फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी के खास समाचार : ज्ञानवापी के 2 मामलों में सुनवाई की तिथि तय, व्यापारी को सिपाही ने पीटा

Tue, 04 Feb 2025 03:56 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी के सिविल जज सीनियर डिवीजन (फास्ट ट्रैक कोर्ट) की अदालत में ज्ञानवापी के मामलों की सुनवाई हुई। इसकी अगली तिथि नियत कर दी गई है। वहीं, परिवार के साथ जा रहे एक व्यापारी को कार से खींच कर सिपाही पुलिस चौकी में ले गया और गिरा कर बुरी तरह से पीटा। 
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Top News in Varanasi : सिविल जज सीनियर डिवीजन (फास्ट ट्रैक कोर्ट) युगल शंभू की अदालत में सोमवार को ज्ञानवापी के लॉर्ड विश्वेश्वर के केस में सुनवाई हुई। इस मामले में वादी रहे हरिहर पांडेय के निधन के बाद उनकी तीन बेटियों की ओर से कोर्ट में पक्षकार बनाने से संबंधित अर्जी पर आदेश हेतु 11 फरवरी की तिथि नियत की गई है। पिछली तिथि पर लॉर्ड विश्वेश्वर के वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी की ओर से आपत्ति दाखिल की गई थी।

विज्ञापन


हरिहर पांडेय के देहांत के बाद उनकी तीन पुत्रियों मणिकुंतला तिवारी, नीलिमा मिश्र और रेनू पांडेय की ओर से अर्जी दाखिल कर लॉर्ड विश्वेश्वर के केस में पक्षकार बनाने की अर्जी दी गई है। उधर, इसी कोर्ट में सोमवार को ज्ञानवापी से संबंधित एक अन्य मामले की सुनवाई टल गई। अब इस मामले में 15 फरवरी की तिथि नियत की गई है। इस मामले में विष्णु गुप्ता सहित अन्य ने कोर्ट में वाद दाखिल कर कहा है कि ज्ञानवापी में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित किया जाए।

Trending Videos

कार का साइड मिरर छू गया तो व्यापारी को उनके परिवार के सामने सिपाही ने पीटा
डाफी में हाईवे पर बैरियर के पास सोमवार की दोपहर परिवार के साथ जा रहे एक व्यापारी की कार का साइड मिरर लंका थाने के एक सिपाही को हल्के से छू गया। आरोप है कि इसके बाद व्यापारी को कार से खींच कर सिपाही पुलिस चौकी में ले गया और गिरा कर बुरी तरह से पीटा। व्यापारी ने पुलिस आयुक्त से सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

भीटी, रामनगर निवासी व्यापारी रविशंकर वर्मा ने बताया कि वह कार से पत्नी, बहन, तीन साल की बेटी और तीन माह के बेटे के साथ कार से बीएचयू के सीर गेट की ओर जा रहे थे। रास्ते में डाफी में हाईवे पर बैरियर के पास उनकी कार की रफ्तार बमुश्किल पांच किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी। 

उनकी कार का बाएं साइड मिरर बैरियर के पास खड़े लंका थाने के एक सिपाही को छू गया। इस पर वह सिपाही गालीगलौज करते हुए उनकी कार का शीशा पीटने लगा। उन्होंने कार रोकी तो सिपाही उनका कॉलर पकड़ कर नीचे खींच लिया। 

गालीगलौज करते हुए सिपाही उन्हें सड़क किनारे बनी चौकी के अंदर ले गया और बहुत बुरी तरह से पीटा। व्यापारी ने कहा कि घटनास्थल पर सीसी कैमरा भी लगा था। सीसी फुटेज देख कर उनकी पिटाई करने वाले सिपाही के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

मारपीट के मामले में तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बबलू सोनकर की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट के मामले में तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।बबलु ने पुलिस को लिखित तहरीर देते हुए बताया कि वह निजी कार्य से कही जा रहा था। इस दौरान रवि कुमार, गनेषु, मोनू मुझे गाली देने लगे, मना करने पर मुझे मारने लगे। शिवपुर पुलिस द्वारा तीन के खिलाफ़ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी दोषमुक्त
विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) द्वितीय अनुभव द्विवेदी की अदालत ने फूलपुर थाने के पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म के एक मामले के आरोपी को बड़ी राहत दे दी। अदालत ने ग्राम कहरका निवासी आरोपी जोगिंदर पटेल पर लगे आरोपों को संदेह से परे साबित होने पर दोषमुक्त कर दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार वादी ने 25 जुलाई 2017 को फूलपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था की उसकी 16 वर्षीय पुत्री को कहरका निवासी जोगिंदर पटेल ने शादी का लालच देकर दुष्कर्म किया।

किशोरी के साथ दुष्कर्म कर बनाया अश्लील वीडियो, मुकदमा दर्ज
मिर्जामुराद थाने में एक गांव की एक किशोरी के साथ दुष्कर्म कर उसका अश्लील वीडियो बनाने के आरोप में हरपुर गांव निवासी अरविंद कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई अदालत के आदेश से की गई है।

पीड़िता 15 साल की किशोरी के पिता के अनुसार 8 मई 2024 को अरविंद कुमार ने उनकी बेटी से दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अरविंद ने कई बार दुष्कर्म किया। जब किशोरी ने उसका विरोध किया और उसकी बात नहीं मानी तो उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। किशोरी द्वारा परिजनों को बताने पर जान से मारने की धमकी दिया। 

इसकी शिकायत मिर्जामुराद थाने की पुलिस से की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई तो पीड़ित परिवार अदालत की शरण में गया। इस संबंध में मिर्जामुराद थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के घर गई तो वह भाग निकला। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

किशोरी से छेड़खानी कर धमकाया, दो गिरफ्तार
किशोरी से छेड़खानी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दो आरोपियों को सोमवार को चितईपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान भीटी रामनगर के बजरंगी उर्फ बादल और कृष्णपुरी कॉलोनी करौंदी के विनोद कुमार के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर चितईपुर गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि किशोरी की मां ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गत एक फरवरी को मुकदमा दर्ज कराया था।

बच्चों की कहासुनी को लेकर बड़े भिड़े, मुकदमा दर्ज
दो बच्चों के बीच मामूली कहासुनी के चलते उनके घर के बड़ों के बीच मारपीट हो गई। घटना मंडुवाडीह से लहरतारा मार्ग पर स्थित गणपति रेजिडेंसी की है। मामले को लेकर चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मंडुवाडीह थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। 

गणपति रेजिडेंसी के फ्लैट नंबर 708-बी निवासी संजीव सुमन और शालिनी सिंह का पुत्र अपार्टमेंट परिसर में दूसरे परिवार के बच्चे के साथ खेल रहा था। खेल-खेल में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

शालिनी सिंह का आरोप है कि विवाद की बात सुनकर दूसरे बच्चे के परिजन राज छापड़िया, रौनक छापड़िया, प्रदीप छापड़िया, कविता छापड़िया और एक अज्ञात मौके पर आए। पांचों लोगों ने शालिनी सिंह और उनके बेटे के साथ मारपीट की। अपार्टमेंट के लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। शालिनी सिंह की तहरीर पर मंडुवाडीह थाने में चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

वाहन पार्किंग स्थल में खाना बनाने के दौरान आग लगी
हरहुआ स्थित कृषक इंटर कॉलेज में महाकुंभ के मद्देनजर बनाए गए पार्किंग स्थल में श्रद्धालुओं के द्वारा भोजन बनाते समय छोटे गैस सिलिंडर में आग लग गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि मौके पर हमारी टीम की पिंडरा यूनिट के जवान मौजूद थे। जवानों ने अग्निशमन यंत्र से तत्काल आग पर काबू पा लिया।

चांदपुर में श्रद्धालुओं का ई-रिक्शा पलटा, पांच घायल
महाकुंभ स्नान कर काशी भ्रमण को आ रहे राजस्थान के श्रद्धालुओं का ई-रिक्शा चांदपुर में नगर निगम की कचरा गाड़ी से टकराकर पथरीले मलबे पर पलट गया। ई-रिक्शा पलटने से चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

घटनास्थल पर मौजूद पंचवटी नगर, शिवदासपुर निवासी किशन सिंह ने अपने मित्रों भोनू सिंह, नमन सिंह और बिंतेश ठाकुर की मदद से घायलों को ई-रिक्शा से बाहर निकलवाया। इसके साथ ही पुलिस को सूचना दी। मंडुवाडीह थाने से उप निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने एंबुलेंस को बुलाया। 

आधे घंटे तक एंबुलेंस नहीं आई तो उपनिरीक्षक ने घायलों को ऑटो से बीएचयू ट्राॅमा सेंटर भिजवाया। घायल ई-रिक्शा चालक विशुनपुर, लोहता निवासी सुभाष ने बताया कि राजस्थान के गंगानगर श्वेतगढ़ निवासी अजय कुमार नाइक के साथ दीपक कुमार शेरा, राहुल और संदीप राय सवार हुए थे। 

गंगा के सभी 84 घाट पर छह लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
माघ मास शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि वसंत पंचमी पर सोमवार को छह लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। दान-पुण्य किया और बाबा विश्वनाथ सहित गंगातट के आसपास के देवालयों में दर्शन-पूजन किया। 

गंगा तट से लेकर दशाश्वमेध और गोदौलिया चौराहे तक स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं के चलते मेले जैसा नजारा दिखा। मौनी अमावस्या की तरह वसंत पंचमी पर भी भीड़ रही। स्नान के लिए श्रद्धालु रात में ही घाटों पर पहुंच गए थे। सुबह होते ही गंगा स्नान के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। 

उन्होंने हर हर गंगे के जयघोष के साथ डुबकी लगाई और मां को पुष्प, घी के दीप आदि नैवेद्य अर्पित किए। तीर्थ पुरोहितों से संकल्प करवाया। वहीं, काशी के उत्तरी छोर पर स्थित कैथी क्षेत्र के गंगा-गोमती तट पर भी स्नान के लिए भीड़ रही। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मार्कंडेय महादेव के दर्शन किए। वहीं, माधोपुर घाट पर भी स्नान के लिए श्रद्धालु पहुंचे थे। दर्शन कर शूलटंकेश्वर महादेव का दर्शन-पूजन किया।

मारपीट के मामले में अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
हैदरगंज मरदह गाजीपुर के जावेद आलम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। जावेद ने बताया कि वह पांडेयपुर में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करता है। वह मित्र बृजेश के साथ सारनाथ आया था। इस दौरान आशापुर लेढूपुर पेट्रोल पंप के पास अज्ञात लोगों ने लाठी और रॉड से मारकर घायल कर दिया। सारनाथ पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया। 

विश्वनाथ मंदिर की लाइन में दो श्रद्धालु भिड़े
काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर दो पर लाइन में दो दर्शनार्थी आपस में भिड़ गए। काशी तीर्थ पुरोहित सभा के कार्यवाहक अध्यक्ष पं कन्हैया त्रिपाठी ध्वनि विस्तारक यंत्र से लोगों को समझाया। नौका संचालन स्थगित रखने से यात्रियों की भीड़ मंदिर के दो नंबर गेट से प्रवेश करने के लिए टूट पड़ी। इससे ये लाइन काफी लंबी हो गई। 

वाराणसी में सेवा शिविर का आयोजन, बांटे गए मिष्ठान और कचौड़ी
महाकुंभ से आए श्रद्धालुओं के लिए कई सामाजिक संस्थान और मंडल ने भंडारे का आयोजन किया। इसमें काशी रेडीमेड गारमेंट्स एसोसिएशन, जरी व्यापार मंडल और लोहा व्यापार मंडल ने महाकुंभ प्रयागराज से काशी आए श्रद्धालुओं के लिए हथुआ मार्केट गेट पर सेवा शिविर लगाया। जिसमें श्रद्धालुओं को बनारसी कचौड़ी सब्जी और मिष्ठान खिलाकर की सेवा की गई। 

वाराणसी सिटी के पास महाकुंभ यात्रियों के लिए एआइएमआइएम की तरफ से भंडारे का आयोजन हुआ। इसमें लगभग 5000 लोगों को कुंभ यात्रियों के लिए पूरी सब्जी और लड्डू बांटे गए। इस दौरान प्रेम मिश्रा, अशोक जायसवाल, रजनीश कन्नौजिया, इम्तियाज अहमद, शमशाद खान आदि मौजूद रहे।

ऑटो और स्कॉर्पियो में टक्कर, दो घायल
चंदापुर पुलिस चौकी के पास सोमवार को ऑटो और स्कॉर्पियो में टक्कर हो गई। इसमें ऑटो में बैठी हीरावती देवी और एंजेल गुप्ता घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार ऑटो के पांडेयपुर से सवारी लेकर धरसौना जाने के दौरान चंदापुर में हादसा हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। चोलापुर पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में वर्ल्ड बैंक की टीम ने किया भ्रमण
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में सोमवार को वर्ल्ड बैंक की टीम ने भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में मिर्च के उत्पादन, प्रसंस्करण एवं निर्यात की संभावनाओं काे पता करना था।

संस्थान के निदेशक डॉ. नागेन्द्र राय ने बताया कि विश्व बैंक के प्रतिनिधि तन्वी खंडेलवाल एवं ऋषिका राठी की मौजूदगी में मिर्च और मटर के माध्यम से उत्पादकता एवम उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें 10 से ज्यादा किसान उत्पादक संघों के निदेशकों एवं 40 से ज्यादा प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।

इस दौरान मिर्च एवं मटर के उत्पादन और मार्केटिंग पर चर्चा की गई। इस दौरान परियोजना समन्वयक डॉ. राजेश कुमार, विभागाध्यक्ष डॉ. अनंत बहादुर, डॉ. अरविंद नाथ सिंह, डॉ. नीरज सिंह, अखिलेश कुमार, ज्योति कुमार के साथ संस्थान के अन्य वैज्ञानिक उपस्थित थे।

आत्मन में आध्यात्मिक गुरुओं ने दिया ज्ञान
नमो घाट पर दो दिवसीय कार्यक्रम आत्मन महोत्सव का समापन हुआ। इसमें देशभर के आध्यात्मिक गुरु आए। चिन्मय मिशन के स्वामी अव्ययानंद ने संतुष्टि और सफलता पर विचार रखे। डॉ. चारुकीर्ति भट्टारक पंडिताचार्य पट्टाचार्य वरिया और सत्संग फाउंडेशन संस्थापक एम ने प्रवचन दिया। आत्मन ट्रस्ट के प्रमुख गौरव सिंघानिया ने आयोजन की सफलता पर अपने विचार रखे।

रेलवे स्टेशन पर दिखी भीड़, प्रयागराज से आने वाली ट्रेनें फुल
वसंत पंचमी पर महाकुंभ से स्नान कर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ रेलवे स्टेशनों पर दिखने लगी है। प्रयागराज से आने वाली ट्रेनें पूरी तरह भरी आ रही हैं। सोमवार को कैंट रेलवे स्टेशन, बनारस और वाराणसी सिटी स्टेशन पर बने कंट्रोल रूम से सीसी कैमरे के माध्यम से यात्री सुविधाओं की निगरानी होती रही। 

सर्कुलेटिंग एरिया से प्लेटफाॅर्म, फुट ओवर ब्रिज तक आरपीएफ के जवानों ने नजर बनाए रखी। उधर, रोडवेज बस स्टेशन पर भी प्रयागराज से आने वाली बसें यात्रियों से भरी रही। तुलना में जाने वालों की संख्या थोड़ी कम दिखी। दोपहर तक कैंट रेलवे स्टेशन, बनारस स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ थोड़ी कम रही, लेकिन शाम को कैंट रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से लेकर अंदर प्लेटफाॅर्म पर यात्री ट्रेन के इंतजार में बैठे रहे।

वर्तमान शिक्षा व्यवस्था के पाठ्यक्रम और शिक्षण में परिवर्तन जरूरी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से व्याख्यान में वक्ताओं ने उच्च शिक्षा में भारतीय ज्ञान प्रणाली पर अपनी बात रखी। दिल्ली विश्वविद्यालय की शिक्षा शास्त्र विभाग की डॉ. सुनीता सिंह ने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था के पाठ्यक्रम एवं शिक्षण में परिवर्तन करना होगा। 

छात्रों को ऐसे जगहों पर ले जाना होगा जहां पर प्रत्यक्ष ज्ञान का अनुभव हो सके। मल्टी डिसिप्लीनरी रिफ्रेशर कोर्स के छठे दिन डॉ. सुनीता ने कहा कि भारतीय ज्ञान केवल उपनिषद, वेद, पुराण तक ही सीमित नहीं है, इसमें गणित, रसायनशास्त्र, भौतिकी, सहित अनेक विषयों को समाहित किया जाता है। 

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के निर्देशक प्रो. सीबी शर्मा ने भारतीय ज्ञान प्रणाली और राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 विषय पर अपनी बात रखी। स्वागत विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र राम, संचालन विनय सिंह, धन्यवाद डॉ. बनश्री ने दिया।

हजरत अब्बास की विलादत पर हुआ जश्न सजी महफिले
हजरत अब्बास की विलादत का जश्न सोमवार को मनाया गया। शहर भर में महफिलें हुईं। 28 अंजुमनों ने शिरकत की। अब्बास के दरगाह फातमान और जलालीपुरा में रौजे पर अकीदतमंदों ने अकीदत पेश की। एक नारा खास है अब्बास है अब्बास है...की सदाएं गूंजती रही। मोमिनीन ने भी दुआख्वानी की।

शिवाला, कश्मीरी गंज, मदनपुरा, चौक, पठानी टोला, रामनगर आदि इलाकों में महफिलों का आयोजन हुआ। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने कहा कि हजरत अली के बेटे हजरत अब्बास इमाम हुसैन के फौज के सेनापति भी थे। हजरत अब्बास का रौजा कर्बला इराक में स्थित है।

सीवर ओवरफ्लो से जनता परेशान
नवाबगंज में बीते कई दिनों से सीवर ओवरफ्लो की समस्या है। यहां लोगों के मकान में सीवर का पानी घुस रहा है। जलकल से शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। क्षेत्र के पूर्व पार्षद अनिल शर्मा ने भी आईजीआरएस पर शिकायत की। 

जांच अधिकारी मनीष सिंह ने अपनी निस्तारण आख्या में सफाई कार्य करने की रिपोर्ट लगाई। पूर्व पार्षद ने बताया कि क्षेत्र की लाइनों की डीसिल्टिंग का कार्य न होने से क्षेत्रीय लोग आक्रोशित हैं। समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो क्षेत्र में महामारी फैल सकती है। क्षेत्रीय लोग जल्द नगर आयुक्त के समक्ष अपनी समस्या रखेंगे।

सेवाती डीह बाबा का हुआ अन्नकूट शृंगार
वसंत पंचमी पर प्राचीन श्री सेवाती डीह बाबा मंदिर तेलियाना में भव्य अन्नकूट शृंगार किया गया। बाबा के विग्रह को नवीन वस्त्राभूषण से सजाया गया। मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर अद्भुत झांकी सजाई गई। श्री कपाल भैरव मानस मंडल के स्थापना पर मंडल गायकों ने भजन प्रस्तुत किया।

भंडारे में भक्तों को प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में संयोजक संतोष साहू, विद्याशंकर मौर्या, पार्षद रोहित जायसवाल, मनीष गुप्ता, श्याम बाबू, राजू और तरुण कुशवाहा आदि उपस्थित रहे। उधर, बलुआबीर स्पोर्टिंग क्लब के पंडाल में मां सरस्वती की दिव्य प्रतिमा विराजमान थी।

श्री लाट भैरव भजन मंडल की ओर से संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ हुआ। इस दौरान संदीप सिंह गोपाल यादव, युवराज सिंह, ऋतुराज सिंह, केवल कुशवाहा, गोविंद, धर्मेद्र शाह, उत्कर्ष आदि रहे। 

बुनकरों को दी गई योजनाओं की जानकारी
स्टेट हैंडलूम एक्सपो हथकरघा का आयोजन 21 जनवरी से 3 फरवरी तक अर्बन हाट, सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट में किया गया। विकास आयुक्त (हथकरघा) वस्त्र मंत्रालय और हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग निदेशालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सोमवार को बुनकरों को योजनाओं की जानकारी दी गई।

बुनकर सेवा केंद्र के उप निदेशक संजय कुमार गुप्ता ने केंद्र सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उपायुक्त उद्योग मोहन कुमार शर्मा ने विभाग में संचालित ओडीओपी योजना के साथ अन्य योजनाओं के बारे में बताया। इस दौरान राष्ट्रीय हथकरघा विकास निगम लि. प्रभारी अधिकारी, केंद्रीय रेशम बोर्ड वाराणसी के प्रभारी अधिकारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

रेलमंत्री ने वार रुम से की ट्रेन संचालन की मानीटरिंग
महाकुंभ के मद्देनजर प्रयागराज से वाराणसी समेत अन्य जगहों के लिए चलाई जा रही ट्रेनों के संचालन की मानीटरिंग रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे बोर्ड के वार रुम से की। इस दौरान उन्होंने स्टेशन प्रबंधकों को यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।

महाकुंभ में जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए इन दिनों नियमित एवं विशेष गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। रेलमंत्री ने सोमवार को रेलवे बोर्ड के वार रुम से ट्रेनों के परिचालन से संबंधित पूर्ण जानकारी प्राप्त की। वार रूम में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया कि संगम स्नान के लिए आने वाले यात्रियों और संगम स्थान के बाद वापस अपने-अपने शहर-गॉंव की ओर जाने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

आज पांच घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में रोड़ चौड़ीकरण, ट्रांसफाॅर्मर और लाइन शिफ्टिंग से संबंधित कार्य को लेकर मंगलवार को पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसी क्रम में 33/11 केवी उदयपुर, पांडेयपुर, दौलतपुर उपकेंद्र में पेड़ों की कटाई के लिए सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 

आयुष्मान आरोग्य केंद्र पर एनक्वास टीम ने जानीं सुविधाएं
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव के तहत पियरी गांव में चलने वाले आयुष्मान आरोग्य केंद्र का नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस (एनक्वास) टीम ने सोमवार को निरीक्षण कर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।

सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी के साथ दिल्ली से आए डॉ. अक्षत प्रसाद और राजस्थान के डाॅ. अनिरुद्ध तिवारी की टीम दोपहर में आरोग्य केंद्र पहुंची। विशेषज्ञों ने परिसर की साफ-सफाई देखी। स्वास्थ्य कर्मचारियों के काउंटर पर पहुंच कर उनका काम व कार्यशैली का परीक्षण किया। अभिलेख भी देखे। इस दौरान पीएचसी प्रभारी डाॅ. मनोज कुमार वर्मा, डाॅ. संतोष कुमार, डाॅ. मानसी, अशोक कुमार, कनिका सिंह आदि मौजूद रहे। 

सनातन के रक्षक थे महाराजा सुहेलदेव : अनिल राजभर
सारनाथ। महाराजा सुहेलदेव राजभर की जयंती के अवसर पर सोमवार को आकाशवाणी तिराहा पर स्थित सुहेलदेव पार्क के पास एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव सनातन धर्म के रक्षक थे। उन्होंने सैयद सलार गाजी से अयोध्या की रक्षा की थी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेसवादी इतिहासकार महाराजा के इतिहास को दबाने का प्रयास किया। वर्तमान में महाराजा सुहेलदेव के सपनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डेढ़ करोड़ से ज्यादा की लागत से सुहेलदेव पार्क का जीर्णोद्धार कराया जाएगा।

सोना तालाब में गिर चुके राजभर धर्मशाला का भी मरम्मत किया जाएगा। जिसमें किसी भी जाति के गरीब बच्चे रहकर अपनी पढ़ाई कर सकेंगे। इस धर्मशाला में लगभग 50 छात्र एक साथ रह सकेंगे। इस मौके पर फागु राजभर, सोनू राजभर, राकेश कुमार, सन्नी गुप्ता, अनिल सोनकर, अभय प्रजापति समेत अन्य मौजूद रहे।

सड़क हादसे में घायल एक युवक की मौत
रोहनिया थाना क्षेत्र के खुशीपुर में रविवार रात कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान बेगूसराय निवासी रविकुमार की मौत हो गई। वहीं, गजाधरपुर निवासी अनिल कुमार का इलाज चल रहा है। रविकुमार वेयर हाउस में काम करता था और अखरी जा रहा था। 

कार की टक्कर में बाइक सवार शिक्षक घायल
मिर्जामुराद क्षेत्र के मेहदीगंज रिंगरोड पर सोमवार को कार की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक रामायण प्रसाद घायल हो गए। पुलिस ने घायल को ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

डिजिटल लिटरेसी के प्रति किया जागरूक
आर्य महिला पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई ए और डी ने सोमवार को यूथ फॉर माय भारत पोर्टल एंड यूथ फॉर माय डिजिटल लिटरेसी के तहत लोगों को जागरूक किया। यूनिट ए ने दुर्गाकुंड मलिन बस्ती और यूनिट डी ने बनकटी हनुमान मंदिर भेलूपुर में लोगों को डिजिटल साक्षरता के बारे में बताया। इस दौरान डिजिटल साक्षरता पर वाद-विवाद प्रतियोगिता और मेरा गौरव मेरा भारत विषय पर भाषण प्रतियोगिता हुई। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्वप्ना बंदोपाध्याय और डॉ. ममता गुप्ता मौजूद रहीं। 

एंबुलेंस में महिला का सुरक्षित प्रसव करवाया
सिंधौरा के चितौरा ग्राम में सोमवार को महिला का एंबुलेंस कर्मियों ने एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव करवाया। चितौरा गांव निवासी अभिषेक ने प्रसव पीड़ा से परेशान पत्नी सोनी को स्वास्थ्य केंद्र तक ले जाने के लिए 102 नंबर की एंबुलेंस को बुलवाया। रास्ते में उसका दर्द बढ़ गया। इस पर एंबुलेंस रास्ते में रोककर उसमें मौजूद ईएमटी धनपत कुमार, आशा कार्यकर्ता मीरा यादव ने सुरक्षित प्रसव कराया। महिला और बच्चे को पीएचसी पर भर्ती करवाया गया। यहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. वरुण सिंह ने जच्चा बच्चा को स्वस्थ बताया है।

महाकुंभ के लिए निरस्त सभी ट्रेनें बहाल
महाकुंभ में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से कई ट्रेनों को रि-शेड्यूल और निरस्त किया गया था। साथ ही कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन किया गया था। अब रेलवे प्रशासन ने इन सभी ट्रेनों को बहाल कर दिया है। 

छपरा से 4 फरवरी को चलने वाली 15159 छपरा-दुर्ग एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग एवं समय से चलाई जाएगी। दानापुर से 4 फरवरी को चलने वाली 12792 दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग एवं समय से ही चलाई जायेगी। पूर्वाेत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार बलिया से चलने वाली 11072 बलिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 4 फरवरी को अपने निर्धारित मार्ग वाराणसी जं.-जंघई-प्रयागराज जं.-मानिकपुर के रास्ते चलाई जाएगी।

चौरी-चौरा और कृषक एक्सप्रेस भी बहाल
रेलवे प्रशासन की ओर से बताया गया है कि निरस्त की गई 15004/15003 गोरखपुर-कानपुर अनवरगंज-गोरखपुर चौरी चौरा एक्सप्रेस और शार्ट टर्मिनेट/शार्ट ओरिजिनेट कर चलायी जा रही 15008/15007 लखनऊ जं.-वाराणसी सिटी-लखनऊ जं. कृषक एक्सप्रेस को भी बहाल कर दिया गया है। इसके अलावा लखनऊ जंक्शन से 4 फरवरी को चलने वाली 15008 लखनऊ जं.-वाराणसी सिटी कृषक एक्सप्रेस और वाराणसी सिटी से चलेगी।

393 ग्राम डोडा चूर्ण के साथ दो युवक गिरफ्तार
बड़ागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार रात गश्त के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान शुभम केशरी और शिवम केशरी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर शुभम के पास से 260 ग्राम डोडा चूर्ण और शिवम के पास से 68 ग्राम डोडा अर्धचूर्ण व 65 ग्राम डोडा कुल 393 ग्राम बरामद हुआ।

दोनों युवक नशे के लिए इस पदार्थ की बिक्री करते थे। इस नशीले पदार्थ का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद माल को सील कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 

बंदूक और पांच कारतूस के साथ अन्य सामान चुरा कर आग लगा दी
शिवपुर के लोढ़ान निवासी नागेंद्र सिंह का बंद घर चोरों ने खंगाल डाला और फिर लगा दी। चोर उनके मकान से लाइसेंसी बंदूक, पांच कारतूस, स्कूटी, गीजर समेत अन्य सामान चुरा ले गए हैं। भुक्तभोगी की तहरीर पर शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

लोढ़ान निवासी नागेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह बीएसएफ से रिटायर्ड हैं। गत 26 जनवरी को वह अपने परिवार के साथ नरोत्तमपुर डाफी स्थित ससुराल में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। एक फरवरी को वापस आने पर उन्होंने घर के सारे ताले टूटे हुए पाए। नागेंद्र सिंह की सूचना पर शिवपुर थाने की पुलिस ने मौका मुआयना किया।

ई रिक्शा चोरी के मामले में आठ दिन बाद पुलिस ने लिखा मुकदमा
आदमपुर थाने की पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी के मामले में आठ दिन बाद एसीपी कोतवाली के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया है। चंद्रा चौराहा (आशापुर) निवासी नीरज कुमार देववंशी ई-रिक्शा चलाता था। नीरज के मुताबिक वह बीते 26 जनवरी को राजघाट स्थित वसंत महिला कॉलेज के पास ई-रिक्शा ई-रिक्शा गायब हो गया था। आदमपुर थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया तो वह एसीपी कोतवाली प्रज्ञा पाठक के पास पहुंचा और आपबीती सुनाया।

मां के साथ कचहरी गए बेटे की पिटाई, चार पर केस
मां के साथ मुकदमे की पैरवी करने कचहरी गए बेटे के साथ मारपीट कर धमकी दी गई। मामले में कैंट थाने की पुलिस ने चार नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। परेड कोठी, मलदहिया निवासी संजय कुमार के अनुसार मकान में चोरी के मामले में विजय सोनकर उर्फ काने, अमन सोनकर, रितेश सोनकर और विशाल के खिलाफ उन्होंने सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। 

उसी मुकदमे की पैरवी के लिए वह मां शारदा के साथ गत 22 जनवरी को कचहरी में वकील से मिलने गए थे। वहां पहले से मौजूद विजय, अमन, रितेश और विशाल ने उन्हें घेर कर मुकदमा वापस लेने की बात कही। बात न मानने पर मारपीट कर धमकी दी।
 

पति सहित चार पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
बड़ागांव थाने में रतनपुर गांव की ज्योति पटेल ने अपने पति सूरज पटेल सहित ससुराल के चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न्र सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। ज्योति के अनुसार उनका विवाह 24 जून 2020 को सूरज से हुआ था। 

विवाह के बाद से ही पति सूरज पटेल, ससुर सुवाष पटेल, सास सुशीला देवी और ननद रोशनी लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। ज्योति ने कहा कि मायके से मिला सामान लेकर ससुराल वालों ने उन्हें 15 नवंबर 2024 को घर से निकाल दिया। साढ़े तीन साल के बच्चे के साथ 18 दिसंबर 2024 को वह अपने ससुराल गईं तो उन्हें घर में घुसने नहीं दिया गया। 

जमीन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, दो पर केस
सारनाथ के खजुही इलाके में जमीन दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 30 लाख रुपये ठगने के मामले में सारनाथ थाने में मां-बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। 

लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर में रहने वाले अमित सोनकर ने पुलिस को बताया कि खजुही की सुषमा देवी और उसका पुत्र नवींद्र जमीन बेचने की बात की। 10 सितंबर 2023 को 30 लाख रुपये की दर से एक बिस्वा जमीन का भाव तय हुआ। मां-बेटे को 30 लाख रुपये दिए। जमीन का बैनामा करने को कहने लगे तो मां-बेटा टालमटोल करने लगे। अब पैसा मांगने पर मां-बेटा जान से मारने की धमकी देते हैं।

विद्यार्थियों को दिया गया टैबलेट
सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के वीरभानपुर ( टोडरपुर ) के मूलचंद औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सोमवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत विद्यार्थियों टैबलेट दिया गया। मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल रहे। कहा कि समस्त छात्रों को टैबलेट के माध्यम से ज्ञान अर्जन की क्षमता में वृद्धि कर कार्य कुशलता को सुदृढ़ बना सकते हैं। इस दौरान मानस कुमार, राजकुमार वर्मा, सुरेंद्र याद , मुकेश पटेल, श्याम बली पटेल उपस्थित रहे।

शहर से गांव तक स्थापित हुई होलिका
वसंत पंचमी पर शहर से लेकर गांव तक होलिका स्थापित की गई। शहर में चौराहों और सड़कों के किनारे पेड़ की डालियां और गोहरी हालिका के तौर पर रखी गईं। रवींद्रपुरी, लंका, भगवानपुर, बरडीहा, चेतगंज, छित्तूपुर, सिगरा, चांदपुर, मंडुवाडीह, सुंदरपुर, जगतगंज, पांडेयपुर, अर्दलीबाजार आदि के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी हालिका स्थापित की गई।

विश्वनाथ धाम में मां सरस्वती की आराधना की
वसंत पंचमी पर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में मां सरस्वती की विशेष पूजा और आराधना की गई। मां के विग्रह का विधिवत शृंगार हुआ। पूजा में यजमान मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा मंडल रहे। अनुष्ठान में मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी निखिलेश कुमार मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त एस चिन्नपा, डिप्टी कलेक्टर शंभूशरण, विशेष कार्याधिकारी उमेश सिंह आदि शामिल रहे। सभी ने मां सरस्वती से विद्या, बुद्धि और ज्ञान की प्राप्ति की कामना की।

सारनाथ में आज होगा कछुआ का पोस्टमार्टम, दो सदस्यीय टीम गठित
शंकुलधारा तालाब में दुर्लभ प्रजाति के कछुआ की मौत के मामले की जांच दो सदस्यीय टीम करेगी। कछुआ का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा। खोजवां के शंकुलधारा तालाब में रविवार को स्थानीय लोगों ने मृत हालत में दुर्लभ प्रजाति का कछुआ देखा था। जानवरों के डॉक्टर ने इसे मृत घोषित कर दिया था। 

वन विभाग को जानकारी दिए बिना ही स्थानीय लोगों ने द्वारकाधीश मंदिर के पीछे मैदान में इसे दफन कर दिया। जानकारी मिलने पर वन विभाग के अधिकारियों ने कछुआ के शव को अपने कब्जे में ले लिया। प्रभागीय वनाधिकारी स्वाति ने बताया कि कछुआ की मौत की जांच कराई जा रही है। इसके लिए दो सदस्यीय टीम गठित की गई है। मंगलवार को कछुआ का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की सही वजह का पता चलेगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि कछुआ की गर्दन और पैर में चीनी मांझा फंसने से घाव हो गया था। जांच अधिकारी और उप प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि सारनाथ में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद मौत के कारण पता चल पाएगा।
विज्ञापन

सरस्वती प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कुंड तैयार
वसंत पंचमी पर मां सरस्वती की पूजन के बाद मंगलवार से शहर के कुंडों में प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। इसके मद्देनजर नगर निगम विसर्जन कुंडों को तैयार करने में जुट गया है। जिन इलाकों में प्रतिमाओं की स्थापना की गई है, उन्हीं इलाकों के आसपास के कुंडों में विसर्जन होगा। 

सभी विसर्जन कुंडों पर नगर निगम ने सफाई कर्मचारियों की तैनाती कर दी है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने इलाकों की प्रतिमाओं का विसर्जन उन्हीं इलाकों के कुंडों में कराएं। सुनिश्चित कराएं कि कुंडों के आसपास बने अर्पण कलश में पूजन सामग्रियां डाली जाएं। कुंडों के आसपास सफाई और प्रकाश की व्यवस्था रहे।

पंचमुखी हनुमान की प्रतिमा की हुई प्राण प्रतिष्ठा
बेलागांव में सोमवार को पंचमुखी हनुमानजी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई। सुंदरकांड का पाठ हुआ और पंचमुखी हनुमान का शृंगार कर भव्य आरती की गई। इस दौरान आदिशक्ति महामाया मंदिर में मां की पूजा कर प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान हनुमान भक्त मंडल, विभिन्न हिन्दू संगठन और सर्वसमाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर मुख्य पुजारी ओंकारदत्त चौबे, पिंटू चौबे, दिनेश विक्रम सिंह, बनारसी पाठक, वासुदेव पाठक, ललितेश सिंह, काशी गुप्ता, कुंदन रघुवंशी, गौतम पाठक आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें