News Update: रामनगर-सामने घाट पुल पर पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने रविवार को गंगा में छलांग लगा दी। डायल-112 की पीआरवी की सूचना पर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक को बाहर निकलवाया। इसके बाद युवक, उसकी पत्नी और मासूम बेटी को रामनगर थाने ले गए।
रामनगर थानाध्यक्ष की पूछताछ में पता लगा कि दंपती बिहार के भभुआ के रहने वाले हैं। आपस में विवाद से आजिज आकर दोनों ने जान देने का निर्णय लिया और बनारस चले आए। रामनगर थानाध्यक्ष ने दंपती को समझाया और बेटी के भविष्य पर गंभीरता से ध्यान देने को कहा।
ई-रिक्शा की टक्कर से हुई मौत, मुकदमा दर्ज
खजुरी गोला, मकबूल आलम रोड निवासी बोई यादव (51) को उनके एक परिचित के घर के सामने बीती शाम तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात बोई यादव की मौत हो गई। सूचना पाकर लालपुर-पांडेयपुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले को लेकर बोई यादव के बेटे मुन्ना यादव ने लालपुर पांडेयपुर थाने में ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया है।
बच्ची से दुष्कर्म
लालपुर थाना क्षेत्र के मकबूल आलम रोड के क्रिश्चियन कब्रिस्तान के पास एक छोटी बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला आया है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने बच्ची को मेडिकल के लिए भेज दिया।
नहाने के दौरान युवक पोखरे में डूबा, मौत हुई
सारनाथ के पतेरवा में दोस्तों के साथ बीती शाम को पोखरे में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। वहीं, इस घटना के संबंध में सारनाथ थाने की पुलिस ने अनभिज्ञता जताई। सारनाथ थानाध्यक्ष ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी घटना की सूचना नहीं मिली है।
भड़ाये गांव का मूल निवासी वंशराज उर्फ गुड्डू (35) बचपन से ही अपने मामा दीनानाथ पटेल के पतेरवा स्थित घर पर रहता था। वंशराज एक स्कूल का वाहन चलाता था। रविवार को वह पतेरवा स्थित पोखरे के किनारे दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था। पार्टी से पहले शाम के समय वह पोखरे में नहाने उतरा और गहरे पानी में जाकर डूब गया।
वृद्धा ने गंगा में लगाई छलांग, पुलिस ने बचाई जान
कोतवाली थाने की पुलिस ने आत्महत्या करने के लिए ब्रह्मा घाट पर मढ़ी से गंगा में कूदी एक वृद्धा को सकुशल बचा लिया। पुलिस ने वृद्धा के परिजनों को बुलाकर उन्हें घर भेज दिया। रोहनिया थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव की एक वृद्धा रविवार की शाम ब्रह्मा घाट पर पहुंची।
घाट पर कुछ देर टहलने के बाद मढ़ी पर चढ़ कर वह गंगा में कूद गईं। वृद्धा को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। ब्रह्मा घाट पर गश्त कर रहे गायघाट चौकी इंचार्ज प्रशांत गुप्ता मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से डूब रही वृद्धा को सुरक्षित बाहर निकलवाया।
दुष्कर्म और मारपीट का आरोपी गिरफ्तार
लंका थाने की पुलिस ने महिला के साथ दुष्कर्म और मारपीट के आरोप में चंदौली के अलीनगर क्षेत्र के गुआस निवासी मनीष कुमार तिवारी को उसके घर से शनिवार को गिरफ्तार किया। आरोपी मनीष तिवारी को रविवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एक महिला ने बीते एक अप्रैल को दुष्कर्म और मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए अपने घर में छिपकर रह रहा था।
भंडारे में गए युवक के ऊपर जानलेवा हमला
फूलपुर थाना क्षेत्र के परसरा गांव में डीह बाबा मंदिर पर आयोजित भंडारा के दौरान मनबढ़ युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला किया। घटना के संबंध में भुक्तभोगी के पिता ने फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। परसरा निवासी जिलेदार पटेल ने पुलिस को बताया कि गांव में ही डीह बाबा मंदिर पर भंडारा का आयोजन था। भंडारे में उनका बेटा वीकेश कुमार पटेल (21) भी गया था। वहां पहले से घात लगा कर बैठे उमेश यादव, शहीद यादव उर्फ कल्लू यादव और दीपक राजभर के साथ कुछ अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से उनके बेटे के सिर पर वार कर दिया।
युवक ने फंदा लगाकर जान दी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर उसरा गांव निवासी एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर पुलिस ने युवक का शव फंदे से नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। दौलतपुर उसरा गांव निवासी मुन्ना पटेल (35) तीन भाइयों में सबसे छोटा था और मजदूरी करता था। रविवार की सुबह मुन्ना की पत्नी मनीषा और दोनों बेटियों की नींद खुली तो वह पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ था। पत्नी ने शोर मचाया तो परिवार और मुहल्ले के लोग भाग कर आए। सूचना लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस को दी गई।
गवाही न देने के लिए धमकाया, केस दर्ज
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के अधिवक्ता और कामेश्वर महादेव निवासी अनध शुक्ला की तहरीर पर कैंट थाने में धमकी देने और धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिवक्ता अनध शुक्ला ने पुलिस को बताया कि उन्होंने वाराणसी की जिला अदालत में एक मुकदमा दिसंबर 2024 में दाखिल किया था। मुकदमे में रवींद्रपुरी निवासी प्रतीक सर्राफ और काशीराज अपार्टमेंट में रहने वाली अमृता सुरेश आरोपी हैं।
ससुर को घायल किया, बहू से अभद्रता की
गंगापुर में जमीन विवाद में बुजुर्ग को घायल करने और बहू से अभद्र व्यवहार करने के आरोप में फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गंगापुर की रहने वाले सुनीता देवी ने फूलपुर थाने में प्रार्थना पत्र दिया।
सुनीता ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के सामने मड़ई रखने के लिए ईंट का पावा बनाई थी। गत 10 अप्रैल की शाम नौरंगी देवी, कलावती देवी, सीमा देवी, संदीप बनवासी और सावित्री ईंट का पावा गिरा दी। विरोध करने पर सभी गालीगलौज करते हुए उसके ससुर श्यामलाल बनवासी को धक्का देकर गिरा दी।
ट्रक लेकर भागने वाला चालक गिरफ्तार
रोहनिया थाने की पुलिस ने इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी सुशील कुमार को उसके घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक ट्रक बरामद किया है। रोहनिया थानाध्यक्ष ने बताया कि गत 27 मार्च को विश्वकर्मा नगर कॉलोनी, चितईपुर निवासी सत्य प्रकाश मिश्रा ने मुकदमा दर्ज कराया था कि उनका ट्रक लेकर चालक सुशील भाग गया है।
ट्रक लेकर आने की बात कहने पर सुशील देख लेने धमकी देता है। सुशील ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि ट्रक मालिक से उसका पैसे के लेनदेन का विवाद था। इसलिए वह ट्रक लेकर अपने घर चला गया था।
विवाहिता ने पति समेत 7 पर मुकदमा दर्ज कराया
सारनाथ थाने में एक विवाहिता की तहरीर पर उनके पति समेत ससुराल के सात लोगों के खिलाफ प्रताड़ना सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। गाजीपुर के कल्पनाथ यादव की पुत्री सुष्मिता ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी भुड़कुड़ा के कमला यादव के पुत्र अमरनाथ के साथ हुई थी। वह अपने पति के साथ छत्तीसगढ़ गई। वहां पता लगा कि पति अमरनाथ किसी अन्य युवती के संपर्क में हैं। सारनाथ थाने की पुलिस ने पति अमरनाथ, सास महराजी देवी, ससुर कमला यादव सहित सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
किस्त पर ली गई बाइक रोक कर युवक को पीटा
किस्त पर ली गई बाइक को सड़क पर रोक कर एक युवक के साथ मारपीट की गई। इसके साथ ही उसकी बाइक छीनने का प्रयास किया गया। मामले को लेकर मकबूल आलम रोड, खजुरी निवासी कैफ अहमद ने शिवपुर थाने में पंकज दूबे उर्फ प्रदीप दूबे और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पनियरा बनेगी मॉडल ग्राम पंचायत, हटेंगे कब्जे
पनियरा ग्राम पंचायत को मॉडल ग्राम पंचायत बनाने की कवायद शुरू हो गई है। गांव में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और सरकार की सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक ग्रामीण तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही स्वैच्छिक संगठन का गठन करने के लिए एक रजिस्टर बनाया जाएगा।
ग्रामीणों की सभी शिकायतें भी इसमें दर्ज होंगी। इसके अलावा गांव की सार्वजनिक भूमि चिह्नित कर उसे वन के रूप में विकसित किया जाएगा। डीएम एस राजलिंगम ने बताया कि रजिस्टर में शिकायतकर्ता का नाम, मोबाइल नंबर, निस्तारण और फीडबैक होगा।
हीमोफीलिया के उपचार से दिव्यांगता का खतरा कम
हीमोफीलिया सोसायटी वाराणसी की ओर से विश्व हीमोफीलिया दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों को इस बीमारी के कारण, बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान वाराणसी समेत कुल 14 जिलों के 126 हीमोफीलिया पीड़ितों ने अपने अभिभावकों के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में डॉ. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि समय से हीमोफीलिया पीड़ितों का उपचार तो उनमें होने वाली दिव्यांगता का खतरा कम रहता है।
शराब की दुकान खुलने पर महिलाओं का प्रदर्शन
बड़ागांव थाना क्षेत्र के नैपुरा गांव में पंचक्रोशी मार्ग पर देसी शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में महिलाओं ने रविवार को झाड़ू और लाठी-डंडा लेकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने शराब की दुकान बंद करो और ठेकेदार मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए।
महिलाओं का कहना था कि पंचक्रोशी मार्ग पर शराब की दुकान के खुलने पर प्रतिबंध है, फिर भी जबरन खोली जा रही है। इससे गांव की बहू-बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी संकट खड़ा होगा। पहले भी यहां शराब की दुकान से अशांति फैली थी। प्रदर्शन में सावित्री वर्मा, संध्या कुमारी और लक्ष्मी पटेल समेत गांव की कई महिलाएं शामिल रहीं।
मुख्य लाइन से जुड़ेंगी पानी की चार टंकियां
शहर के चार इलाकों में जल्द की जलापूर्ति की समस्या दूर होगी। इसके लिए जलकल की ओर काम शुरू कराया गया है। चौकाघाट, मलदहिया, सिगरा शहीद उद्यान, अनंता काॅलोनी की पानी की टंकियों को मुख्य पाइप लाइन से जोड़ा जा रहा है। इसके बाद इस इलाके के तकरीबन 75 हजार आबादी को इसका फायदा मिलेगा।
इन चारों इलाकों में पानी की टंकी बनकर तैयार थी, लेकिन इसमें पानी भरने का कोई इंतजाम नहीं किया गया था। इसके चलते इन इलाकों के आसपास के लोगाें को पानी की समस्या रहती थी। इसकी जानकारी होने के बाद सदन में इन पानी की टंकियों में पानी भरने के लिए इंतजाम करने के निर्देश मेयर अशोक कुमार तिवारी ने दिए थे।
पुण्यतिथि पर सपा ने की बीपी मंडल को भारत रत्न देने की मांग
सपा कार्यालय अर्दली बाजार में रविवार को बाबू बिंदेश्वरी प्रसाद (बीपी मंडल) की पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यकर्ताओं ने उन्हें पिछड़ों का मसीहा बताते भारत रत्न देने की मांग की। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि बीपी मंडल ने शोषित, गरीब और दबे-कुचले पिछड़ों को आरक्षण दिलाया। इस माैके पर संतोष यादव, डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, दीपचंद गुप्ता, आदि ने विचार रखे।
चंद्रशेखर ने राजनीतिक एकता मजबूत की
चंद्रशेखर फाउंडेशन की ओर से रविवार को नरिया के रामनाथ चौधरी लॉन में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, बनारस जिला बोर्ड के पहले अध्यक्ष बाबू प्रसिद्ध नारायण सिंह की जयंती मनाई गई। उद्घाटन राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने किया।
उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर ने भारत की राजनीतिक एकता और अखंडता को मजबूत करने में एक युगांतकारी कदम उठाया। मुख्य अतिथि संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र ने कहा कि चंद्रशेखर ने राजनीति में मतभेद और मनभेद के अंतर को परिभाषित किया। इस माैके पर विशिष्ट वक्ता एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र राय, प्रो. रजनीश शुक्ल, हिमांशु सिंह अरविंद शुक्ल ने किया।
आयुष मंत्री ने किया शिलान्यास
उत्तर प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने रविवार को सीर गोवर्धन मुख्य मार्ग से सहज एकेडमी तक क्षतिग्रस्त सड़क के नवनिर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस पर 7.52 लाख रुपये खर्च होंगे। उन्होंने ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास कार्य किए जा रहे हैं। इस दौरान नीलेंद्र कुमार सिंह, अनूप कुमार दुबे, गाैरव राठी, पूजा सिंह मौजूद रहे।
ओपीडी खोलने का मुद्दा उठाया
वाराणसी होम्योपैथिक डीलर्स एसोसिशन ने रविवार को डॉ. सैमुअल हैनिमैन की 270वीं जयंती मनाई। मुख्य अतिथि यूपी के आयुष मंत्री डॉ.दयाशंकर मिश्र दयालु के समक्ष बीएचयू अस्पताल में होमियोपैथी चिकित्सा की ओपीडी खोलने का मुद्दा उठाया गया। इस पर मंत्री ने हर संभव प्रयास का भरोसा दिलाया। इस दाैरान प्रो.ओमशंकर, डॉ.आरके भाटिया, डा.केके शुक्ला, डॉ. अर्पिता, डॉ.पंकज मौजूद रहे।
आदित्री हॉस्पिटल में फ्री हेल्थ चेकअप कैंप लगाया
शहर स्थित आदित्री हॉस्पिटल में रविवार को फ्री हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। इसमें 143 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर परामर्श दिया गया। शिविर में दंत रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ आदि ने सेवाएं दीं। इस अवसर पर हॉस्पिटल की संचालक डॉ. निधि सिंह ने बताया कि कैंप में मरीजों की जांच भी निशुल्क की गई।
महाकुंभ में रेलवे ने बड़ी भूमिका निभाई: विजय प्रकाश
विशाल भारत संस्थान की ओर से रविवार को लमही स्थित सुभाष भवन में महाकुंभ की सफलता में रेलवे सुरक्षा बल की भूमिका विषयक संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि प्रयागराज रेलवे मंडल के सीनियर कमांडेंट विजय प्रकाश पंडित ने कहा कि महाकुंभ में रेलवे ने सराहनीय कार्य किया।
संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजीव श्रीवास्तव, डॉ. कवींद्र नारायण और शिशिर सिंह ने विजय प्रकाश पंडित को समरसता के राजदूत की उपाधि दी। मुख्य अतिथि विजय प्रकाश ने आरपीएफ के इंस्पेक्टर नंद किशोर, दिनेश, मो. शालिक, मनोज कुमार को प्रशस्ति पत्र दिया।
निशुल्क हस्तरेखा प्रशिक्षण शिविर 16 अप्रैल से
ज्योतिष विद्या के सम्यक और सरल ज्ञान के लिए शास्त्रार्थ महाविद्यालय दशाश्वमेध में ज्योतिष शिविर का निशुल्क आयोजन 16 अप्रैल से होगा। सप्ताहव्यापी इस आयोजन में पंचांग और कुंडली निर्माण के बारे में बताया जाएगा और इसका प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। संस्था के प्राचार्य व संयोजक डॉ. पवन कुमार शुक्ला ने बताया कि ज्योतिष आचार्य संजय उपाध्याय शिविर का संचालन करेंगे। निशुल्क नामांकन के लिए महाविद्यालय के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
कल्पना दूसरी बार बनीं अध्यक्ष, लाली देवी सचिव
सोसाइटी रुद्रा बुद्धा एनक्लेव की प्रबंध समिति का वार्षिक चुनाव रविवार को हुआ। चुनाव अधिकारी राम निवास यादव, धनंजय उपाध्याय और उज्ज्वल मिश्रा की देखरेख में हुए चुनाव में अध्यक्ष पद पर कल्पना तिवारी चुनी गईं। वहीं, उपाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह, सचिव लाली देवी और कोषाध्यक्ष नवीन कुमार बनाए गए। कार्यसमिति सदस्य में यशवंत पाल सिंह, रितेश गुप्ता, गोपाल शंकर राय, प्रियंका रघुवंशी, रेवा दबे और साधना पांडेय का निर्विरोध चुनाव हुआ। सोसाइटी मैनेजर आशीर्वाद सिंह ने बताया कि कल्पना तिवारी दूसरी बार अध्यक्ष बनी हैं।
राष्ट्रीय समन्वयक बने डॉ. अपूर्व नारायण तिवारी
विश्व भोजपुरी सम्मेलन के 18वें राष्ट्रीय अधिवेशन में डॉ. अपूर्व नारायण तिवारी को निर्विरोध राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया गया। अजीत दुबे को राष्ट्रीय अध्यक्ष और डॉ. अशोक सिंह को राष्ट्रीय महासचिव निर्वाचित किया गया। डॉ. अपूर्व नारायण तिवारी ने कहा कि विश्व में भाषाई आंदोलन पर ही बांग्लादेश का जन्म हुआ था और अब भोजपुरी भाषा की बारी है। मातृभाषा रही लोकभाषा भोजपुरी को सांविधानिक मान्यता की पुरजोर वकालत सरकार से की गई।
महावीर प्रसाद बजाज को अर्पित की श्रद्धांजलि
उद्योगपति, समाजसेवी और जेड बजाज समूह के संरक्षक महावीर प्रसाद बजाज को मारवाड़ी समाज ने श्रद्धांजलि अर्पित की। 81 वर्ष की आयु में शुक्रवार को हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया था। रविवार को मारवाड़ी समाज, श्री श्याम मंडल, मारवाड़ी युवा मंच और माहेश्वरी समाज ने उनके निवास पर एकत्र होकर महावीर प्रसाद बजाज को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने वालों में आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी, डॉ. बैजनाथ प्रसाद, अनुज डिडवानिया, सुरेश तुलस्यान, महेश चौधरी, मनोज जाजोदिया, पवन अग्रवाल, विजय मोदी रहे।
आईआईटी बीएचयू में अखंड साहिब का पाठ
आईआईटी बीएचयू के राजपुताना हॉस्टल स्थित गुरुद्वारे में अखंड साहिब पाठ का समापन हुआ। सिख गुरुद्वारा एसोसिएशन बीएचयू की ओर से शबद कीर्तन, आनंद साहिब का पाठ किया गया। इस दौरान छबील सेवा एवं लंगर सेवा श्रद्धालुओं के लिए समर्पित भाव से की गई। गुरुद्वारा गुरुबाग के प्रधान ग्रंथी महंत सिंह ने भावपूर्ण शब्द कीर्तन प्रस्तुत किया। संगीत एवं मंच कला संकाय में शोध छात्र जसविंदर सिंह, विधि संकाय की छात्रा जसमीत कौर और आईएमएस बीएचयू के छात्र दरबारा सिंह ने श्रद्धालुओं को कथा सुनाई।
आईआईटी बीएचयू में अखंड साहिब का पाठ
आईआईटी बीएचयू के राजपुताना हॉस्टल स्थित गुरुद्वारे में अखंड साहिब पाठ का समापन हुआ। सिख गुरुद्वारा एसोसिएशन बीएचयू की ओर से शबद कीर्तन, आनंद साहिब का पाठ किया गया। इस दौरान छबील सेवा एवं लंगर सेवा श्रद्धालुओं के लिए समर्पित भाव से की गई।
गुरुद्वारा गुरुबाग के प्रधान ग्रंथी महंत सिंह ने भावपूर्ण शब्द कीर्तन प्रस्तुत किया। संगीत एवं मंच कला संकाय में शोध छात्र जसविंदर सिंह, विधि संकाय की छात्रा जसमीत कौर और आईएमएस बीएचयू के छात्र दरबारा सिंह ने श्रद्धालुओं को कथा सुनाई।
गाजी मियां के रौजे पर रखी लगन, लगाई हल्दी
हजरत सैयद सालार मसूद गाजी मियां के रौजे पर रविवार को लगन रखी गई। सवा महीने के लगन की शुरुआत मजार पर हल्दी के लेपन के साथ हुई। आस्ताने की दीवारों पर हल्दी लगे पंजों की छाप लगाई गई।
गाजी मियां की लग्न के साथ ही उनकी शादी की रस्मों की शुरुआत भी हो गई। ये रस्में सवा महीने तक चलती रहेंगी। दरगाह कमेटी के सदर हाजी सेराजुद्दीन अहमद ने बताया कि मजार को गुस्ल कराने के बाद संदलपोशी और चादरपोशी की रवायत निभाई गई। कमेटी के लोग नौ मई को गाजी मियां की पलंग पीढ़ी लेकर बहराइच के लिए रवाना होंगे।
पारंपरिक शिक्षा के संरक्षण के लिए शास्त्रों का संरक्षण जरूरी
जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति प्रो. कल्पलता पांडेय ने कहा कि भारतीय परंपरा की रक्षा के लिए पारंपरिक शिक्षा पर बल देना होगा। वह रविवार को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रही थीं।
सर्वदर्शन विभाग, श्री लालबहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, काशी विद्वत परिषद, केंद्रीय संस्कृत विवि नई दिल्ली और वैश्विक संस्कृत मंच की ओर से परम्परायाः संवर्धनमाधुनिकदृष्टयाऽनुप्रयोगश्च विषय पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन रविवार को हुआ। मुख्य अतिथि वेदविद्या के विद्वान प्रो. हृदय रंजन शर्मा और सारस्वत अतिथि कुलसचिव डाॅ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने विचार रखे। प्रो. कृष्ण कांत शर्मा, डॉ. अभिजीत दीक्षित ने किया।
बालाजी की सजाई झांकी
श्री श्याम बाल मंडल की ओर से रविवार को दुर्गाकुंड स्थित धर्मसंघ परिसर में श्री मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के तृतीय श्रीमेहंदीपुर बालाजी महोत्सव श्रद्धा व उल्लास से मनाया गया। रंग बिरंगी फूलों व कपड़ों से मंदिर का शृंगार हुआ। मेहंदीपुर बालाजी का अलौकिक झांकी सजाई गई।
भजनों की अविरल गंगा प्रवाहित हुई। अध्यक्ष संजीव अग्रवाल डब्बू ने सपत्नीक बाबा का पूजन किया। अमित शर्मा, पवन शर्मा, कृष्ण दाधीच, कृष्ण कुमार शर्मा ने भजन गंगा में सभी को डुबोया। पं. जगजीतन पांडेय, संजीव अग्रवाल, अनिल सराफ, शिव कुमार, सुरेश तुलस्यान, अजीत शर्मा, श्रीकृष्ण कुमार शर्मा, महेश अग्रवाल आदि रहे।
गायन-वादन से ताल शिरोमणि को दी संगीतांजलि
बनारस घराने के तबला वादक ताल शिरोमणि पं. छोटेलाल मिश्र की 86वीं जयंती पर दुर्गाकुंड स्थित श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार अंध विद्यालय में संगीतांजलि का आयोजन हुआ। छोटेलाल मिश्र संगीत अभिकल्प अकादमी और कला सृष्टि की ओर से आयोजित संगीत संध्या की शुरुआत संगीतज्ञ डॉ. राजेश्वर आचार्य ने की। सिद्धार्थ चक्रवर्ती ने तबले पर बनारस घराने के परंपरागत उठान, चलन, कायदा, बांट, रेला और गत-फर्द पेश किया। राहुल भट्ट ने शास्त्रीय गायन से आनंदित किया। समापन श्री हनुमत प्रभु के चरणों में एक स्तुति की।
चैती के बोल में होती है विरह की पीर
हमारी सनातन संस्कृति में चैत्र और वैशाख दोनों ऋतुएं वसंत हैं, ऋतुराज हैं। माघ फागुन उसकी अगवानी के महीने हैं। चैत्र में आधी रात हो या भोर, आम की मंजरियों में छिप कोयल कूक उठती है। चैती के बोल में विरह की पीर की मधुर धुन हवाओं के पंखों पर सवार हो प्रियतम के कानों में रस घोल जाती है।
ये बातें साहित्यकार डॉ. नीरजा माधव ने कहीं। वह रविवार को भारतीय जन जागरण समिति की ओर से सारनाथ के खाटू श्याम उपवन में आयोजित गुलाबबाड़ी कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। डॉ. बेनी माधव और विधायक साैरभ श्रीवास्तव ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में उपशास्त्रीय गायिका सुचरिता दास के गायन- सेजिया से सइयां उठि गइले हो रामा, कोयल तोरी बोलिया... के स्वर लहरियों पर देर रात तक लोग झूमते रहे।
देबादृता भट्टाचार्य के दादरा गायन और बाबुल श्रीवास्तव के फगुआ गायन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। सोज ग्रुप ने मयूर नृत्य पेश किया। संगीत निशा में बृजेश पांडे, प्रो. कुमुद रंजन, प्रो. श्रद्धानंद, आनंदकंद चौबे, मधुकर चित्रांश उपस्थित थे। समिति के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने स्वागत किया। अध्यक्षता पूर्व न्यायाधीश डीएल श्रीवास्तव ने की।
काशी खंडोक्त के 21 देवस्थलों के हुए दर्शन
तीर्थायन की ओर से रविवार को हुई तीर्थ यात्रा में 21 देव स्थलों के दर्शन हुए। इसके साथ ही अप्रैल की प्रथम तीर्थयात्रा भी पूरी हो गई। रविवार को तीर्थायन की गणपति वंदना के साथ शुरुआत हुई। यात्रा मां स्कंद माता, वागेश्वरी देवी मंदिर, जैतपुरा के दर्शन-पूजन से शुरू होकर श्री पापमोचनेश्वर मंदिर पहुंच कर समाप्त हुई।
यात्रा के क्रम में वागेश्वरी गणेश, सिद्धेश्वर महादेव, वागीश्वर महादेव, सोमेश्वर महादेव, मां शैलपुत्री देवी, शैलेश्वर महादेव समेत कई मंदिरों के दर्शन हुए। तीर्थायन में प्रो. सिद्धनाथ उपाध्याय, प्रो. प्रदीप कुमार मिश्रा, डॉ. अवधेश दीक्षित, उमाशंकर गुप्ता, डॉ. धर्मजंग, शिव प्रकाश गुप्ता, डॉ. एसके उपाध्याय सहित 100 लोग शामिल रहे।
कथक से शिव वंदना, कलाकारों ने स्वरों से किया मुग्ध
बंगीय नववर्ष और बनारस घराने के तबला वादक पं. पुंडलिक कृष्ण भागवत की याद में भट्टाचार्य परिवार की ओर से रविवार को दुर्गाचरण गर्ल्स इंटर कॉलेज में संगीत संध्या का अयोजन किया गया। कलाकारों ने गायन, वादन और नृत्य से पं. पुंडलिक को संगीतांजलि दी। मुख्य अतिथि पं. पूरन महाराज, विशिष्ट अतिथि पं. विश्वजीत शास्त्री एवं गौतम चक्रवर्ती आदि ने पं. पुंडलिक कृष्ण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
संगीत संध्या की शुरुआत अनुष्का कश्तगीर और सुप्रिया पाल के कथक से हुई। उन्होंने शिव वंदना के बाद पारंपरिक कथक से सभी को प्रभावित किया। बांग्लादेश के शरीफ मोहम्मद का सरोद वादन हुआ। श्रीजा विश्वास के कथक की प्रस्तुति दी। बॉब भट्टाचार्य की तबला वादन में तीनताल में प्रस्तुति रही। बनारस घराने के युवा गायक मोहित–उज्ज्वल साहनी ने राग मरवा में रचनाएं पेश कीं। संचालन सुमित भट्टाचार्य व धन्यवाद गौतम चक्रवर्ती ने किया।
संकटमोचन मंदिर में शुरू हुआ रामायण सम्मेलन
संकटमोचन मंदिर में तीन दिवसीय सार्वभौम रामायण सम्मेलन शुरू हुआ। इसमें मानस वक्ता संकटमोचन हनुमानजी को भगवान राम की कथा सुना रहे हैं। 15 अप्रैल को तीन दिवसीय रामायण सम्मेलन का समापन होगा।
सावधान... के साथ 5 मिनट के लिए थम गए कदम
जैसे ही गिरजाघर चौराहे पर सावधान... का नारा बुलंद हुआ, पांच मिनट के लिए जो जहां था वहीं रुक गया। 12 पुलिस के जवानों ने अपने-अपने शस्त्र झुकाकर शहीद उधम सिंह को शोक सलामी अर्पित की। वेद, कुरान, बाइबिल के साथ ही गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ गूंजा।
रविवार को शहीद उधम सिंह स्मारक समिति ट्रस्ट की ओर से शाम को जलियांवाला बाग गोलीकांड के 106वें शहादत दिवस पर शहीद उधम सिंह को नमन किया गया। ट्रस्ट के चेयरमैन उदय नारायण सिंह ने कहा कि काशी में शहीद उधम सिंह के पहले दोस्त व महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. बालमुकुंद सिंह की प्रतिमा उधम सिंह के पार्क में लगेगी।
उन्होंने सरकार से गिरजाघर चौराहे का नाम शहीद उधम सिंह के नाम पर करने की मांग की। स्वागत चेयरमैन उदय नारायण सिंह व धन्यवाद ज्ञापन विजय नारायण सिंह ने दिया। इस दौरान डाॅ. अशोक सिंह, डाॅ. सत्यदेव सिंह, विजय नारायण सिंह, अजित सिंह, हौसला प्रसाद सिंह, हरेंद्र राय, फादर आनंद, फादर डेनिस उपस्थित थे।
22 बच्चों का हुआ सम्मान
मंडल महिला कल्याण संगठन की ओर से रविवार को लहरतारा स्थित अधिकारी क्लब में ऑन स्पॉट ड्राइंग एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस दौरान 22 बच्चों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार दिए। संगठन की अध्यक्ष मोनिका सक्सेना ने बच्चों को अपनी कला के अभ्यास में लगे रहने का आवाह्न किया। संचालक जितेंद्र श्रीवास्तव गायत्री रामकृष्णन, रितिका सिंह, विभा सिंह माैजूद रहीं।
सीएचएस के पुरातन छात्रों ने किया रक्तदान
सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल के 1992 बैच के पुरातन छात्रों ने होमी भाभा अस्पताल में कैंसर पीड़ित बच्चों के लिए रक्तदान किया। 25 पुरातन छात्रों ने रक्तदान कर कैंसर मरीजों की सेवा करते रहने का संकल्प लिया। काशी रक्तदान नेत्रदान कुटुंब समिति के संस्थापक सदस्य आशीष केसरी ने 50वीं बार रक्तदान किया।
सत्यम शाखा के अध्यक्ष बने सचिन
भारत विकास परिषद की सत्यम शाखा का 29वां दायित्व ग्रहण समारोह रविवार को बनारस क्लब में आयोजित हुआ। सचिन अग्रवाल अध्यक्ष बने हैं। नई टीम में शालिनी बरनवाल सचिव, प्रदीप जायसवाल कोषाध्यक्ष, कांता मालू संयोजिका हैं।
महेंद्रनाथ बने अध्यक्ष
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश कार्यकारिणी का चुनाव रविवार को तेलियाबाग की पटेल धर्मशाला में हुआ। इसमें महेंद्रनाथ सिंह प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए। कैप्टन वीरेंद्र सिंह, रामनरेश चौहान, ओमप्रकाश द्विवेदी उपाध्यक्ष और डॉ. संजय कुमार द्विवेदी महामंत्री बने।
बार कोड का सत्यापन
शहर के भवनों पर लगने वाले बार कोड का सत्यापन मेयर अशोक कुमार तिवारी की निगरानी में चल रहा है। वार्डों का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। वहीं, अपर नगर आयुक्त सविता यादव के नेतृत्व में सुबह से ही सभी दुर्गाकुंड स्थित बस्ती में, कचहरी, चौकाघाट ढेलवरिया अंबेडकर बस्ती में सफाई कराई।
मानसिक अस्पताल में होगी पीजी की पढ़ाई
पांडेयपुर स्थित मानसिक अस्पताल में अब पीजी की पढ़ाई होगी। यह यूपी का पहला अस्पताल होगा, जहां पीजी की दो सीटों की मान्यता मिली है। निदेशक डॉ. सीपी मल्ल ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य पर प्रदेश के किसी भी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई नहीं हो रही थी। अब ऐसा हो सकेगा। जल्द ही एमडी करने वाले छात्र यहां पढ़ाई पूरी कर सकेंगे।
मानसिक अस्पताल में पढ़ाई की अनुमति पहली बार मिली है। मानसिक अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 100 से ज्यादा मरीज आते हैं। इन सबका इलाज किया जाता है। अब मरीजों के हिसाब से पढ़ाई और शोध की व्यवस्था भी की जा रही है। इससे व्यवस्थाएं और भी बेहतर हो सकेंगी।
तरना उपकेंद्र से छह घंटे कटी रहेगी बिजली
जिले में 33/11 केवी उपकेंद्र तरना से पोषित 11 केवी गणेशपुर, शिवपुर और पार्वतीमिल फीडर के तहत पेड़ों की डालियों को काटने का काम किया जाएगा। इस वजह से सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। नगरीय विद्युत वितरण खंड पंचम अधिशासी अभियंता कार्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है।
ढाई घंटे देरी से रवाना हुई केवी एक्सप्रेस
बनारस से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 15127 काशी विश्वनाथ (केवी) एक्सप्रेस रविवार को अपने निर्धारित समय से ढाई घंटे की देरी से रवाना हुई। इससे नाराज यात्रियों ने हंगामा किया। यात्री गरिमा मिश्रा ने कहा कि नई दिल्ली समय से पहुंचना बहुत जरूरी था, लेकिन बनारस से ही ट्रेन से ढाई घंटे की देरी से रवाना हो सकी। इसकी शिकायत एक्स के जरिये दर्ज कराई है। प्रतीक जायसवाल ने भी एक्स के जरिये शिकायत दर्ज कराई।
साहित्य प्रतियोगिता में शुभम-पूजा को पहला स्थान
बीएचयू के कला संकाय साहित्यकुंभ का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने साहित्य प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर पुरस्कार जीता। हिंदी साहित्य में शुभम त्रिपाठी और अंग्रेजी साहित्य में पूजा ने पहला स्थान प्राप्त किया।
इंकवेल साहित्य क्लब की ओर से बीएचयू के इस पहले समारोह में छात्र-छात्राओं ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। कार्यक्रम का आरंभ नागरी प्रचारणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल और भारत कला भवन के निदेशक प्रो. श्रीरूप रॉय चौधरी ने किया। प्रो. चौधरी ने कहा कि किसी भी संस्कृति की आत्मा उसके साहित्य में होती है।
उन्होंने डिलन थॉमस की कविता नोट ऑन आर्ट ऑफ पोयट्री का पाठ भी किया। डॉ. व्योमेश शुक्ल ने समय के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान हिंदी साहित्य प्रतियोगिता में शुभम त्रिपाठी ने प्रथम, अक्षय आदित्य को द्वितीय स्थान मिला। स्वाति श्री ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। अंग्रेजी साहित्य प्रतियोगिता में पूजा पहले, ऋतु सिंह दूसरे और ऋतुश्री तीसरे स्थान पर रहीं। साहित्य कुंभ का मुख्य आकर्षण बीएचयू के रंगशाला द्वारा मस्तमौला का नाट्य मंचन रहा। अभिनव मुखर्जी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
दाखिले के लिए 19 तक का माैका
काशी विद्यापीठ में हिंदी और अन्य भारतीय भाषा विभाग में शोध प्रवेश परीक्षा 2023-24 में उत्तीर्ण व शोध प्रवेश परीक्षा से मुक्त (नेट/जेआरएफ) अभ्यर्थी 19 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। विभागाध्यक्ष प्रो. राजमुनि ने बताया कि संबंधित अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र, सभी शैक्षणिक स्वप्रमाणित अभिलेख और शोध प्रस्ताव 19 अप्रैल तक विभाग में जमा कर सकते हैं। इस समय तक आवेदन जमा नहीं करने वाले अभ्यर्थियों के आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
काशी विद्यापीठ से आज निकलेगी पदयात्रा
काशी विद्यापीठ में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर सोमवार से 15 दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। कुलसचिव दीप्ति मिश्रा ने बताया कि सोमवार को केंद्रीय पुस्तकालय के सामने से डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद समिति कक्ष में संगोष्ठी होगी। वहीं, 15 से 28 अप्रैल तक निबंध व भाषण प्रतियोगिता, व्याख्यान व परिचर्चा, वाद-विवाद, कहानियों की विवेचना, संगीत एवं चित्रकला प्रतियोगिता होगी।
संस्कृत विश्वविद्यालय में 20 तक जमा कर सकेंगे फाॅर्म
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शोध प्रविधि पाठ्यक्रम सत्र 2024 के द्वितीय चक्र में पंजीकृत वे शोध छात्र जिनकी उपस्थिति 65 प्रतिशत से अधिक है, उनकी सूची प्रकाशित कर दी गई है। अनुसंधान संस्थान के निदेशक प्रो. अमित कुमार शुक्ल ने बताया कि ऐसे छात्र परीक्षा आवेदन पत्र संस्थान से प्राप्त कर 20 अप्रैल तक जमा कर सकते हैं। इसके बाद फाॅर्म भरने की तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी। विस्तृत जानकारी संस्थान से प्राप्त की जा सकती है।
बीएचयू में परिवार संग जुटे नवोदय विद्यालय के पूर्व छात्र
नवोदय विद्यालय का स्थापना दिवस रविवार को पूर्व छात्रों की ओर से मनाया गया। इसके उपलक्ष्य में बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान के शताब्दी कृषि सभागार में आयोजित एल्युमनी मीट में जवाहर नवोदय विद्यालय के पूर्व छात्रों ने परिवार के साथ भाग लिया। यहां लंबे समय बाद दोस्तों से मिलकर छात्र जीवन की यादों को ताजा किया।
बीएचयू परिसर में आने के बाद पूर्व छात्रों ने यहां विश्वनाथ मंदिर में जाकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। इसके बाद शताब्दी कृषि सभागार पहुंचे। अपने छात्विर जीवन को याद किया। अपने अनुभव साझा किए।
बताया कि किस प्रकार इस विद्यालय ने न केवल उन्हें शैक्षणिक रूप से मजबूत किया बल्कि जीवन मूल्यों और नेतृत्व क्षमता को भी निखारा। कार्यक्रम में प्रिंस, सुजीत पासवान, दान सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व छात्रों के बीच आपसी संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना था ताकि नवोदय परिवार की भावना और अधिक सशक्त हो सके। कार्यक्रम का संचालन लिटिल विश्वास, सुमित अवस्थी एवं सानिया ने किया।
विद्यापीठ में सेमेस्टर परीक्षा फाॅर्म भरने का मौका कल तक
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और उससे संबद्ध कॉलेजों में सम सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारियां तेज हो गई हैं। वाराणसी के साथ ही पांच जिलों के विद्यार्थियों के पास अब ऑनलाइन परीक्षा फाॅर्म भरने के लिए केवल दो दिन का मौका है। 15 अप्रैल तक आवेदन करने के बाद उनको हार्डकॉपी संबंधित महाविद्यालय और विश्वविद्यालय के संकाय व विभाग में 18 अप्रैल तक जमा करनी होगी।
विश्वविद्यालय में यूजी और पीजी के साथ ही व्यवसायिक पाठ्यक्रम के सम सेमेस्टर परीक्षाओं के कार्यक्रम जारी करने के साथ ही अन्य तैयारियां परीक्षा विभाग की ओर से चल रही हैं। विश्वविद्यालय की ओर से ऑनलाइन आवेदन की तिथि 15 अप्रैल तक है। छात्र-छात्राओं को 18 अप्रैल तक हार्डकॉपी जमा करनी होगी।
इसके बाद संकाय व विभाग स्तर की ओर से 20 अप्रैल तक विश्वविद्यालय की ओर से मिले आईडी, पासवर्ड द्वारा लॉगिन कर फाॅर्म को अप्रूव करना होगा। ऐसे छात्र-छात्रा जिन्होंने अब तक ऑनलाइन आवेदन नहीं किया है, अब वो दिन के अंदर आवेदन कर उसकी हार्डकॉपी जमा कर सकते हैं।