डेढ़ घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस, लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी एंबुलेंस को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे लग गए। इस दौरान युवक और युवती दर्द से कराहते रहे। एंबुलेंस के देर से पहुंचने पर मौके पर मौजूद लोगों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि गंभीर रूप से घायल लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए थी।
एंबुलेंस पहुंचने के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। युवक के पैर में गंभीर चोट के कारण उसकी हालत चिंताजनक बताई गई, जबकि युवती के सिर में भी गंभीर चोट आई है।
प्रभारी निरीक्षक ओबरा प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि प्रेमी युगल रेलवे लाइन पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गया था। दोनों का उपचार चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।