सोमवार की सुबह प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। कंतित स्थित बाबा के मजार पर जाकर चादरपोशी की। वहां से वह भाजपा से निष्कासित मनोज श्रीवास्तव के घर पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष ने जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी के साथ मनोज श्रीवास्तव के कमरे में आधे घंटे तक अकेले मुलाकात की। पहले पल्लवी पटेल और अब नरेश उत्तम पटेल से मुलाकात के बाद से यह चर्चा तेज हो गई है कि आगामी लोकसभा चुनाव में मनोज श्रीवास्तव की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। मनोज श्रीवास्तव ने निकाय चुनाव में नगर पालिकाध्यक्ष का चुनाव लड़ा था। इसके पहले सपा की सिराथू विधायक पल्लवी पटेल ने अपना दल कमेरावादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल के साथ उनसे मुलाकात की थी।
इसके बाद सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी व संगठन के नेताओ व विधानसभा अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष के साथ 2024 के चुनाव को लेकर बैठक की। नरेश उत्तम पटेल ने प्रदेश की तमाम नाकामियो को गिनाते हुए कहा कि जनता भाजपा सरकार से परेशान है। इसलिए बूथ मजबूत करने पर जीत पक्की है। उन्होेने कहा कि छह, फरवरी को नगर विधानसभा, सात फरवरी चुनार विधानसभा, आठ फरवरी छानबे विधानसभा व नौ फरवरी मड़िहान विधानसभा की बूथ, जोनल व सेक्टर और विधानसभा व ब्लॉक पदाधिकारियों की बारी-बारी से समीक्षा करुंगा। बैठक की अध्यक्षता देवी प्रसाद चौधरी ने की। बैठक में पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया, पूर्व विधायक जगतम्बा सिंह पटेल आदि थे।