चार साल में रुपये दोगुना करने का झांसा देकर लोगों से निवेश कराने वाली कंपनी और उसके प्रतिनिधियों के खिलाफ सिगरा थाने में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। दोनों मुकदमे अदालत के आदेश पर दर्ज किए गए हैं।
चोलापुर थाना क्षेत्र के देईपुर निवासी विश्वनाथ गुप्ता और रामनाथ गुप्ता के अनुसार करीब एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई है। अन्य निवेशकों के सामने आने पर राशि करोड़ों में जा सकती है। दोनों ने बताया कि सिगरा क्षेत्र में एलयूसीसी द लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट थ्रिफ्ट को-ऑपरेशन सोसाइटी का दफ्तर था।
इसका मुख्य ऑफिस गाजियाबाद में बताया गया था। चार साल में रुपया दोगुना करने की बात कही गई था। इसके लिए एजेंट को कमीशन के तौर पर भी रखा गया था। एजेंट विश्वनाथ ने एक बार 17.20 लाख और दूसरी बार 41 लाख म निवेश कराया। पुलिस ने कंपनी, नवी मुंबई निवासी समीर अग्रवाल, शबाब हुसैन, सानिया अग्रवाल, मंजय मुदगिल, आरके शेट्टी, अभय राय समेत अन्य अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
दुल्हन के पिता का नकदी से भरा बैग लेकर भागा
सारनाथ के मवइया स्थित एक बैंक्वेट हाल में बीती देर रात शादी के दौरान नकदी और आभूषण से भरा बैग लेकर एक उचक्का लेकर गया। उचक्के की करतूत सीसी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस जांच कर रही है। सारनाथ स्थित तिब्बती शिक्षा संस्थान मार्ग पर एक बैंक्वेट हाल में अनमोल नगर काॅलोनी, नवापुरा निवासी अनिल श्रीवास्तव की पुत्री अंकिता श्रीवास्तव की शादी थी। अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि बैग में लगभग डेढ़ लाख रुपये और नथिया व अंगूठी सहित डेढ़ लाख के आभूषण थे।
बड़ागांव थाने की पुलिस ने 15 बसों का चालान किया
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देश पर बड़ागांव थाने की पुलिस ने बाबतपुर इलाके में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 15 बसों का चालान किया गया। बड़ागांव थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि बाबतपुर चौराहे पर बसों में सवारी बैठाने को लेकर रोजाना जाम की स्थिति रहती है।
ऑटो में बुजुर्गों को बैठाकर चुराते थे सामान
ऑटो में बुजुर्गों और महिलाओं को बैठाकर उनका सामान चुराने के दो आरोपियों को लंका थाने की पुलिस ने सामने घाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान बुनकर कॉलोनी, करसड़ा के मोहम्मद मेराज और अहमद अली उर्फ समीर खान के रूप में हुई है। दोनों के पास से 2700 रुपये बरामद हुए हैं।
शादी के कारण लगा जाम, 104 वाहनों का चालान
सारनाथ के आशापुर क्षेत्र के बरात घर और लॉन में शादी के दौरान वाहन पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर जाम लगता है। इसे गंभीरता से लेते हुए आशापुर चौकी प्रभारी अनिल सिंह चंदेल ने 104 वाहनों का चालान किया। उन्होंने बताया कि सभी लॉन मालिकों को चेतावनी दी गई है।
शादी के दौरान घराती-बराती आपस में भिड़े, 7 घायल
मिर्जामुराद के शिवरामपुर गांव में बुधवार की रात शादी समारोह के दौरान किसी बात को लेकर घराती और बराती के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों से सात लोग घायल हुए हैं। घटना से क्षुब्ध दूल्हा शादी से इन्कार कर दिया। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दूल्हा शादी के लिए तैयार हुआ। लच्छापुर गांव निवासी एक युवक की बरात शिवरामपुर गांव आई थी।
200 डंडे मारे, तीन छात्रों पर मुकदमा
वाराणसी के बीएचयू के शास्त्री तृतीय वर्ष के छात्र श्रीनाथ त्रिपाठी ने रुइया संस्कृत हॉस्टल के तीन छात्रों पर 200 डंडा मारने और मोबाइल तोड़ने के आरोप में लंका थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। श्रीनाथ त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि वह रुइया संस्कृत हॉस्टल के रूम नंबर-25 में अपने दोस्त से मिलने जा रहा था। उसी दौरान रूम नंबर-28 से शिखर त्रिपाठी और अवनीश उपाध्याय निकले। दोनों ने उसे लगभग 200 डंडा मारा।
प्रेमिका से तंग आकर टीएमयू में छात्र ने दी थी जान
टीएमयू के हॉस्टल में फंदे पर लटक कर आत्महत्या करने वाले छात्र अतुल तिवारी के पिता स्वतंत्र तिवारी ने उसकी प्रेमिका के खिलाफ केस दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि अतुल को उसकी प्रेमिका परेशान कर रही थी, जिस वजह से उसने जान दे दी। वाराणसी के कमलानगर पांडेयपुर निवासी स्वतंत्र तिवारी ने पाकबड़ा थाने में दर्ज कराए केस में कहा है कि उनका बेटा अतुल तिवारी(20) टीएमयू में बीएमआरआईटी प्रथम वर्ष का छात्र था।
विवाहिता ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दी
मिर्जामुराद के बेनीपुर गांव की 30 वर्षीय विवाहिता विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी। पुलिस को सूचना दिए बगैर ही परिजनों ने शव की अंत्येष्टि कर दी। बेनीपुर गांव निवासी प्रेम शंकर पटेल की पत्नी सरोजा देवी (30) एक बेटे और बेटी की मां थी। डंगहरिया निवासी उसके मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि गृह कलह को लेकर वह बुधवार की रात विषाक्त पदार्थ का सेवन कर ली थी।
स्वस्थ मृदा देश की उन्नति के लिए जरूरी
विश्व मृदा दिवस पर मिट्टी की सेहत सुधारने के लिए विविध आयोजन के जरिए चर्चा की गई। बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान के मृदा विज्ञान एवं कृषि रसायन विभाग में संगोष्ठी हुई। मुख्य वक्ता आईसीएआर के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. जे प्रसाद ने कहा कि स्वस्थ मृदा देश की उन्नति के लिए जरूरी है। प्रो. राम सकल सिंह ने मृदा के सुधार और मृदा उत्पादकता में सुधार पर जोर दिया।
व्यापारियों ने कहा कि ट्रकों का गलत ढंग से हो रहा चालान
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय में जनसुनवाई की। सोनभद्र से आए व्यापारियों ने कहा कि उनके ट्रकों का गलत तरीके से चालान किया जा रहा है। इस पर राज्यमंत्री ने सोनभद्र के डीएम से फोन पर बात कर इस मामले में जांच कराने के निर्देश दिए।
खरीदे गए धान को 48 घंटे में राइस मिलों तक पहुंचाएं
नोडल अधिकारी/ प्रबंध निदेशक पीसीयू (लखनऊ) श्रीकांत गोस्वामी ने बृहस्पतिवार को बी-पैक्स बाबतपुर में धान क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप धान क्रय करने, किसानों को आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पूजा स्थल अधिनियम : कांग्रेस चलाएगी अभियान
उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस पूजा स्थल अधिनियम की अवमानना के खिलाफ छह से 22 दिसंबर तक जन अभियान चलाएगी। इसके तहत देश के मुख्य न्यायाधीश को एक लाख पत्र भेजे जाएंगे। यह जानकारी कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष शाहनवाज आलम ने कांग्रेस मुख्यालय से जारी की है। अभियान में वकीलों, शिक्षकों, डॉक्टरों, मौलानाओं, दलित बुद्धिजीवियों से संपर्क किया जाएगा। सोशल मीडिया, चौपालों और नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से भी न्यायपालिका के सांप्रदायिक और दलित विरोधी रवैये पर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
शराब बंदी के लिए प्रदर्शन
लोक समिति महिला समूह के नेतृत्व में महिलाओं ने उत्तर प्रदेश में शराब बंदी की मांग की। उन्होंने बेनीपुर गांव से रैली निकालकर विरोध किया। रैली मुबारकपुर, गनेशपुर, बेनीपुर, नई बाजार से होते हुए गांव के पंचायत भवन पर पहुंची। इस दौरान प्रेरणा कला मंच के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक नशा के खिलाफ लोगों को जागरूक किया। रैली में संयोजक नन्दलाल मास्टर, निर्मला, बिंदु, सीता, गुड़िया, तारा, मंजू, हीरामनी, लालमनि, सुषमा, सरिता, इंदु आदि शामिल रहीं।
कर्मचारियों को आग से बचाव की जानकारी दी
बीएचयू अस्पताल में बृहस्पतिवार को कर्मचारियों को आग से बचाव और सुरक्षा की जानकारी दी गई। चिकित्साधीक्षक प्रो. केके गुप्ता ने आग से सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उपकरणों की जांच करने की सलाह दी। इस दौरान उपकुलसचिव डॉ. रश्मि रंजन, मोहम्मद आसिफ हुसैन मौजूद रहे।
तीन अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई
वीडीए ने नगवां में तीन अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई। साथ ही एक अवैध निर्माण सील किया। वीडीए सचिव के निर्देश पर जोनल अधिकारी प्रमोद तिवारी ने कार्रवाई की। रमना के आदित्य सिंह ने तीन बीघे में अवैध प्लाॅटिंग की थी। इसी प्रकार रमना में 8 बीघे में अवैध प्लाॅटिंग कराई जा रही थी। रमना में मनोहर यादव ने 5 बीघे में अवैध प्लाॅटिंग की थी। इसे ध्वस्त किया गया। नगवां नरोत्तमपुर वृंदावन रेजीरेंसी के पास बगैर मानचित्र के अरविंद कुमार सिंह की ओर से निर्माण किया जा रहा था। इसे सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया।
बांग्लादेशी की आशंका पर 18 हिरासत में, पूछताछ
सिसवा गांव में सुबह उस समय अफरातफरा मच गई जब पुलिस 18 लोगों को हिरासत में लेकर बड़ागांव थाने ले गई। सभी से उनका नाम-पता पूछ कर पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। सिसवा गांव के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि बांग्लादेशी रह रहे हैं और उनकी गतिविधि भी संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस गांव पहुंची और 18 लोगों के कमरों की तलाशी ली। इसके बाद सभी को बड़ागांव थाने ले गई और पूछताछ की। पूछताछ में सभी ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के हैं। सभी फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करते हैं। थाना प्रभारी बड़ागांव अतुल सिंह ने बताया कि सभी के आधार कार्ड और पहचान पत्र का सत्यापन कराया गया। उनका मोबाइल नंबर भी लिया गया है।
विद्यालय का ताला तोड़कर चोरी
लोहता के धन्नीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बीती रात चोर मेन गेट का ताला तोड़कर एलसीडी टीवी, वजन मशीन और रसोईघर के बर्तन चुरा ले गए। प्रधानाध्यापिका अनुपम बृहस्पतिवार को स्कूल पहुंची तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ था।
बिना सड़क बनाए निकाले साढ़े तीन लाख, होगा केस
विकासखंड चिरईगांव में बिना सड़क निर्माण कराए ही ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान और सहायक मनरेगा ने साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक रुपये निकाल लिए। डीएम ने सभी से धन वसूली और मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
चिरईगांव की ग्राम पंचायत डुबकिया में इंटरलॉकिंग कार्य होना था। कागजों में सड़क का निर्माण भी हो गया। इसके लिए 305340 रुपये भी निकाल लिए गए। शिकायत होने पर डीडीओ और डीपीआरओ ने जांच की। इसमें तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी गुंजन सिंह, मौजूदा ग्राम प्रधान संजीव सिंह और तकनीकी सहायक मनरेगा संजय सिंह दोषी पाए गए।
पक्षकार बनने की अर्जी पर सुनवाई टली
सिविल जज सीनियर डिविजन (फास्ट ट्रैक) युगल शंभू की कोर्ट में गुरुवार को वर्ष 1991 से लंबित लॉर्ड विश्वेश्वर के वाद की सुनवाई टल गई। न्यायिक अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण सुनवाई नही हो सकी। अब 9 दिसंबर को सुनवाई होगी।
मुख्य अभियंता ने आदि विशेश्वर वार्ड का किया निरीक्षण
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन ने आदि विशेश्वर वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र के पार्षद इंद्रेश सिंह के साथ पूरे इलाके का निरीक्षण किया। बाजार वाले इलाकों में यूरेनल बनवाने और शौचालयों की नियमित सफाई कराने की हिदायत दी। इसके अलावा गलियों और सड़कों की मरम्मत कराने को कहा। पार्षद ने कुछ जगहों पर छोटी छोटी मरम्मत के लिए आने वाली समस्याओं के बारे में बताया। जिस पर मुख्य अभियंता ने आश्वस्त किया कि समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
निजीकरण का विरोध करेंगे कर्मचारी, निगम ने दी चेतावनी
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के फैसले के विरोध में बिजली कर्मचारियों के छह दिसंबर को विरोध सभा करने के फैसले बाद निगम कार्रवाई की तैयारी में है। कार्यरत संविदा कर्मियों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इधर भिखारीपुर स्थित बिजली निगम कार्यालय परिसर में गेट पास की नई व्यवस्था भी लागू करने का निर्णय लिया गया है।
निजीकरण के फैसले के बाद से कर्मचारियों का विरोध, प्रदर्शन चल रहा है। इस बीच विद्युत मजदूर संगठन की ओर से छह दिसंबर को भिखारीपुर में राष्ट्रव्यापी विरोध के क्रम में विरोध सभा का निर्णय लिया गया है। निगम की ओर से भिखारीपुर स्थित कार्यालय में वाहन के साथ प्रवेश के लिए गेट पास अनिवार्य कर दिया है। पूर्वांचल सचिव वेद प्रकाश राय ने बताया कि निजीकरण किसी भी हाल में स्वीकार नही किया जाएगा।
आठ को आएंगे रेलमंत्री जाएंगे प्रयागराज
महाकुंभ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव आठ दिसंबर को वाराणसी आएंगे। बाबतपुर एयरपोर्ट से वह सीधे कैंट स्टेशन आएंगे। इसके बाद यहां से विंडो ट्रेलिंग करते हुए प्रयागराज जाएंगे। रेलमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही उत्तर रेलवे प्रशासन स्टेशन पर प्लेटफाॅर्म से सर्कुलेटिंग एरिया सहित अन्य जगहों पर व्यवस्थाएं ठीक की गईं।
राजधानी डेढ़ घंटे लेट फरक्का रही रद्द
कोहरे की मार से ट्रेनों की रफ्तार पर असर पड़ने लगा है। गुरुवार को नई दिल्ली मालदा टाऊन फरक्का एक्सप्रेस रद्द रही। साबरमती एक्सप्रेस साढ़े 13 घंटे की देरी से पहुंची। डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे की देरी से कैंट स्टेशन पर आई। दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस ढाई घंटे, गोरखपुर दादर स्पेशल दो घंटे, बरकाकाना -मेमू चार घंटे लेट रही।
सराय डंगरी गांव में 32 डेंगू संक्रमित मिले
आईसीएमआर नई दिल्ली और आईएमएस बीएचयू के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से सराय डंगरी गांव में बुखार जांच अभियान के तहत लोगों की जांच की गई। 10 दिन तक जांच अभियान में 32 लोग डेंगू संक्रमित मिले।
पीएचसी की व्यवस्थाएं देखने पहुंचे मंत्री
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने चिरईगांव पीएचसी पहुंचकर ओपीडी से लेकर वार्ड का निरीक्षण कर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने दवा का स्टाॅक रजिस्टर देखा। कहा कि पीएचसी को सीएचसी के रुप में अपग्रेड करवाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान संजय सिंह, कमलेश मौर्या, गौरव सिंह, अजय पांडेय आदि लोग मौजूद रहे।
स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति की बैठक
नगर निगम की ओर से स्वच्छ वार्ड अभियान के तहत आदमपुर और कोतवाली जोन के 6 वार्डों में स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति की बैठक हुई। राजघाट, कोनिया, सरैया, ओंकारेश्वर, हनुमान फाटक और कालभैरव वार्ड में हुई बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष और वार्ड के पार्षदों ने की। ओंकारेश्वर, कालभैरव व कोनिया वार्ड में समिति के पुनर्गठन की चर्चा की गई। बैठक में महेंद्र यादव, आशीष श्रीवास्तव, वेद प्रकाश राय आदि शामिल रहे।
स्कूलों के कायाकल्प में प्रधानों का योगदान
ब्लाॅक संसाधन केंद्र पर एक दिवसीय संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि अनिल राजभर ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों का कायाकल्प व छात्रों की संख्या बढ़ाने में ग्राम प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शासन की ओर से स्कूलों में बिल्डिंग की मरम्मत, पाठ्यपुस्तकें, खेलकूद और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस दौरान संजय सिंह, प्रीति सिंह, उमेश शुक्ल, दीपिका और कमलेश उपस्थित रहे।
कांग्रेसियों ने एसडीएम को दिया पत्रक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिंडरा आगमन के दौरान उनसे मिलकर जनसमस्याओं के लिए पत्रक देने की अनुमति के लिए कांग्रेसजनों ने एसडीएम पिंडरा को पत्रक सौंपा। पत्रक में कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने मुख्यमंत्री को जनसमस्याओं को बाबत मिलने के लिए समय देने की मांग की।
एडीसीपी ने छात्राओं को किया जागरूक
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति के तहत आयोजित कार्यक्रम में एडीसीपी महिला अपराध ममता रानी ने छात्राओं को जागरूक किया। ममता रानी ने कहा कि महिलाओं को शोषण, हिंसा और अपराध के प्रति खुलकर बोलना चाहिए। जरूरत पड़े तो हेल्पलाइन पर शिकायत करें। आईपीएस नताशा गोयल ने कहा कि अपराध के खिलाफ खुलकर आवाज उठाएं।
शिकायतों के निस्तारण में पिंडरा 19वीं बार अव्वल
आईजीआरएस पोर्टल पर की गई शिकायतों के निस्तारण में पिंडरा तहसील 19वीं बार प्रदेश में प्रथम स्थान पर रही। नवंबर में 100 फीसदी अंक प्राप्त किया। अब तक 19वीं और इस वर्ष लगातार चौथी बार प्रथम रही। एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि यह कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का नतीजा है।
आठ दिसंबर से पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
पल्स पोलियो अभियान की सफलता को लेकर बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट में जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने बताया कि आठ दिसंबर से विशेष अभियान में 5 साल तक के 5,68,511 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने को कहा। सीडीओ हिमांशु नागपाल ने कहा कि बूथ दिवस के उपलक्ष्य में 8 दिसंबर को सभी विद्यालय खोले जाएंगे।
विधानसभा को लक्ष्य बनाकर करेंगे रालोद को मजबूत
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व विधान परिषद सदस्य रामाशीष राय ने पार्टी नेताओं के साथ नदेसर स्थित लोकनिर्माण विभाग के अतिथिगृह में बृहस्पतिवार को बैठक की। चार दिवसीय दौरे पर बनारस पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने मिर्जापुर, चंदौली और वाराणसी में पार्टी नेताओं संग पार्टी की आगामी नीतियों पर चर्चा की। बैठक में रामाशीष राय ने कहा कि यूपी विधानसभा को लक्ष्य बनाकर चौधरी चरण सिंह की नीतियों को जनता तक पहुंचाएंगे और रालोद को मजबूत करेंगे।
प्रो. अभिषेक बने न्यूरोलॉजी विभाग के अध्यक्ष
आईएमएस बीएचयू के न्यूरोलॉजी विभाग में प्रो. अभिषेक पाठक को विभाग का नया अध्यक्ष बनाया गया है। कुलसचिव कार्यालय की ओर से गुरुवार को आदेश जारी कर दिया गया है। उनका कार्यकाल तीन साल के लिए होगा।
लीकेज के चलते वरुणा पार में जलापूर्ति ठप
लीकेज के चलते बीती शाम को वरुणा पार इलाके में जलापूर्ति ठप हो गई। क्षेत्र के पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव ने फोन कर जलकल के अधिकारियों से शिकायत की। जलकल के अधिकारियों ने मरम्मत का काम पूरा होते ही जलापूर्ति का आश्वासन दिया। उधर जलकल के सचिव ओपी सिंह ने कहा कि मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया है।
स्लीपर बोगी में घुसा आवारा कुत्ता
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के एस 2 कोच में आवारा कुत्ता घुस गया। इस दौरान महिला यात्रियों में भागमभाग जैसी स्थिति हो गई। ट्रेन में बैठे अन्य यात्री भी सहम गए। यात्रियों ने इसकी शिकायत रेल मदद एप और एक्स पर की है।
धरने के चलते 8 घंटे बाद मिला पानी
विभिन्न मांगों को लेकर पंप आपरेटर सहित अन्य कर्मचारियों ने गुरुवार को रामनगर जोन कार्यालय पर धरना दिया। इसके चलते रामनगर में आठ घंटे बाद जलापूर्ति हुई। इससे दस हजार की आबादी प्रभावित हुई। जलकल विभाग के एई श्याम राम ने कर्मचारियों को मनाने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारी लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे।
देर शाम कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने नगर आयुक्त से कर्मचारियों को समायोजित करने को कहा। नगर आयुक्त के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त सविता यादव, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह व जोनल अधिकारी इंद्र विजय सिंह ने धरना समाप्त कराया। धरने के कारण रामनगर के आठ टंकी से जुड़े 10 हजार आबादी को आठ घंटे बाद पानी मिला।
चंडीगढ़ से वाराणसी तक चलेगी अमृत भारत
जनरल और स्लीपर क्लास में यात्रा करने वालों की सुविधा के लिए रेलवे लखनऊ के रास्ते तीन और अमृत भारत एक्सप्रेस चलाएगा। चंडीगढ़ से वाराणसी, गोरखपुर से मुंबई और हावड़ा से दिल्ली वाया लखनऊ ट्रेनें चलेंगी। अभी तीन रूटों पर अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा है।
इसमें लखनऊ के रास्ते आनंद विहार से दरभंगा के लिए एक अमृत भारत एक्सप्रेस है। अब रेलवे बोर्ड 26 और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें पटरी पर उतारने जा रहा है। इनमें तीन लखनऊ के रास्ते चलेंगी।
यात्रियों को ये सुविधाएं मिलेंगी : बिना एसी वाली अमृत भारत एक्सप्रेस आम यात्रियों के लिए डिजाइन की गई है। नई ट्रेनों में सीसीटीवी कैमरे लगे रहेंगे। टॉक-बैक सिस्टम से यात्री आपात स्थिति में सीधे लोको पायलट व ट्रेन मैनेजर से संपर्क कर सकेंगे।
कनिष्ठ में अनुभव, मध्यम में मुकुंद अव्वल
बीएचयू मालवीय भवन में गीता जयंती पर स्वर गीता पाठ प्रतियोगिता में महाविद्यालयों, विद्यालयों के प्रतिभागियों ने श्रेष्ठता सिद्ध की। कनिष्ठ वर्ग में अनुभव पांडेय, मध्यम वर्ग में मुकुंद मिश्रा जबकि वरिष्ठ वर्ग में गणेश मिश्र ने पहला स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में द्वितीय स्थान वसुधा और तृतीय स्थान रतनवाला तिवारी व सागर शुक्ला ने प्राप्त किया। मध्यम में प्रीतम द्वितीय, आयुषी कुमारी व पीयूष तृतीय स्थान पर रहे। वरिष्ठ वर्ग में युवराज व कात्यायनी दूसरे अतुल मिश्रा तीसरे स्थान पर रहे।
क्विज में 100 छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, प्रमाणपत्र मिला
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के संस्कृत विद्या विभाग, साहित्य विभाग और दीनदयाल कौशल केंद्र में विकसित भारत युवा नेता संवाद विषय पर क्विज स्पर्धा हुई। डिजिटल क्विज में मोबाइल के माध्यम से 100 छात्रों ने प्रतिभाग किया। छात्रों को प्रमाण पत्र भी दिया गया। संयोजक डॉ. रविशंकर पांडेय ने ज्ञान और भारत की उल्लेखनीय उपलब्धियां को जन-जन में प्रचारित करने के लिए छात्रों को प्रेरित किया।
डॉ. रविशंकर पांडेय ने बताया कि विकसित भारत युवा नेता संवाद की मुख्य थीम विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका के अंतर्गत प्रेरित किया जा रहा है। प्रो. विधु द्विवेदी की अध्यक्षता में गृह विज्ञान विभाग में भी क्विज हुआ।
विद्यापीठ में एमए जेएमसी की सेमेस्टर परीक्षाएं 14 से
काशी विद्यापीठ के महामना मदन मोहन मालवीय हिन्दी पत्रकारिता संस्थान में एमए (जेएमसी) तृतीय सेमेस्टर सत्र 2024-25 की सेमेस्टर परीक्षाएं 14 दिसंबर से शुरू होंगी। संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि छात्रों को निर्धारित समय तक अपना प्रवेश एवं परीक्षा शुल्क भरना होगा। साथ ही दोनों फॉर्म की हार्ड कॉपी को संस्थान कार्यालय में 10 दिसंबर तक जमा करनी होगी।
काशी विद्यापीठ में दो दिन होगा कैंपस साक्षात्कार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 6 और 7 दिसंबर को कैंपस साक्षात्कार होगा। कैंपस प्लेसमेंट सेल की ओर से बृहस्पतिवार को बौद्ध भवन के दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ में प्रशिक्षण कार्यशाला में विद्यार्थियों को साक्षात्कार से जुड़ी जानकारी दी गई। निदेशक प्रो. शेफाली वर्मा की देखरेख में 78 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रो. रमाकांत, डॉ. दिलीप, डॉ. अभिषेक कुमार सिंह, मदन मौजूद रहे।
विद्यापीठ में नौ दिसंबर को होगी मिड-टर्म परीक्षा
विद्यापीठ के पत्रकारिता और जनसंचार विभाग में एमए तृतीय सेमेस्टर और बीए तृतीय व पंचम सेमेस्टर के छात्रों की छूटी हुई मिड टर्म परीक्षा 9 दिसंबर को होगी। विभागाध्यक्ष डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा दोपहर 12 बजे से होगी।
सांसद रोजगार मेला 4-5 जनवरी को लगेगा
जिला प्रशासन की ओर से 4-5 जनवरी 2025 को सांसद रोजगार मेला राजकीय आईटीआई करौंदी में लगेगा। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां प्लेसमेंट के लिए आएंगी। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। प्लेसमेंट सेल की समन्वयक प्रो. शेफाली वर्मा ने बताया कि हिस्सा लेने के लिए काशी सांसद रोजगार मेले का पोर्टल बनाया गया है। इस पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा।
तीन विद्यालयों में आशा बाल पुस्तकालय शुरू
आशा ट्रस्ट की ओर से संविलियन विद्यालय डुढूआ, प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती और दुर्गवा में आशा बाल पुस्तकालय का उद्घाटन हुआ। बच्चों को रोचक पुस्तकें दी गईं। जिले में अब तक 15 आशा बाल पुस्तकालय शुरू हो चुके हैं। चंद्रावती विद्यालय के कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज, प्रदीप सिंह, बृजेश कुमार, सौरभ चंद्र, राजेश रौशन और मदन गोपाल सिंह उपस्थित रहे।
घर बैठे सांकेतिक भाषा में पढ़ाई करेंगे विशेष छात्र
अब बोलने और सुनने में असमर्थ स्कूली छात्र घर बैठे टीवी पर सांकेतिक भाषा में निशुल्क पढ़ाई कर सकेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि भारतीय सांकेतिक भाषा के पहले पीएम ई-विद्या डीटीएच चैनल शुक्रवार को शुरू होगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय और राज्यों के शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रमों के आधार पर विषय सामग्री तैयार की जा रही है। स्थानीय सांकेतिक भाषाओं को भी जगह मिलेगी।
स्कूलों के गेट पर टोल फ्री नंबर, कर सकेंगे शिकायत
परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक अब विद्यालय से संबंधित शिकायत सीधे विभाग के अधिकारियों से कर सकेंगे। स्कूलों के मुख्य गेट पर टोल फ्री नंबर लिखा जाएगा। स्कूलों की दीवारों पर यातायात संबंधित नियम भी लिखे जाएंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि टोल फ्री नंबर 1800-889-3277 को मेन गेट पर लिखा जाएगा। इसका उद्देश्य अभिभावकों की समस्या का निस्तारण कर व्यवस्था में सुधार लाना है।
आईआईटी बीएचयू में 10 कंपनियों में 44 आईआईटीयंस को जॉब ऑफर
आईआईटी बीएचयू में कैंपस प्लेसमेंट के पांचवें दिन 10 कंपनियों ने 44 आईआईटीयंस को जॉब ऑफर दिया। अब तक पांच दिनों में 257 कंपनियों में 881 छात्र-छात्राओं को नौकरी मिल चुकी है। अब तक सर्वाधिक 1.65 करोड़ रुपये का पैकेज मिला है।
छात्रावास में चलने वाले प्लेसमेंट की प्रक्रिया को लेकर आईआईटीयंस में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। हर कोई अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन कर अच्छी से अच्छी कंपनी में रोजगार पाने मेें लगा है। गुरुवार को प्लेसमेंट लेने वाली बड़ी फर्म में रिलायंस, हिताची, हस्क, न्यूक्लियस, स्केयर्स, ट्रैक्टर कंपनी, एसएलए टेक, स्ट्रीट ए आई, इनपाक्चर, इंफोसिस रहीं।
कैंपस प्लेसमेंट के पहले दिन 89 कंपनियों में 170, दूसरे दिन 50 कंपनियों में 216, तीसरे दिन 22 कंपनियों ने 103 और चौथे दिन 15 कंपनियों ने 86 छात्र और छात्राओं को ऑफर मिला। 11 छात्रों को 1 करोड़ से लेकर 1.65 करोड़ रुपये के बीच अधिकतम पैकेज मिल चुका है। वहीं, न्यूनतम पैकेज 34 लाख रुपये है। संस्थान का दावा है कि तीन दिनों में 1506 रजिस्टर्ड छात्रों में 90 प्रतिशत को नौकरी मिलेगी।
प्रभु के भजन से होता है मानव का कल्याण
रामचरितमानस के अखंड पाठ का बृहस्पतिवार को भदवा में हवन-पूजन के साथ समापन हुआ। भंडारे में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान स्वामी अड़गड़ानंद महाराज द्वारा रचित यथार्थ गीता बांटा गया। परमहंस आश्रम सक्तेशगड़ से महाराज जी के शिष्यों का पुष्पवर्षा कर स्वागत हुआ। सर्वानंद महाराज ने कहा कि ईश्वर भजन के लिए मानव जीवन मिला है। सतगुरु के दर्शन मात्र से भजन करने का मार्ग मिल जाता है और मनुष्य स्वयं अपना कल्याण कर लेता है। इस मौके पर सुभाष यादव, सतीश चौबे, विजय यादव, कृष्णा विश्वकर्मा आदि रहे।
नमो घाट पर कनिष्का ने किया भरतनाट्यम
काशी विरासत संरक्षण समिति की ओर से बृहस्पतिवार को नमो घाट पर काशी वंदन सांस्कृतिक संध्या में युवा कलाकार कनिष्का अग्रहरी ने भरतनाट्यम नृत्य पेश किया। उन्होंने पुष्पांजलि, भो शम्भो का प्रदर्शन किया तथा अंत में श्री राम जी...के भजन पर नृत्य के मंचन से दर्शकों को आनंदित और मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम संयोजक अंकित सिंह ने कलाकार का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन किया।
नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की...
फलाहारी बाबा आश्रम में बृहस्पतिवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की... के भजन पर श्रद्धालु झूम उठे। भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में सजे नन्हें बालक को पंडाल में देखकर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बाल विदुषी शिवांगी किशोरी ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के प्रसंग का सुंदर वर्णन किया। मुख्य यजमान विनोद कुमार दूबे, मंहत रामदास त्यागी, कमलेश केशरी, आंनद अग्रवाल, पवन गुप्ता आदि ने आरती उतारी।
महिलाओं के खिलाफ हिंसा उन्मूलन का संकल्प
बीएचयू में महिलाओं के खिलाफ भेदभाव उन्मूलन पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा उन्मूलन का संकल्प लिया। इसके तहत 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक कार्यक्रम होंगे। केंद्रीय कार्यालय में कुलसचिव प्रो. अरुण कुमार सिंह ने शपथ दिलाई। इस दौरान सदस्यों ने महिला सम्मान की रक्षा और सम्मानजनक वातावरण बनाने और परिसर को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्धता जताई। इसके तहत विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों व विभागों में भी प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
देवेंद्र फडणवीस के सीएम बनने पर मनाया जश्न
देवेंद्र फडणवीस के तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर काशी के मराठी समाज ने जश्न मनाया। आतिशबाजी कर एक दूसरे को बधाई दी और मिठाई खिलाई। वैदिक बटुकों ने मंत्रों से देवेंद्र फडणवीस को आशीर्वाद भी दिया।
गौदोलिया के पास राधा कृष्ण मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में श्री काशी महाराष्ट्र सेवा समिति के ट्रस्टी संतोष सोलापुरकर ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री बनने से उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के सांस्कृतिक संबंधों में और प्रगाढ़ता आएगी। डॉ. माधव रटाटे, षडानन पाठक, आशीष ओंढेकर, आश्रय मिटकर, विशाल ओंढेकर, उदय कंठाले, दिवाकर वेदांती, अनुराग, विवेक ओंढेकर उपस्थित रहे।
जल्द शुरू होगा होम्योपैथी चिकित्सालय
मानस नगर काॅलोनी पार्क (दुर्गाकुंड) में आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन आयुष मंत्री डाॅ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने किया। उन्होंने कहा कि जल्द यहां होम्योपैथी चिकित्सालय भी शुरू किया जाएगा। संस्था के संरक्षक पारस नाथ उपाध्याय ने आभार व्यक्त किया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमाशंकर राम ने आयुष मंत्री को केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं से अवगत कराया। प्रो. रामचंद्र पांडेय, डाॅ. नागेंद्र द्विवेदी, डाॅ. भावना द्विवेदी, गोपाल आदि मौजूद रहे।
नृत्य, गायन और वादन की प्रस्तुतियां दीं
काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में स्कूलों और कॉलेजों में नृत्य, गायन, वादन, नुक्कड़ नाटक की प्रतियोगिताएं हुईं। पहले चरण में आर्य महिला इंटर कॉलेज, श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज, अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज, श्री वल्लभ विद्यापीठ, श्री अग्रसेन महाजनी महाविद्यालय, डीएवी काॅलेज, प्राथमिक विद्यालय के 10 से 18 वर्ष के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। शुरुआत आरती मिश्रा ने कथक से की।
अनिका पंड्या ने भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी। वहीं, मिर्जामुराद के खालिसपुर के एक स्कूल में 12 परिषदीय विद्यालयों के 300 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में विनोद गुप्ता, नीलेश त्रिपाठी, विनय मिश्रा प्रस्तुति की सराहना की।
प्रधानों ने मनाई महावीर दत्त शर्मा की पुण्यतिथि
राष्ट्रीय पंचायती राज प्रधान संगठन के संस्थापक महावीर दत्त शर्मा की 16वीं पुण्यतिथि पर रसूलपुर पंचायत भवन पर ग्राम प्रधानों ने श्रद्धांजलि दी। संगठन के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि महावीर शर्मा ने ग्राम प्रधानों के अधिकारों की रक्षा और उनके 29 विभागों के अधिकार दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके प्रयासों से ग्राम सभाओं को कुछ महत्वपूर्ण विभागों के अधिकार प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला महामंत्री मधुबन यादव, राजेश उपाध्याय, शकील अहमद, उदय प्रताप सिंह आदि शामिल रहे।
अहमदाबाद में स्थापित होगा शिवलिंग और मां शक्ति की प्रतिमा
द्वादश ज्योतिर्लिंग और 51 शक्तिपीठ की मिट्टी से तैयार विग्रह अब अहमदाबाद में स्थापित किए जाएंगे। सेंटर फॉर सनातन रिसर्च एंड ट्राइडेंट सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से आयोजित द्वादश ज्योतिर्लिंग और 51 शक्तिपीठ महासमागम के लिए इसे तैयार किया गया था। संस्था के कोषाध्यक्ष ने दोनों विग्रहों को अहमदाबाद में स्थापित करने की मंशा जताई थी।
संस्था के पदाधिकारियों ने सहमति के बाद दोनों विग्रहों को अहमदाबाद में स्थापित करने का निर्णय लिया है। कोषाध्यक्ष ईलेवान ठाकुर ने दोनों विग्रहों के लिए तीन बीघा जमीन देने की घोषणा की है। इसी जमीन पर मंदिर बनाकर दोनों विग्रहों को प्राण प्रतिष्ठित किया जाएगा। संस्था से जुड़े पं. राजनाथ तिवारी ने बताया कि दोनों विग्रहों को रजत मंडित कराकर मंदिर में स्थापित किया जाएगा। कोषाध्यक्ष जल्द ही मंदिर का निर्माण कराकर दोनों विग्रहों को मंदिर में प्राण प्रतिष्ठित कराएंगे।
दोनों विग्रहों का पूजन अर्चन करने के बाद विधि-विधान से अहमदाबाद के लिए रवाना कर दिया गया है। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में 30 नवंबर और एक दिसंबर को आयोजित महासमागम में श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश, पाकिस्तान समेत देश भर के ज्योतिर्लिंग व शक्तिपीठ के पुजारी, अर्चक और प्रतिनिधि शामिल हुए थे।
इस्लाम की पहचान है किरदार-ए-फातिमा
नौचंदी जुमेरात पर खातून-ए-जन्नत बीबी फातिमा की शहादत का गम मनाया गया। बृहस्पतिवार को दरगाहे फातमान में रौजे पर मजलिस के पहले अलम उठाया गया। दरगाहे फातमान में मजलिस को खिताब करते हुए शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने कहा कि बीबी फातिमा का किरदार बेटी, पत्नी और मां के रूप में सारी दुनिया की औरतों के लिए एक रौशन चिराग है। उनका किरदार इस्लाम की पहचान है।
समर बनारसी, नजाकत बनारसी, तफसीर जौनपुरी, हैदर मौलाई, हाजी आलिम हुसैन ने नौहे और मातम के जरिये नजराना-ए-अकीदत पेश किया। इमामबाड़ा मीर गुलाम अब्बास अर्दली बाजार, इमामबाड़ा जैनबिया, चौहट्टा लाल खां मस्जिद, सदर इमामबाड़ा लाटसरैयां, रामनगर, मस्जिद हैदरी गोलाघाट में मजलिस हुई। चौहट्टा में ख्वातीन ने ताबूत भी उठाया। शुक्रवार को जामा मस्जिद में मजलिस होगी।