्रभारी निरीक्षक चितईपुर संजय पांडेय रहे।
जन शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करें
प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने बुधवार को प्रधानमंत्री संसदीय कार्यालय में जनसुनवाई की। उन्होंने अफसरों से कहा कि जन समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता पर तत्काल सुनिश्चित कराएं। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। इस दौरान कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव मौजूद रहे।
43 बेटिकट यात्रियों से वसूले 31 हजार
पूर्वोत्तर रेलवे मंडल में बुधवार को विभिन्न ट्रेनों में मजिस्ट्रेट चेकिंग के दौरान 34 यात्री बेटिकट पकड़े गए। इस दौरान 31 हजार रुपये जुर्माना भरने के बाद सभी को छोड़ दिया गया। चेकिंग में सीनियर डीसीएम शेख रहमान, एसीएम डीके सिंह, सैय्यद जफर अब्बास रिजवी मौजूद रहे।
हरा पेड़ काटने पर दो पर केस, एक गिरफ्तार
हरा पेड़ काटने पर पुलिस ने दो लोगों पर मुकदमा दर्ज कर मौके से कटी लकड़िया बरामद की। कपसेठी थाना के उपनिरीक्षक दुर्गा प्रसाद यादव की तहरीर पर दो के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इनमें मिर्जामुराद थाना के भिखारीपुर गांव निवासी छन्नू राजभर और अरका गांव निवासी पिंटू राजभर लहियां कपसेठी शामिल हैं। पुलिस छन्नू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से हरे सागौन की 28 बोटा लकड़ी और 4 बोटा शीशम की लकड़ी बरामद की। मौके का फायदा उठाकर लकड़ी काटने वाले भाग गए।
सरकारी जमीन से अब तक नहीं हटे अतिक्रमण
सेवापुरी के कपरफोरवा गांव में सरकारी जमीन से अब तक अतिक्रमण नहीं हटवाया गया। गांव वालों ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर अतिक्रमण हटवाने की मांग की थी। इसकी शिकायत मुकेश और अनिल ने की थी। जिस पर तहसील से बेदखली का आदेश जारी है।
दूसरी शादी करने का लगाया आरोप, मुकदमा दर्ज
विवाहिता ने पति पर धोखे से दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। सभईपुर की रहने पीड़िता पूजा विश्वकर्मा का आरोप है कि पति विजय विश्वकर्मा ने दूसरी शादी कर ली है। बुधवार को बीमार ससुर को देखने पहुंचे ससुराल पहुंची तो इसका पता चला। विरोध करने पर पति समेत अन्य ने मारा पीटा और घर से भगा दिया। पूछताछ में विजय ने बताया कि पूजा दो साल से घर नहीं आ रही है। उधर, पति, जेठ अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
फरार आरोपियों के घर कुर्की की नोटिस चस्पा की कार्रवाई
अर्दली बाजार के चंद्रा आभूषण से पिछले दिनों नकली आभूषण बिक्री के मामले में आरोपियों के घर बुधवार को कैंट पुलिस ने कुर्की का नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई हुई। कैंट पुलिस ने जंसा थाना क्षेत्र के रामेश्वर, परसीपुर के राजपूत हवेली पर आभूषण मालिक कृष्णा सिंह, आकाश सिंह उर्फ आकाशदीप, सागर सिंह उर्फ प्रशांत सिंह के खिलाफ नोटिस चस्पा किया गया है।
फरक्का एक्सप्रेस से 74 मोबाइल बरामद
कैंट जीआरपी ने बुधवार को चेकिंग के दौरान डाउन फरक्का एक्सप्रेस से 74 लावारिस मोबाइल बरामद किए। जीआरपी के अनुसार बरामद मोबाइल की कीमत 13.32 लाख आंकी गई है। जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि एसआई देवचंद्र यादव व धनंजय मिश्रा कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 9 पर खड़ी फरक्का एक्सप्रेस की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पिट्ठू बैग मिला, जिसमें से विभिन्न कंपनियों के 74 मोबाइल बरामद हुए।
दो आंगनबाड़ी केंद्रों का सीएम ने किया वर्चुअल लोकार्पण
राजातालाब के आराजी लाइन विकास खंड में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर दो आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया। इन आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले छोटे बच्चे अब यहां अपने भवन में पढ़ सकेंगे। एक केंद्र ग्राम पंचायत मरुई में और दूसरा गजापुर में बना है।
वर्चुअल उद्घाटन के दौरान गांव में ग्राम प्रधान अजय सिंह बबलू, बाल विकास परियोजना अधिकारी सुजीत, ग्राम विकास अधिकारी संदीप सोनकर, गजापुर के ग्राम प्रधान रामबाबू मौजूद रहे।
शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर सेवानिवतृत्त शिक्षकों को मिला सम्मान।
- फोटो : अमर उजाला
सेवानिवृत्त शिक्षक विदाई एवं सम्मान समारोह का हुआ आयोजन
बीएचयू के लक्ष्मणदास अतिथिगृह की समिति कक्ष में बुधवार को बीएचयू के तीन सेवानिवृत्त शिक्षकों का विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। सम्मान समारोह कार्यक्रम का शुरूआत माँ सरस्वती एवं महामना को नमन करते हुए मंगलाचरण से हुआ।
इसके बाद सेवानिवृत्त तीनों शिक्षकों प्रो. शांतनु कुमार स्वाइँ, (पूर्व संकाय, प्रमुख एवं विभागाध्यक्ष, शिक्षा संकाय), प्रो. सीमा सिंह (पूर्व कुलपति, उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज) एवं प्रो. प्रेम शंकर राम (नामित सदस्य, राष्ट्रीय सलाहकार परिषद विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, मानव संसाधन विकास मंत्रालय, भारत सरकार) का सम्मान हुआ।
साथ ही साथ सेवानिवृत्त तीनों शिक्षक प्रो. शान्तनु कुमार स्वाइँ, प्रो. सीमा सिंह और प्रो. प्रेम शंकर राम ने अपने शैक्षिक यात्रा के अनुभव को साझा किया। इस दौरान कुलपति प्रो. अरुण कुमार सिंह, आईयूसीटीई के निदेशक प्रो. प्रेम नारायण सिंह, प्रो. अनुपम कुमार नेमा, प्रो. राकेश सिंह आदि गणमान्य अतिथियों मौजूद रहे।
इनरव्हील क्लब ने 15 शिक्षकों को किया सम्मानित
इनरव्हील क्लब वाराणसी सृष्टि की ओर से बुधवार को अस्सी घाट स्थित सुबह-ए- बनारस के मंच पर शिक्षक सम्मान समारोह ‘नमामि गुरवे नमः’ का आयोजन किया गया। संस्था की अध्यक्ष छवि अग्रवाल ने शिक्षक दिवस का महत्व बताया। इस दौरान क्लब ने 15 शिक्षकों को सम्मानित किया।
इनमें कविता बसाक, सृष्टि अग्रवाल, यामिनी अग्रवाल, नीतेश भारद्वाज, सुनीता शर्मा, मुस्कान, सृष्टि शुक्ला, दीप्ति मिश्रा, सोनिया साह, राशि खरे, सुधा श्रीवास्तव आदि शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन राशि ने किया। धन्यवाद ज्ञापन सरोजिनी महापात्रा ने किया। इस अवसर पर सुनीता शर्मा, सरोजिनी मोहापात्रा, सुधा श्रीवास्तव, वंदना अग्रवाल, यामिनी, स्नेहा आदि उपस्थित रहे।
वंदे भारत को प्रधानमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी, देवघर के लिए चलेगी वंदे भारत
काशी विश्वनाथ और देवघर के बैद्यनाथ धाम के बीच सफर वंदे भारत से यात्री कर सकते हैं। कैंट स्टेशन के गूलर यार्ड में खड़ी आठ कोच की नई वंदे भारत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को वर्चुअल हरी झंडी दिखा सकते हैं। गुरुवार या शुक्रवार को नई रैक देवघर के लिए रवाना होगी। रेल अधिकारियों के अनुसार टाटानगर से प्रधानमंत्री दो अन्य वंदे भारत ट्रेनों के साथ इस वंदे भारत को भी वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर वाराणसी के लिए रवाना करेंगे। हालांकि कैंट स्टेशन डायरेक्टर गौरव दीक्षित ने बताया कि अभी शेड्यूल आया नहीं है।
पुष्पांजलि और अनिता ने जीता दोहरा खिताब
पुष्पांजलि पटेल ने बुधवार को 68वीं जोनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए लंबी कूद और ऊंची कूद में प्रथम स्थान हासिल किया। डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल बड़ा लालपुर में खेली गई इस प्रतियोगिता में अनिता पटेल 400 मीटर दौड़ और 5000 मीटर दौड़ में अव्व्ल रहीं।
बालक वर्ग में 800 मीटर दौड़ में अखिलेश सिंह यादव, 100 मीटर में जमील अली, 200 मीटर में हरित चौधरी, 3000 मीटर दौड़ में सुमित यादव, लंबी कूद में रजत कुमार और ऊंची कूद में ऋषभ सिंह प्रथम स्थान पर रहे। वहीं, सुहेल हाशमी शाॅटपुट, डिस्कस थ्रो और हैमर थ्रो में पहले स्थान पर रहे। सभी खिलाड़ी विकास इंटर काॅलेज के विद्यार्थी हैं।
टेबल टेनिस में वाराणसी ओवरऑल चैंपियन
राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में 68वीं मंडलीय विद्यालयीय टेबल टेनिस और बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। टेबल टेनिस में बालक और बालिका वर्ग में वाराणसी की टीम गाजीपुर को हराकर विजेता रही। इसी के साथ टेबल टेनिस की मंडलीय प्रतियोगिता में वाराणसी ओवरऑल चैंपियन बना। बैडमिंटन प्रतियोगिता में अंडर-14 व अंडर-19 में चंदौली और अंडर-17 में वाराणसी प्रथम रहा। इसी के साथ बैडमिंटन की मंडलीय प्रतियोगिता में चंदौली चैंपियन रहा।
अंडर-17 की बालक वर्ग में वाराणसी के देवानंद यादव, रवि यादव, आकाश यादव ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 में चंदौली के सबीर अनुज ने अच्छा प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग की अंडर-17 में सोनाली तिवारी, शगुन गुप्ता, वर्धा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा सचिव वाराणसी राजेश रोहरी, डॉ. जया सिंह, देवेश शुक्ला, उदय, राजीव राय आदि उपस्थित रहे।
सपा नेता ने पीडब्ल्यूडी से की सड़क धंसने की शिकायत
लहुराबीर से कबीरचौरा मार्ग पर नागरी नाटक मंडली प्रेक्षागृह के सामने की सड़क एक बार फिर से धंस गई। सपा नेता विष्णु शर्मा ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह से शिकायत की। अधिकारियों से कहा कि इस मार्ग पर छह बार सड़क धंस चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। इससे रोज यातायात में दिक्कत आ रही है। बताया कि अकसर ई-रिक्शा सड़क में फंसने के कारण पलट जाती है। लोग चोटिल हो रहे हैं। समाधान नहीं किया गया तो डीएम से मिलकर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की शिकायत की जाएगी।
शिक्षिकाएं सम्मानित, छात्राओं ने लिया नेत्रदान का संकल्प
रोटरी क्लब की ओर से शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित समारोह में अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज की शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान छात्राओं को नेत्रदान के प्रति जागरूकता का संकल्प दिलाया गया।
शिक्षक दिवस और नेत्र गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि उत्तम अग्रवाल ने कहा कि रोटरी क्लब का मुख्य उद्देश्य समाज का विकास करना है। मुख्य वक्ता डॉ. सुनील शाह ने नेत्रदान के लिए सभी को प्रेरित किया। कहा कि वाराणसी आई बैंक सोसायटी को हर साल नेत्रदान में कार्निया मिलती है, जिससे दृष्टिबाधित लोगों की आंखों को रोशनी दी जाती है।
यह भी जानना जरूरी है कि मरणोपरांत 6 घंटे तक नेत्रदान किया जा सकता है। इस दौरान डॉ. आलोक शाह, प्रद्युम्न साह के साथ ही रोटरी क्लब से दीपक अग्रवाल, हरेकृष्ण कक्कड़, अशोक अरोड़ा, प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
आईएमएस बीएचयू के रेजिडेंट ने सुरक्षा के लिए निकाला कैंडल मार्च
कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी के विरोध और बीएचयू अस्पताल में सुरक्षा की मांग को लेकर आईएमएस बीएचयू के रेजिडेंट ने बुधवार को कैंडल मार्च निकाला। रेजिडेंट ने सर्वोच्च न्यायालय से महिला डॉक्टर की हत्या के मामले में न्याय की गुहार लगाई। कहा कि बीएचयू में सुरक्षा के मुद्दे पर बृहस्पतिवार को आईएमएस बीएचयू के निदेशक से मुलाकात करेंगे।
रेजिडेंट अगस्त में 11 दिन तक हड़ताल पर रहे। बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में ओपीडी, वार्ड के साथ ही जांच केंद्रों पर भी सेवाएं नहीं दी थी। बुधवार को आईएमएस निदेशक कार्यालय से बीएचयू सिंह द्वार तक मार्च निकालकर पहुंचे रेजिडेंट के हाथ में महिला डॉक्टर को न्याय दिलाने, बीएचयू कैंपस में सुरक्षा जैसी मांग लिखी थी। रेजिडेंट ने कहा कि गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है, ऐसे में पूरा भरोसा है कि न्याय मिलेगा।
कहा कि मामले में जो भी दोषी हैं, उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए। बीएचयू में अधिकारियों ने आश्वासन तो दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में निदेशक से गुरुवार को मिलकर सुरक्षा की मांग पूरी करने को कहा जाएगा।
शिक्षिकाओं ने लगाई दौड़, छात्राओं ने बढ़ाया उत्साह
शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को विकास इंटर काॅलेज परमानंदपुर में महिला शिक्षिकाओं ने दौड़ में हिस्सा लिया। 50 मीटर दौड़ में आस्था प्रथम, सुनीता द्वितीय और महजबीं तृतीय स्थान पर रहीं। जबकि 100 मीटर दौड़ में सरोजा अव्वल रहीं। वैशाली दूसरे और रीता तीसरे स्थान पर रहीं। रस्साकसी में पटेल हाउस ने नेहरू हाउस को पराजित किया। विजेता टीम में सरिता दुबे, सीमा पाठक, माधुरी, रीता सिंह, श्वेता वर्मा, रीनू, रीना यादव, प्रतिमा, रीना देवी, रीता देवी, छाया व जानकी शामिल थी। संयोजक डॉ. आशा सिंह ने किया।
बेहतर स्वास्थ्य के लिए सही पोषण का होना बहुत जरूरी
वसन्त कन्या महाविद्यालय कमच्छा की ओर से राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित कार्यक्रम में पोषण पर चर्चा की गई। मुख्य वक्ता डायटिशियन डॉ. सुनीता अस्थाना ने बताया कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए सही पोषण का होना बहुत जरूरी है। पोषण अच्छे स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के साथ बीमारी के उपचार और जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाने में भी सहायक होता है। उन्होंने 2024 में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह की थीम सभी के लिए पौष्टिक आहार के बारे में लोगों को जागरूक किया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रचना श्रीवास्तव ने छात्राओं को खान-पान पर विशेष ध्यान देते रहने के लिए प्रेरित किया। संचालन डॉ. सुनीता दीक्षित ने किया।
पीएचडी में प्रवेश के लिए 13 व 14 सितंबर को प्रेजेंटेशन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाजशास्त्र विभाग में पीएचडी में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के शोध प्रस्ताव का प्रेजेंटेशन 13 व 14 सितंबर को होगा। विभागाध्यक्ष प्रो. रेखा ने बताया कि शोध प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का 13 सितंबर को और नेट/जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का प्रेजेंटेशन 14 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से समाज विज्ञान संकाय के स्मार्ट क्लास रूम में होगा। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को समस्त शैक्षणिक अंकपत्र और प्रमाणपत्रों की मूलप्रति के साथ उपस्थित होना है।
पीएचडी में प्रवेश के लिए 13 व 14 सितंबर को प्रेजेंटेशन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाजशास्त्र विभाग में पीएचडी में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के शोध प्रस्ताव का प्रेजेंटेशन 13 व 14 सितंबर को होगा। विभागाध्यक्ष प्रो. रेखा ने बताया कि शोध प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का 13 सितंबर को और नेट/जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का प्रेजेंटेशन 14 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से समाज विज्ञान संकाय के स्मार्ट क्लास रूम में होगा। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को समस्त शैक्षणिक अंकपत्र और प्रमाणपत्रों की मूलप्रति के साथ उपस्थित होना है।
श्री काशी विश्वनाथ परिक्षेत्र के व्यापारियों का बनेगा पहचान पत्र
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम परिक्षेत्र में अनधिकृत व्यक्तियों और अवैध गाइडों की पहचान व्यापारी करेंगे। विश्वनाथ गली व्यवसायिक समिति ने तय किया कि सभी व्यापारियों का पहचान पत्र बनेगा। तीन दिन पहले आंध्र के श्रद्धालुओं का मोबाइल लेकर फरार हुए अवैध गाइड को लेकर दशाश्वमेध एसीपी प्रज्ञा पाठक और विश्वनाथ गली व्यवसायिक समिति ने निर्णय लिया है।
मोबाइल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली एसीपी दशाश्वमेध और चौकी प्रभारी दिगंबर उपाध्याय को व्यापारियों ने सम्मानित किया। एसीपी ने कहा कि व्यापार मंडल अपने लोगों को पहचान पत्र जारी करें, ताकि पहचान करने में आसानी हाे सके। बिना पहचान पत्र के सामान बिक्री और गाइड का काम करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। समिति के अध्यक्ष विनोद मिश्रा, महामंत्री अजय तिवारी, नवीन गिरी, रतन सिंह, अरुण सिंह रहे।
पर्यटन मंत्री को सुनाई यातायात व्यवस्था की व्यथा
यातायात व्यवस्था को लेकर बनारस टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने बुधवार को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से पीएम के संसदीय कार्यालय में मुलाकात की। अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह और महामंत्री प्रकाश जायसवाल ने टूरिस्ट गाड़ियों को शहर में प्रतिबंध मुक्त किए जाने की मांग की। पर्यटन से संबंधित ट्रांसपोर्टर, होटल, गेस्ट हाउस संचालक, दुकानदार व नाविकों ने भी अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। प्रतिनिधि मंडल में प्रभाकर पांडेय, राजन श्रीवास्तव, हर्षवर्धन सिंह, शांतनु सिंह, पिंटू श्रीवास्तव मौजूद रहे।
सप्तसागर दवा मंडी में हटाए जा रहे तारों के जंजाल
सप्तसागर दवा मंडी में चार दिन पहले शॉर्ट सर्किट से उपकरणों के जलने के पीछे का कारण तारों का जंजाल मुख्य वजह है। मंडी में अभियान चलाकर तारों के जंजाल को हटाया जा रहा है। बुधवार को बिजली विभाग की टीम ने तारों के झुंड को हटाकर पोल पर नया तार लगाया। साथ ही इंटरनेट कनेक्शन के लिए लगाए गए तारों को भी हटाया गया।
31 अगस्त को शॉर्ट सर्किट के बाद मरम्मत करने आए बिजली निगम के कर्मियों ने अर्थ और फेस को आपस में जोड़ दिया था। इस वजह से दवा मंडी में दुकानदारों के एसी, कंप्यूटर, पंखा सहित अन्य उपकरण जल गए थे। अधिशासी अभियंता आरके गौतम के निर्देशन में बुधवार दोपहर को बिजली कनेक्शन के लिए बॉक्स भी लगाया जा रहा है। ताकि बेहतर आपूर्ति हो सके और घटनाएं कम हों। बताया कि दवा मंडी में जर्जर तार और उपकरण चरणबद्ध तरीके से बदले जाएंगे।
छह अभ्यर्थियों को मिले नियुक्त पत्र
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से जिले से चयनित कुल छह अभ्यर्थियों को बुधवार को नियुक्ति पत्र दिए गए। कमिश्नरी सभागार में एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, अन्नपूर्णा सिंह, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के दो, कृषि विभाग के दो, नगर विकास विभाग के एक और आवास विकास विभाग के एक अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र दिया। इस दौरान एडीएम आलोक कुमार वर्मा मौजूद रहे।
छात्राओं को योग की दी गई ट्रेनिंग
नव ज्योति इंटर कॉलेज नुआंव में बुधवार को 68वीं जोनल माध्यमिक विद्यालयीय योग प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्य जेपी सिंह ने किया। प्रतियोगिता में महामना मालवीय इंटर कॉलेज बच्छाव, राजकीय हाई स्कूल, बढ़ैनीकला, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टिकरी एवं नवज्योति इंटर कॉलेज नुआंव के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। शिक्षिका शीतल वर्मा और मधु यादव ने छात्राओं को योग कराया। संचालन शारीरिक शिक्षक अमित सिंह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन जोन प्रभारी एवं पूर्व जिला क्रीड़ा सचिव डॉ. जितेंद्र कुमार ने दिया।
तीन वर्ग में हुआ हॉकी का चयन ट्रायल
वाराणसी। माध्यमिक विद्यालयीय जोन (बालक-बालिकाएं) हॉकी चयन ट्रायल प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को विकास इंटर कॉलेज के डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल लालपुर स्टेडियम में हुआ। इसमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की बालक-बालिका हॉकी टीम चयनित की गई।
चयनित खिलाड़ी 9 सितंबर को सुबह 10 बजे से जनपदीय चयन ट्रायल में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी डॉ. मंजूर आलम अंसारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। विकास इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य व प्रतियोगिता संयोजक डॉ. एके सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। हॉकी प्रशिक्षक इदरीस अहमद ने कार्यक्रम का संचालन किया।
व्यापारी के 2.98 करोड़ हड़पने के मामले में पिता और दो बेटों पर केस
वाराणसी के दालमंडी के मोबाइल व्यापारी के दो करोड़ 98 लाख रुपये हड़पने के मामले में पिता और दो बेटों के खिलाफ चौक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। चेतगंज थाना क्षेत्र के सराय गोवर्धन के काली महाल निवासी सैय्यद शवाब हैदर के अनुसार उनकी दुकान दालमंडी में है।
मऊ के भीठी चौक बहादुरगंज मार्ग और महमूरगंज ताराधाम कॉलोनी निवासी सागर और रोहित तानवानी पिता नरेश तानवानी के साथ रहते हैं। तीनों लिक्विडेशन प्रोडक्ट व इलेक्ट्रॉनिक सामानों का ब्रोकरेज करते हैं। 31 मार्च 2024 तक 1,34,63,932 रुपये का मोबाइल उधार पर लिया, जिसका जीएसटी बिल भी है।
शवाब ने बताया कि इस बीच दो करोड़ रुपये खाते में आरोपियों ने मंगाए और उसे कई बार में निकाल लिया। आरोप है कि रोहित के जिम्मे कुल 98,13,932 रुपये और व्यापार का दो करोड़ बकाया हो गया। कई बार पंचायत और लिखा पढ़ी हुई, लेकिन वह धमकी दे रहे हैं।