वाराणसी में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने महत्वपूर्ण घटनाओं की सूचना छिपाने पर सख्त कार्रवाई के संकेत देते हुए अधिकारियों को तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए हैं। 22, 23 और 25 अक्तूबर के प्रस्तावित एयर शो तथा 23 अक्तूबर के एमएलसी चुनाव के लिए अभी से समन्वित सुरक्षा योजना तैयार करने को कहा।
महिला अपराध की शिकायतों के लिए विशेष सेल गठित कर यूपी-112 से मिलने वाली शिकायतों के आधार पर हॉटस्पॉट चिह्नित करने और वहां सक्रिय अराजक तत्वों पर कार्रवाई के भी निर्देश दिए। लंबित और कालबाधित विवेचनाओं, कोडीन कफ सिरप, जीएसटी और एलयूसीसी फ्रॉड से जुड़े मामलों की भी नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए।
शुक्रवार को पुलिस आयुक्त ने कैंप कार्यालय में राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक कर पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अपराध के तौर-तरीके लगातार बदल रहे हैं, इसलिए पुलिस को भी तकनीकी रूप से दक्ष और आधुनिक तरीके से काम करना होगा। वाराणसी की पुलिसिंग को दूसरे जिलों के लिए रोल मॉडल बनाने और जनता की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण समाधान करने पर जोर दिया।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को गोद लिए गए थानों का एक सप्ताह के भीतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। क्षेत्र के व्यापारियों और पुलिसकर्मियों से अलग-अलग संवाद कर उनकी समस्याएं जानने और समाधान कराने को कहा। पुलिसकर्मियों के आवास, मेस समेत अन्य समस्याओं को प्राथमिकता से दूर करने तथा थानों और चौकियों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता की जांच के निर्देश दिए।