यूपी के सोनभद्र जिले में बुधवार की सुबह सवारियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में इंजानी के रहने वाले खलासी राजेश (20) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बस में सवार 36 लोग घायल हो गए।
घायलों को एंबुलेंस और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां से पांच को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
बुधवार की सुबह सवारियों से भरी एक प्राइवेट बस रेणुकूट से बीजपुर की ओर जा रही थी। सुबह करीब आठ बजे बस तेज गति होने के नाते बभनी थाना क्षेत्र के चपकी महुअरिया गांव में स्थित चपकी लैंपस के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे के बाद आसपास के लोग भारी संख्या में पहुंच गए। घटना की जानकारी बभनी थाना के साथ ही डायल 100 को दी। शीशा तोड़कर यात्रियों को निकाला गया। हादसे में खलासी राजेश पुत्र रामजनम मौत हो गई।
यहां से ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर भर्ती कराया। यहां गंभीर हालत देख मेही लाल, संध्या, संतोष कुमार, अखिलेश और अभिषेक को जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया।
अधीक्षक आरएन सिंह ने बताया कि जिन घायलों को चोटें आई हैं और उनका उपचार यहां संभव नही था। ऐसे में उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों की स्थिति सामान्य है ।