बालू-गिट्टी के अवैध परिवहन से करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित करने के आरोप में पुलिस ने तीन गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को अभियान चलाकर आरोपियों और उनके माता-पिता के नाम पर अलग-अलग स्थानों पर खरीदी गई जमीन के साथ दो ट्रकों को कुर्क किया गया। कुर्क की गई संपत्ति की कुल कीमत 4.18 करोड़ रुपये बताई गई है।
नौ आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के अनुसार, खनिज बैरियर के सामने से बालू-गिट्टी लदे ट्रकों को पार कराने के लिए आरोपी अधिकारियों की लोकेशन साझा करते थे। इस मामले में नौ लोगों की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद गत दो जुलाई को तत्कालीन रॉबर्ट्सगंज कोतवाल रामस्वरूप वर्मा की तहरीर पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में नौ आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इन आरोपियों की संपत्ति हुई कुर्क
मामले में चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी निवासी अरमान खान, छोटू यादव उर्फ अनिमेश, रंजीत कुमार उर्फ नेता यादव, अवई निवासी अशोक कुमार पाल, रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सहिजन कला निवासी बेचू यादव, परही निवासी आरिफ खान, इंद्रपुरी कॉलोनी निवासी अखिलेश उर्फ धीरज केशरी, ब्रह्मनगर कॉलोनी निवासी दिनेश्वर केशरी उर्फ भोनू और रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के पोखरौध निवासी अनिल कुमार के नाम शामिल हैं।
पुलिस की कार्रवाई में तीन आरोपियों और उनके माता-पिता के नाम पर खरीदी गई जमीन तथा दो ट्रकों को कुर्क किया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 4.18 करोड़ रुपये है।