सर्किट हाउस में रविवार को सड़कों के शिलान्यास का सरकारी कार्यक्रम सपा प्रत्याशियों और नेताओं को ही समर्पित रहा। मंच पर जिले के सभी आठ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों ने कब्जा जमा लिया था। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों ने बाकायदे सभी प्रत्याशियों को माला पहनाई और बुके देकर उनका स्वागत किया। मंच से कहा गया कि सभी प्रत्याशियों की मांग के अनुरूप उनके विधानसभा क्षेत्र में सड़कें बनवाई जा रही हैं।
मुख्य अतिथि मंत्री सुरेंद्र पटेल ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ. पीयूष यादव को अपने बगल में जगह दी। कार्यकर्ताओं को इशारों में समझाया कि नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल को विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का निर्देश दिया। भाषण के दौरान ही करीब दो सौ से ज्यादा सपा कार्यकर्ता बाइक रैली लेकर सर्किट हाउस
में घुस गए। बाइक, ऑटो और कार से भी कार्यकर्ता पहुंचे और हाथ में पार्टी का झंडा लिए नारेबाजी करते रहे। कार्यक्रम के दौरान ही सभी कार्यकर्ता अचानक मंत्री के पास पहुंचे और उनके साथ सेल्फी लेने लगे।
भाषण के दौरान मंत्री ने अपने साथियों से कार्यकर्ताओं को रोकने को कहा और उन्हें बैठाने का निर्देश दिया। कुछ देर के लिए पूरी व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई। कार्यक्रम समाप्त होने तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
प्रदेश के लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेंद्र पटेल ने रविवार को सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में जिले में 57.44 किमी लंबी 26 सड़कों का शिलान्यास और चार सड़कों का लोकार्पण किया। कहा कि वाराणसी में विकास के जितने काम पिछले पांच साल में हुए हैं, उतने अब तक नहीं हुए थे। उधर, पीएम नरेंद्र मोदी के आदर्श गांव जयापुर में बनवाए गए घर और शौचालय अब टूटने लगे हैं।
सुरेंद्र पटेल ने रविवार को सर्किट हाउस परिसर में लोक निर्माण विभाग द्वारा अजगरा, शिवपुर, शहर उत्तरी, कैंटोमेंट एवं पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में 1131.16 लाख की लागत से बनने वाली 26 सड़कों का शिलान्यास किया। साथ ही, रोहनिया व सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र में 60.25 लाख की लागत से 5.4 किलोमीटर लंबी चार सड़कों का लोकार्पण किया। अभियंताओं को निर्देश दिया कि जिन सड़कों का शिलान्यास हुआ है उन्हें एक माह में पूरा करें। इन सड़कों का लोकार्पण जनवरी में होगा। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष डॉ. पीयूष यादव सहित विधानसभा चुनाव के आठों विधानसभा के प्रत्याशी के अलावा लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता आर राजवंशी, अधिशासी अभियंता एसके भदौरिया, कन्हैया राजभर आदि मौजूद थे।