मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने एक जनवरी 2026 के आधार पर होने वाले निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
जिलाधिकारी ने बताया कि तैयारी, प्रशिक्षण व मुद्रण 28 अक्तूबर 2025 से तीन नवंबर तक, गणना अवधि चार नवंबर से चार दिसंबर तक, मतदान केंद्रों का युक्तिकरण व पुनर्व्यवस्थापन चार दिसंबर को, नियंत्रण तालिका का अद्यतनीकरण और ड्राफ्ट रोल की तैयारी पांच से आठ दिसंबर, मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन नौ दिसम्बर तक होगा। दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि नौ दिसंबर से आठ जनवरी, नोटिस चरण और दावों और आपत्तियों का निपटान की तिथि नौ दिसम्बर से 31 जनवरी 2026, अंतिम प्रकाशन के लिए आयोग की अनुमति प्राप्त करने की तिथि तीन फरवरी 2026 है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि यदि बूथ लेबल एजेंट अभी तक नियुक्त नहीं किए गए हैं तो उनकी नियुक्ति कर दी जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विनीत उपाध्याय, उप जिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र, चुनार राजेश वर्मा, मड़िहान अविनाश सिंह, जिलाध्यक्ष अपना एल एस इंजीनियर राम लौटन बिन्द, जिला मीडिया प्रभारी भाजपा ज्ञान प्रकाश दूबे माैजूद रहे। संवाद