आगामी 31 दिसंबर की रात सड़कों और गंगा घाटों पर हुड़दंग करने वालों से पुलिस सख्ती से पेश आएगी। तेज रफ्तार वाहन के साथ फर्राटा भरने वालों की चेकिंग ब्रेथ एनालाइजर से की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाते मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर कोई उपद्रव न कर सके, इसकी निगरानी के लिए महिला और पुरुष पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी तैनात किए जाएंगे।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि 31 दिसंबर की शाम से ही पुलिस सड़कों और प्रमुख चौराहों पर सक्रियता के साथ तैनात नजर आएगी। सभी एसीपी, थानाध्यक्ष और चौकी इंचार्ज अपने इलाके में भ्रमणशील रहेंगे। डीसीपी और एडीसीपी अपने जोन के पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का मुआयना करेंगे। बगैर इजाजत कहीं भी सार्वजनिक कार्यक्रम के आयोजन की इजाजत नहीं दी जाएगी। देर रात शराब पीकर सड़कों और गंगा घाटों पर जो कोई हुड़दंग करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ हर हाल में निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बीएचयू कैंपस से चुराई थी पांच बाइक, दो पकड़े गए
बीएचयू कैंपस और ट्रॉमा सेंटर परिसर से बाइक चुराने वाले दो लोगों को लंका थाने की पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों में एक की पहचान ससुवाही में रहने वाले और बिहार के भभुआ जिले के कर्महारी गांव के मूल निवासी विवेक कुमार चौबे के रूप में हुई है। दूसरा 16 वर्षीय किशोर वैष्णो नगर कॉलोनी, छित्तूपुर में रहता है और बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला है।
दोनों की निशानदेही पर चोरी की पांच बाइक और पांच मास्टर की बरामद हुई। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने बताया कि दोनों बीएचयू कैंपस और ट्रॉमा सेंटर परिसर में खड़े दोपहिया वाहनों की रेकी करते थे। मौका देखकर मास्टर की से लॉक खोल कर दोपहिया वाहन चुरा ले जाते थे। चोरी के वाहनों को 10 से 20 हजार रुपये में बेच देते थे।
जमीन पर अवैध कब्जा में पार्षद समेत पांच पर केस
सारनाथ के पुरानापुल पुलकोहना क्षेत्र में जमीन पर अवैध कब्जा मामले में भाजपा पार्षद समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलकोहना निवासी पीड़ित संतोष कुमार ने बताया कि दनियालपुर के पार्षद जितेंद्र कुशवाहा, पैगंबरपुर के श्रीनिवास मौर्या, पंचराव के कैलाश राजभर, शेखर राजभर व तपेसरा देवी ने चहारदीवारी ढहा दी। विरोध करने पर धमकी दी।
दूध लेने निकले ईंट भट्ठा मालिक को पीटा
नियार बाजार में दूध लेने गए ईंट भट्ठा मालिक उमेश सिंह की पिटाई की गई। पीड़ित को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया गया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पांच के खिलाफ चोलापुर थाने में केस दर्ज किया गया। नियार निवासी उमेश सिंह ने बताया कि दो दिन पूर्व गांव में ही एक व्यक्ति से विवाद हुआ था। उसी समय जान से मारने की धमकी दी गई थी। व्यक्ति के साथ पांच युवकों ने लाठी डंडे से वार किया।
महिला से मोबाइल छीन कर भागे बदमाश
मिर्जामुराद के खजुरी-जमुआ मार्ग पर छोटी खजुरी में पैदल जा रही मां-बेटी से बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। घटना के संबंध में मिर्जामुराद थाने में तहरीर दी गई है। खजुरी गांव निवासी राम प्रकाश यादव की पत्नी सरोजा देवी अपनी 13 वर्षीय बेटी निधि के साथ खजुरी बाजार गई थी। बाजार से दोनों पैदल ही अपने घर जा रही थी। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया।
दुकान में आग लगाने का आरोप
महमूरगंज आकाशवाणी के सामने फास्टफूड की दुकान में बीते 23 दिसंबर की रात में अराजकतत्वों ने आग लगा दी थी। आग लगने से भीतर रखा लगभग 50 हजार रुपये का सामान जल गया था। दुकान संचालक अमित भट्ट की शिकायत पर आग लगाने के आरोप में वीरू यादव, विक्की यादव, बजरंगी यादव और राहुल के खिलाफ भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया है।
अवैध पार्किंग वसूली में युवक गिरफ्तार
कैंट रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर शुक्रवार को अवैध दोपहिया पार्किंग वसूली में आरोपी को आरपीएफ ने गिरफ्तार किया। जमानत पर आरोपी को रिहा किया गया। कैंट आरपीएफ पोस्ट प्रभारी संदीप यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन मौर्य निवासी घोड़हा शिवपुर के रूप में हुई है। युवक 9 नंबर की तरफ सर्कुलेटिंग एरिया में दोपहिया वाहनों में पर्ची टोकन लगा रहा था। उधर, अवैध रेल टिकट व्यापार में आरपीएफ ने शुक्रवार को प्रदीप कुमार निवासी मढ़वा लालपुर और सुधीर कुमार श्रीवास्तव निवासी वरुणा पुल को गिरफ्तार किया।
सदर तहसील में अधिवक्ताओं में मारपीट, मुकदमा
शिवपुर थाने में सदर तहसील के दो अधिवक्ताओं की तहरीर के आधार पर मारपीट और चेन छीनने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। अलाउद्दीनपुर गांव निवासी अधिवक्ता योगेश कुमार पांडेय ने पुलिस को बताया कि उन्हें छह-सात लोग तहसीलदार न्यायिक की अदालत से बाहर खींच ले गए। इसके बाद उन्हें जमकर पीटा गया और उनकी सोने की चेन छीन ली गई। उधर, भट्ठी गांव निवासी अधिवक्ता सुशील सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया।
ई रिक्शा चालकों ने घेर कर पीटा, दी तहरीर
भेलूपुर थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा चालकों ने दो भाइयों को सरेराह बुरी तरह से पीटा। इसे लेकर निराला निवेश, रथयात्रा निवासी अधिवक्ता संजय कुमार द्विवेदी ने भेलूपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने तहरीर में लिखा है कि उनका भतीजा अभिषेक अपने ऑफिस जा रहा था। उसी दौरान एक ई-रिक्शा चालक ने उसे रोक कर उसकी बाइक की चाबी निकाल ली। अभिषेक ने तत्काल बड़े भाई को बुलाया। इस बीच 20 से 25 की संख्या में ई-रिक्शा चालकों ने उनके दोनों भतीजों के साथ मारपीट करते हुए बाइक भी छीनने का प्रयास किया।
नेहरू पार्क से आशियाना चौराहे तक विकसित करें फुटपाथ
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने शुक्रवार को नेहरू पार्क से लेकर आशियाना चौराहे तक निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क के दोनों ओर फुटपाथ विकसित करने, बेंचेज लगाने, वेंडिंग जोन विकसित और पार्किंग बनाने के निर्देश दिए गए। होटल के बाहर हो रही पार्किंग को हटवाने को कहा। सामूहिक रूप से राजस्व, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी और वीडीए व कैंटोनमेंट के सामूहिक प्रयास से जमीन का सर्वे कराने के निर्देश दिए। सड़क के दोनों ओर पौधरोपण करने और डेकोरेटेड लाइट लगवाने व बाउंड्रीवाल बनवाने के निर्देश दिए।
निगम के सर्वेयर के बीच मारपीट मामले में जांच कमेटी गठित
नगर निगम के सर्वेयर के बीच मारपीट मामले में सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने जांच कमेटी गठित कर दी है। उन्होंने जांच अधिकारी नायब तहसीलदार शेषनाथ से तीन दिन में रिपोर्ट मांगी है। दरअसल कुछ दिन पूर्व नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने कुछ सर्वेयर को काम में लापरवाही पर नोटिस दिया था। इससे खफा होकर सर्वेयर विनय और त्रिलोकी के बीच गाली गलौज और मारपीट हो गई। सर्वेयर हरेंद्र और शिवचरण ने बीच बचाव किया। कार्यालय अधीक्षक ने इसकी सूचना सहायक नगर आयुक्त को दी। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कमेटी गठित कर दी है।
गंगा किनारे अवैध निर्माण तोड़ा
वीडीए की टीम ने सभी जोन में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया। गंगा नदी के किनारे 200 मीटर के अंदर अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की गई। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि वैष्णवी इंटरप्राइजेज प्रदीप यादव द्वारा सामनेघाट पुल के नीचे बिना मानचित्र स्वीकृत कराए ढलाई का कार्य पूरा कर फिनशिंग का काम कर रहा था। यहां ध्वस्तीकरण का काम किया गया। भेलूपुर में अजय सिंह दुर्गाकुंड के पास बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भवन निर्माण करा रहे थे। इसे सील किया गया।
अभियंताओं के कार्यक्षेत्र बदले
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने पांच सहायक अभियंताओं के कार्यक्षेत्र बदल दिए। सहायक अभियंता संजीव कुमार की नवीन तैनाती बतौर जोनल अधिकारी वार्ड-नगवां एवं भेलूपुर, प्रकाश कुमार को बतौर जोनल अधिकारी, सारनाथ, जैतपुरा एवं आदमपुर, सिंह गौरव जय प्रकाश को जोनल अधिकारी, रामनगर एवं मुगलसराय (पं. दीन दयाल उपाध्याय) व सहायक अभियंता शिवाजी मिश्रा को जोनल अधिकारी, सिकरौल, शिवपुर एवं सहायक अभियंता (मानचित्र एवं नियोजन) और प्रमोद कुमार तिवारी को निर्माण अनुभाग में नई तैनाती की गई।
एक सप्ताह से लंबित शिकायत का निस्तारण करें
वीडीए सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक हुई। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह से लंबित जन समस्याओं से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता से करें। शहर में हो रहे अनियोजित विकास एवं अवैध प्लाॅटिंग को चिह्नित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करें। कहा कि लापरवाही की तो संबंधित के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। इस दौरान उन्होंने जोन-1 और जोन-2 में मानचित्र के निस्तारण रिपोर्ट की समीक्षा की।
पटरी दुकानदार ने फंदा लगाकर जान दी
चेतगंज थाना क्षेत्र के सरायगोवर्धन में किराये के कमरे में रहने वाले एक पटरी दुकानदार ने फंदा लगाकर जान दे दी। शुक्रवार की सुबह सूचना पाकर चेतगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाई। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के टेढ़ीनीम का मूल निवासी अजय दूबे उर्फ बाबा (50) सरायगोवर्धन के दिलीप गुप्ता के मकान के चौथे तल के कमरे में रहता था। सुबह अजय के कमरे के दरवाजा काफी देरी तक नहीं खुला तो अन्य किरायेदारों ने आवाज दी। इसके बावजूद भी कमरा नहीं खुला तो सूचना मकान मालिक और पुलिस को दी गई।
महाकुंभ जाने वाले मार्ग पर लगेंगे सीसी कैमरे
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गुड़िया बॉर्डर पर शुक्रवार एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि महाकुंभ जाने वाले मार्ग पर पूछताछ केंद्र एवं सीसी कैमरे लगाए जाएंगे। सभी केंद्रों पर फोर्स तैनात रहेगी। इसके अलावा वायरलेस सिस्टम लगाने के साथ श्रद्धालुओं के सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूछताछ केंद्र बनेंगे। इसके अलावा मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में सात स्थान पर श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी।
युवक की मौत, पुलिस को बताए बगैर की अंत्येष्टि
बड़ागांव थाना क्षेत्र के दासेपुर गांव में राजेश चौहान (38) शुक्रवार की सुबह कमरे में मृत मिला। परिजनों का कहना था कि ठंड लगने से राजेश की मौत हुई है। ग्रामीणों का कहना था कि बीती रात राजेश शराब पीकर घर आया था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया।
50 कैमरे की मदद से सामान खोजकर सौंपा
मध्य प्रदेश के सतना जिले के आए सागर सोनी का शुक्रवार को सामान रखा बैग ई-रिक्शा चालक लेकर फरार हो गया। सिटी कमांड सेंटर से तीन घंटे तक 50 सीसी कैमरे की फुटेज खंगालने के बाद ई-रिक्शा चालक पकड़ में आया। सिटी कमांड सेंटर फेस-1 के इंचार्ज ने बताया कि सामान खोजकर सौंपा गया।
विकास कार्यों की जांच की
ग्राम पंचायत तोफापुर में शुक्रवार को डीपीआरओ आदर्श और एडीपीआरओ राम उदय यादव हाईकोर्ट के आदेश पर विकास कार्यों की जांच करने पहुंचे। पूछताछ में पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राहुल यादव ने कहा कि शिकायतकर्ता के आरोपों पर जिले के अधिकारी कई बार जांच कर चुके हैं। कोई गड़बड़ी नहीं मिली। ऐसे में बार-बार उन्हीं कार्यों की जांच करके छवि को खराब किया जा रहा है।
अफसरों ने हाईकोर्ट के आदेश का हवाला दिया। इसके बाद उनसे स्ट्रीट लाइट, हैंडपंप रिबोर और इंटरलाकिंग के बारे में पूछताछ की। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि इण्टरलाकिंग के लिए सामग्री खरीदी गई थी। उसे लगाया नहीं जा सका है तो अभी तक मजदूरी की धनराशि भी नहीं निकाली गई है।
मूल समस्याओं से ध्यान भटका रही भाजपा
सपा की महानगर टीम ने बेनीपुर में पीडीए पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया। विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अजय चौधरी ने कहा कि भाजपा मूल समस्याओं से ध्यान भटकाकर भीमराव आंबेडकर पर बयान देने जैसे हथकंडे भी अपना रही है। जनता महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है।
बैठक में हरीश नारायण सिंह बगड़, राहुल सिंह, राजभर सुजीत पांडे, विजय यादव, विनोद यादव, किशन सोनकर, समेत अन्य मौजूद रहे। वहीं सपा ने दूसरी बैठक सुंदरपुर में की। विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बाबा भीमराव आंबेडकर के संविधान को बदलने का कुत्सित प्रयास कर रही है। हम लोग संविधान रक्षा के साथ साथ पीडीए को लामबंद कर इसमें सफल नहीं होने देंगे। इस दौरान महानगर अध्यक्ष, दिलीप डे, महानगर महासचिव योगेंद्र यादव, महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रिबु श्रीवास्तव, पूजा यादव, ओमप्रकाश जायसवाल,राजू साहनी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
मॉकड्रिल कर जागरूक किया
महाकुंभ के दौरान वाराणसी में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी। इसको ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को नमो घाट पर मॉकड्रिल कर लोगों को जागरूक किया गया। इसमें अग्निशमन विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और एनसीसी से जुड़े लोग शामिल रहे। अग्निशमन विभाग के निरीक्षक लालजी ने बताया कि लोगों को राहत और बचाव आदि के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही गंगा नदी में डूबते हुए व्यक्तियों को सुरक्षित बचाने पर भी फोकस किया गया। उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में एनडीआरएफ की टीम गंगा घाटों की नियमित निगरानी करती है।
आवंटन के 7 साल बाद मिला कब्जा
फूलपुर थाना क्षेत्र के बरही कला में तहसील व पुलिस प्रशासन ने 7 साल बाद आवासीय पट्टा आवंटियों को कब्जा दिलाया। 2017 में कल्लू पासी, सुक्खू सरोज, भैयालाल पासी, चंद्रावती देवी को एक-एक बिस्सा आवासीय जमीन का पट्टा किया गया था। इस पर अन्य लोग कब्जा किए थे। एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने जांच के बाद इंस्पेक्टर फूलपुर को कब्जा दिलाने का आदेश दिया था। इस दौरान प्रधान राय साहब, पूर्व प्रधान दिलीप सिंह उपस्थित थे।
पुलिस आयुक्त से शिकायत की
बहेड़वा के ग्राम प्रधान संजय कुमार ने पुलिस आयुक्त खजुरी चौकी इंचार्ज की शिकायत की है। आरोप लगाया कि मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उनसे 50 हजार रुपये की वसूली का प्रयास किया गया। आरोप से संबंधित वीडियो और ऑडियो भी ग्राम प्रधान ने सौंपा है। पुलिस आयुक्त ने मामले की जांच एसीपी राजातालाब को सौंप कर रिपोर्ट मांगी हैं। ग्राम प्रधान के अनुसार बीते 18 दिसंबर को गांव में एक ससुर द्वारा बहू के ऊपर चापड़ से वार किए जाने संबंधी घटना हुई थी। उस संबंध में मिर्जामुराद थाने में रिपोर्ट भी दर्ज है।
शिक्षक करेंगे छात्रों को एनीमिया मुक्त
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक से लेकर इंटर कॉलेज के शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन आयुष्मान भारत के तहत किशोर स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के तहत हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. नवीन सिंह ने कहा शिक्षक प्रशिक्षित होकर छात्रों को एनीमिया मुक्त कर सकता है।
चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने दी सांत्वना
चौबेपुर के कोदोपुर गांव के मजदूर नत्थू राजभर की बुधवार को काम से लौटेते समय सड़क हादसे में मौत हो गई थी। सूचना पर चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह शुक्रवार को मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। साथ ही हरसंभव आर्थिक मदद का भरोसा दिया। इस दौरान सपा के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव शामिल रहे।
बच्चों की पढ़ते हुए फोटो भेजते हैं अभिभावक
नहवानीपुर प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई में विशेष सुधार लाने के लिए नई पहल शुरू की गई है। प्रधानाचार्य चक्रधर चंद्र चौबे ने सभी विद्यार्थियों के अभिभावकों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। अभिभावकों को रात में पढ़ाई करते हुए बच्चों की फोटो भेजने के निर्देश दिए गए हैं। बच्चे इसमें रोजाना फोटो भेजते हैं। परीक्षा के दौरान इससे बच्चों को अच्छे अंक लाने में मदद मिलेगी। प्रधानाचार्य ने बताया कि पढ़ने में कमजोर बच्चों के लिए यह पहल शुरू की है। स्कूल में पढ़ाई के साथ सेल्फ स्टडी भी जरूरी है इसीलिए अभिभावकों से बच्चों की फोटो भेजने को कहा है।
बीएचयू-महामना की नीतियों को उकेरा
सेवाज्ञ संस्थानम की ओर से पांडेय हवेली के बंगाली टोला इंटर कॉलेज में महामना पर चित्रकला प्रतियोगिता हुई। 200 से ज्यादा युवाओं और स्कूली बच्चों ने चित्रकारों ने महामना और बीएचयू के योगदान का चित्रण किया। वहीं, आज इंग्लिशिया लाइन के भारतीय शिक्षा मंडल में गीता पाठ प्रतियोगिता होगी। 4 जनवरी को विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। एडवोकेट मंगलेश दुबे, डॉ. हरेंद्र राय और डॉ. बृजेश मणि पांडेय ने चित्रकारों को प्रेरित किया।
कोड ऑफ एथिक्स में हुई ऑडिटिंग पर चर्चा
दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की ओर से शुक्रवार को पांडेयपुर के प्रेमचंद नगर कॉलोनी में सेमिनार हुआ। मुख्य वक्ता नई दिल्ली के सीए कार्तिक जिंदल और वाराणसी के सीए विशाल सिंह रहे। सीए कार्तिक जिंदल ने बताया कि स्टैंडर्ड ऑन ऑडिटिंग पेशे में उपयोग होने वाले नियम और मार्गदर्शिकाएं हैं।
सीए विशाल सिंह ने बताया की कोड ऑफ एथिक्स एक सेट ऑफ नियम और मार्गदर्शिकाएं हैं जो पेशेवरों को उनके काम में नैतिक और जिम्मेदार तरीके से काम करने के लिए मार्गदर्शन देती हैं। शुभारंभ सौरभ कुमार शर्मा, अध्यक्षता द्विजेंद्र सिंह और धन्यवाद नीरज कुमार सिंह ने किया। संचालन खुशी कपूर ने किया।
पुरातन छात्रों ने पुराने दिनों को किया याद
डैलिम्स सनबीम ग्रुप ऑफ स्कूस एंड हॉस्टल रोहनिया में 25 दिसंबर को संस्था के प्रारंभिक बैच से लेकर 2020 तक के पुरातन छात्र-छात्राओं का समागम हुआ। छात्र-छात्राओं ने खट्टे-मीठे संस्मरणों को साझा किया। पुरातन छात्रों ने कहा कि हम उन जड़ों का जश्न मनाने के लिए फिर से एक हो रहे हैं, जिन्होंने हमें फलने-फूलने के लिए आकार दिया।
विद्यालय ने न केवल हमें शिक्षित किया है, बल्कि आत्मनिर्भर भी बनाया है। डैलिम्स सनबीम के संस्थापक द्वय डॉ. अमृतलाल इशरत और मैडम दीश इशरत की छाया प्रति पर संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप ‘बाबा’ गधोक, निर्देशिका पूजा मधोक, अतिरिक्त निदेशक माहिर मधोक और प्रधानाचार्या गुरगीत कौर ने माल्यार्पण किया।
नए वर्ष का कैलेंडर जारी, शामिल हुए 200 छात्र
सेंट जॉन्स मड़ौली एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से स्कूल में यादें 2024 का आयोजन हुआ। विशिष्ट अतिथि एडीजी वाराणसी पीयूष मोर्डिया रहे। अध्यक्ष वरुण मूंदड़ा ने संस्था का समृद्ध इतिहास बताया। कहा कि 1999 बैच की रजत जयंती वर्षगांठ है। इस बैच के देश-विदेश के 80 से अधिक छात्र-छात्राएं में शामिल रहे।
प्रधानाध्यापक फादर सुसाई राज ने रिटायर होने वाली तीन शिक्षिकाओं और एक कर्मचारी को सम्मानित किया। पुरा छात्रा पूजा त्रिपाठी की माता चंद्रकला त्रिपाठी ने उनकी पुस्तक का विमोचन किया। संस्था के नए वर्ष के कैलेंडर का अनावरण हुआ। रोहित कपूर, वैभव कपुर, मनीष माहेश्वरी, विशाल अग्रवाल, कुलदीप, डॉ. शांतनु व मुष्टि उपस्थित रहे।
महामना पर किताबों का किया था लोकापर्ण
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने महामना की 150वीं जयंती पर दो किताबों का लोकार्पण किया था। नई दिल्ली में 27 दिसंबर 2011 को उन्होंने बड़े समारोह में किताबों को जनता के हवाले किया था। एक किताब भारत सरकार और दूसरी किताब महामना मालवीय ट्रस्ट, बंगलुरु द्वारा प्रकाशित कराई गई थी। इसके लेखक बीएचयू के तत्कालीन जनसंपर्क अधिकारी डॉ. विश्वनाथ पांडेय थे।
बाबा विश्वनाथ धाम पहुंचे अभिनेता आशुतोष राणा
बॉलीवुड अभिनेता आशुतोष राणा शुक्रवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने रुद्राभिषेक कर भगवान शिव से आशीर्वाद लिया। आशुतोष राणा ने कहा कि काशी का आध्यात्मिक वातावरण मन को शांति और ऊर्जा प्रदान करता है। काशी आस्था, शक्ति और सकारात्मकता का केंद्र है। यहां आकर शांति का अनुभव होता है। प्रशंसकों ने आशुतोष को अपने बीच देखकर हर हर महादेव के उद्घोष से उनका अभिवादन किया। दर्शन पूजन के बाद वह अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
बीएचयू: नहीं हुआ पुष्प प्रदर्शनी का पुरस्कार वितरण
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के चलते बीएचयू में महामना जयंती के तीसरे दिन मिलने वाले पुष्प प्रदर्शनी प्रतियोगिता का पुरस्कार नहीं दिया गया। पुरस्कार वितरण की नई तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी। प्रतियोगिता विजेताओं से कहा गया है कि वे अपना मोबाइल नंबर मालवीय भवन स्थित उद्यान विशेषज्ञ इकाई के अस्थायी कार्यालय में दर्ज करा दें। मालवीय जयंती समारोह के तीन दिनों में मालवीय भवन में करीब एक लाख लोगों ने फूलों की प्रदर्शनी देखी।
बीएचयू में लगी सोलो पेंटिंग प्रदर्शनी
बीएचयू के भारत कला भवन में काशी, दिल्ली, प्रयागराज और रांची के कलाकारोंं की सोलो पेंटिंग प्रदर्शनी लगाई गई। हिंदुस्तानी संगीत कलाकार पंडित राजेश्वर आचार्य, न्यूरोलॉजिस्ट प्रो. वीएन मिश्रा और हिंदी के प्रो. श्री प्रकाश शुक्ल ने देश भर से आए चित्रकारों के भाव को जाना। प्रदर्शनी में वाराणसी से शिवपाल, प्रवीण, आदित्य अग्रवाल और ऐश्वर्या जायसवाल ने जानकारियां दीं। दिल्ली से आए चित्रकार राम परवेश पाल, संजय शर्मा, उमा, रंजीत, प्रयागराज से डॉ. कावेरी वीज, शिल्पी रस्तोगी, नंदिता अग्रवाल की पेंटिंग एग्जीबिशन में लगाई गई थी।
जापान की कलाकार देंगी कथक की प्रस्तुति
अध्यात्म और संस्कृति की नगरी काशी में कथक नृत्यांगना जापान की कलाकार नलिनी तोशनीवाल नृत्य की प्रस्तुतियां देंगी। दो दिवसीय आयोजन में वह भारत और जापान की संस्कृति से रूबरू कराएंगी। सुबह ए बनारस के सहयोग से दीनदयाल हस्तकला संकुल और अस्सी घाट पर आयोजन होगा। समिति की मंजू अग्रवाल ने बताया कि गंगा तट पर होने वाले कार्यक्रम को एक सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाएंगे। इसमें नृत्य, कला और भावनाओं का अद्भुत संगम होगा। 28 दिसंबर को ट्रेड फैसिलिटीज सेंटर में नलिनी तोशनीवाल अपने कथक नृत्य से शास्त्रीय नृत्य के विविध आयाम दर्शाएंगी।
प्रतियोगिता के विजेताओं का हुआ सम्मान
बंगला मेला के अंतिम दिन शुक्रवार को काफी भीड़ रही। लोगों ने अपने पसंद के कपड़े से लेकर खानपान की सामग्री की खरीदारी की। युवा व बच्चों ने चटपटे व्यंजनों व खिलौनों का लुत्फ उठाया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। पांडेय हवेली स्थित बंगाली टोला इंटर कॉलेज में बच्चों के फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर क्रमश: कृतिका शाह, रुद्रांश शिवदत्ता और सूर्यांश पाठक रहे।
भगवान से न करें कबीर की तुलना
विरासत दर्शन व्याख्यान माला काशी के सांस्कृतिक राजदूतों ने संत कबीर का जीवन दर्शन किया। कैंटोनमेंट स्थित रेस्टोरेंट में हुए कार्यक्रम में कबीरचौरा मूलगादी मठ के उमेश ने कबीर की जीवनी का बखान किया। उन्होंने कहा कि कबीर की भगवान, पुरुष या संत किसी से भी तुलना न करें। कबीर हम सभी में हैं, बस स्वयं को पहचानने की जरुरत है। इंडियन नेशनल ट्रस्ट कल्चर एंड हेरिटेज, इन्टैक, टीजीए, आईआईटीएफए, टीजीएफई और एटीजीए संस्थाओं के आयोजन में फैसिलिटेटर और गाइडों ने हिस्सा लिया।
सफाई की, जगाई स्वच्छता की अलख
मणिकर्णिका घाट स्वच्छ गंगा-निर्मल गंगा के आह्वान से गूंज उठा। नमामि गंगे के स्वयंसेवी सदस्यों के साथ पर्यटकों ने मणिकर्णिका तीर्थ के तट की सफाई करके लोगों को जागरूक भी किया। शुक्रवार को सबसे पहले गंगा किनारे पड़े बहुतेरे निर्माल्य और गंदगी की सफाई करके कूड़ेदान तक पहुंचाया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला के संयोजन में मां गंगा के उद्गम स्थल उत्तराखंड से पधारे पर्यटकों ने गंगा के गीत गाए। इस दौरान मनीष तिवारी, संदीप त्रिपाठी, बलदेव अरोड़ा, सौम्या दीक्षित एवं उत्तराखंड से आए पर्यटकों ने भागीदारी की।
श्याम प्रभु को नौ देवियों की मिली शक्तियां
काशी में पहली बार संगीतमय खाटू श्याम कथा के दूसरे दिन खाटूधाम से पधारे कथावाचक श्याम रतन पप्पू शर्मा ने बाबा श्याम के जन्म एवं उनकी साधना प्रसंग का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्याम प्रभु को नौ देवियों की शक्तियां मिली। उन्होंने बाबा श्याम को तीन बाण का वरदान प्राप्त होने की भी कथा सुनाई। कथा श्रवण करने के लिए 500 से अधिक श्रद्धालु की भीड़ रही।
अलीविया के गायन से सजा मंच
सुबह ए बनारस में कोलकाता की अलीविया चटर्जी लाहिड़ी का गायन हुआ। अलीविया ने गायन की शुरुआत राग भैरवी में मध्य तीनताल में निबद्ध बंदिश बाट चलत नहीं... से किया। इसके साथ ठुमरी रस के भरे तेरे नयन... प्रस्तुत किया। समापन भजन गंगा जमुना वजं जलकुंभ... से किया। तबले पर अभिनंदन मिश्रा एवं संवादिनी पर प्रवीण सिंह ने संगत की।
श्रवण कुमार सम्मान सुरेश प्रसाद पांडेय को
वरिष्ठ पत्रकार स्व. मुन्नू प्रसाद पांडेय की 12वीं पुण्यतिथि मनाई गई। वाराणसी नागरिक संघ की ओर से पराड़कर भवन में आयोजित कार्यक्रम सुरेश प्रसाद पांडेय को श्रवण कुमार सम्मान दिया गया। वहीं, अगले वर्ष का श्रवण कुमार सम्मान सितारवादक पं. देवब्रत मिश्र को देने की घोषणा हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीभाष चंद्र सूपकार, विशिष्ट अतिथि डॉ. अत्रि भारद्वाज, नरेंद्र नाथ मिश्र, हिमांशु उपाध्याय तथा पवन कुमार शास्त्री रहे।
महिलाओं को मिला युगदर्शिनी रत्न सम्मान
बीएचयू में महिलाओं को युगदर्शिनी रत्न सम्मान से से नवाजा गया। स्वतंत्रता भवन सभागार में महिलाओं के रचनात्मक योगदान पर हुई संगोष्ठी में देश भर की विद्वान पहुंची थीं। महिला शोधकर्ताओं ने समाज, साहित्य और सांस्कृतिक मुद्दों पर अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए।
बिहार की पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री रेणु देवी ने कहा कि स्त्री नाजुक है, लेकिन कमजोर नहीं। कन्नड़ लेखिका और पूर्व सांसद डॉ. लीलादेवी आर. प्रसाद ने कहा कि इस कार्यक्रम से महिला सशक्तीकरण के प्रयासों को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में कर्नाटक से आईं महिलाओं अपर्णा कुमार, सुधा रबिनल, टीसी मंजुला, शोभा एच जे, विनोदिनी आनंद, रूपा होसदुर्गा का सम्मान किया गया।
कैंट विधायक ने जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने महमूरगंज स्थित शिवाजी नगर उद्यान में जनसुनवाई की। इसमें क्षेत्रीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं बताईं। विधायक ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए। जनसुनवाई के दौरान सड़क, पेयजल, चिकित्सा सहायता और सीवर जैसी प्रमुख समस्याएं रहीं। इस दौरान कुशाग्र, अभिषेक और वैभव उपस्थित थे।
विद्यार्थियों ने कैनवास पर भरे महामना के योगदान में रंग
सेवाज्ञ संस्थानम् की ओर से महामना महोत्सव की शृंखला में चित्रकला प्रतियोगिता हुई। बंगाली टोला इंटर कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। महामना एवं काशी हिंदू विश्वविद्यालय विष पर विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और सृजनात्मकता के जरिए महामना और उनके द्वारा स्थापित बीएचयू के योगदान को चित्रित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप जलाकर और महामना मालवीय जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि से हुआ। अतिथियों और आयोजकों ने महामना की विरासत और उनके भारतीय शिक्षा जगत में अतुलनीय योगदान को याद किया। इस दौरान सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट मंगलेश दुबे, डॉ. हरेंद्र राय, डॉ. बृजेश मणि पांडेय तथा देवाशीष दास उपस्थित रहे।
जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव की दी सलाह
बरेका राजभाषा विभाग की ओर से अधिकारी क्लब में जीवनशैली जनित बीमारियां पर चिकित्सा विषयक संगोष्ठी हुई। इसमें प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने मोटापा, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, कैंसर और सांस रोग जैसी प्रमुख बीमारियों के कारणों, लक्षणों और रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डाला। बरेका महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं, कर्मचारियों व अधिकारियों ने स्वास्थ्य से संबंधित प्रश्न पूछे। शुभारंभ मुख्य राजभाषा अधिकारी प्रवीण कुमार ने किया। अध्यक्षता बरेका महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्ष गौरी श्रीवास्तव, संचालन सचिव श्वेता सिंह और धन्यवाद संयुक्त सचिव ऋचा कारीढाल ने दिया।
प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान
नगर निगम की टीम ने दो दिनों तक प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान बाजार से 150 किलो प्लास्टिक जब्त की और 48 हजार 800 रुपये जुर्माना वसूला। प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल संदीप शर्मा ने बताया कि सभी जोन में अभियान चलाया गया। अभियान में कपड़े के झोलों का वितरण भी किया जा रहा है।
डॉ. प्रभात दोबारा सुपर कंप्यूटिंग सेंटर के को-ऑर्डिनेटर
आईआईटी बीएचयू के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रभात गुप्ता दोबारा सुपर कंप्यूटिंग सेंटर के को-ऑर्डिनेटर बनाए गए हैं। उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 तक यानी एक साल के लिए बढ़ाया गया है। डॉ. गुप्ता कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग से है। विभाग के साथ ही वो सुपर कंप्यूटर सेंटर की व्यवस्थाओं की भी देखरेख करेंगे। सुपर कंप्यूटर की मदद से आईआईटी और बीएचयू दोनों संस्थानों के वैज्ञानिकों और प्रोफेसरों के रिसर्च के हैवी डाटा की गणना की जाती है।
आज से पॉलिटेक्निक के विषम सेमेस्टर की परीक्षा
पॉलिटेक्निक के विषम सेमेस्टर की परीक्षा 28 दिसंबर से शुरू हो रही है। जिले में एक राजकीय और 22 निजी पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक सुंदरपुर में परीक्षा की तैयारी पूरी हो गई है।
कोर्स पूरा कराने के साथ छात्राओं को विषय दोहराने और तैयारी करने का मौका मिल गया था। राजकीय पॉलिटेक्निक सुंदरपुर के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि 28 दिसंबर से 13 जनवरी तक परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। सुबह की परीक्षा नौ से 11:30 बजे तक होगी। दोपहर की पाली 2 से 4.30 बजे तक होगी। कुछ पेपर तीन घंटे के होंगे। साथ ही बैक पेपर और स्पेशल बेक पेपर भी होंगे।
तीन डीन, पांच विभागाध्यक्ष समेत 14 पदों पर हुई नियुक्ति
आईआईटी बीएचयू में 14 पदों के लिए 13 नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसमें तीन डीन और पांच विभागाध्यक्ष भी हैं। संस्थान के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने फैसले पर मुहर लगाई। सभी आठ प्रोफेसर 1 जनवरी 2025 से जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रो. निलय कृष्ण मुखोपाध्याय को फैकल्टी अफेयर्स ऑफिस का डीन बनाया गया है।
प्रो. राजेश कुमार को रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑफिस और प्रो. देवेंद्र सिंह को एकेडमिक ऑफिस के डीन की जिम्मेदारी मिली है। प्रो. एनसी शांति श्रीनिवासन मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष, कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. भास्कर बिस्वास, भौतिकी विभाग के प्रो. राजेंद्र प्रसाद, गणितीय विज्ञान विभाग के प्रो. सुबीर दास और स्कूल ऑफ मटेरियल्स साइंसेज के प्रोफेसर चंदन उपाध्याय को विभागाध्यक्ष नियुक्त किया है।
पीएचडी थीसिस दमदार तो एक्सीलेंस अवॉर्ड
आगामी वर्ष में शोध की गुणवत्ता बढ़ाने की कोशिश के तहत दस सर्वश्रेष्ठ शोधार्थियों को पीएचडी थीसिस एक्सीलेंस अवार्ड मिलेगा। 1 जनवरी से पीएचडी एक्सीलेंस अवार्ड पोर्टल खुलने जा रहा है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी ) मेडिकल, एग्रीकल्चर, इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, सोशल साइंस,इंडियन लैंग्वेज, कॉमर्स, मैनेजमेंट स्ट्रीम के 10 शोधार्थियों को चुनेगा। फिर उन्हें 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के मौके पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीएचडी में रिसर्च व गुणवत्ता बढ़ाने के मकसद से यह अवार्ड देने का फैसला लिया गया है। फिलहाल शोध की संख्या में तो बढ़ोतरी हो रही है लेकिन अब गुणवत्ता बढ़ाने पर फोकस किया जाएगा। इसीलिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत पीएचडी उत्कृष्टता प्रशस्ति पत्र योजना तैयार हुई है।
इसमें मेडिकल, एग्रीकल्चर, इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, सोशल साइंस, इंडियन लैंग्वेज, कॉमर्स, मैनेजमेंट में से बेहतरीन थीसिस चुनी जाएंगी। शोधार्थियों को इसके लिए पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। यूजीसी रिपोर्ट के मुताबिक, साल दर साल शोध में करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी हो रही है। इसमें से भी साइंस स्ट्रीम में आंकड़ा सबसे अधिक है। उदाहरण के तौर पर वर्ष 2010-11 में पीएचडी पाठ्यक्रमों में कुल 77,798 दाखिले हुए जबकि वर्ष 2017-18 तक यह आंकड़ा 161,412 पार कर गया।
होटलों के नाम प्रमुख चौराहों पर लिखवाएं
एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा ने महाकुंभ के दौरान काशी आने वाले श्रद्धालुओं को मिलने वाली व्यवस्थाओं को लेकर बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्रवार होटलों के नाम और उनके नंबर प्रमुख चौराहों पर लिखवाएं। ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने की बात कही। महाकुंभ की प्रमुख स्नान की तिथियों के पहले और बाद में वाराणसी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने पर विशेष जोर दिया।
खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का उद्घाटन आज
उप्र खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से से अर्बन हाट चौकाघाट में मंडल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु 28 दिसंबर शनिवार को करेंगे। ग्रामोद्योग अधिकारी यूपी सिंह ने बताया कि मंडल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी के उद्घाटन के अवसर पर विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी धर्मेंद्र राय, हंसराज विश्वकर्मा, डीएम एस राजलिंगम, सीडीओ हिमांशु नागपाल मौजूद रहेंगे।
वाराणसी होकर चलेगी महाकुंभ स्पेशल
महाकुंभ पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 07707/07708 मौला अलि-आजमगढ़ कुंभ मेला स्पेशल का संचालन 18 से 23 जनवरी के बीच किया जाएगा। यह ट्रेन वाराणसी कैंट स्टेशन पर दोनों दिशाओं में रुकेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि 07707 मौला अलि-आजमगढ़ स्पेशल मौला अलि से रात 11.55 बजे खुलेगी और तीसरे दिन दोपहर 12.10 बजे कैंट होकर आजमगढ़ शाम 5.15 बजे पहुंचेगी। वापसी यात्रा में 07708 आजमगढ़-मौला अलि स्पेशल ट्रेन आजमगढ़ से देर शाम 7.45 बजे खुलेगी और तीसरे दिन सुबह 7.30 बजे मौला अलि पहुंचेगी।