लॉकडाउन के कारण कुशीनगर के रहने वाले प्रमोद पांडेय का अंतिम संस्कार नाइजीरिया में ऑनलाइन हुआ। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बेटे ने ऑनलाइन कुशीनगर से ही उन्हें मुखाग्नि दी। परिजन चाहकर भी नाइजीरिया में नौकरी कर रहे प्रमोद की मौत पर उनके अंतिम दर्शन के लिए नहीं जा सके।
कुशीनगर जिले के हरपुर गांव के रहने वाले प्रमोद कुमार पांडेय (48) कुछ सालों से नाइजीरिया की कंपनी में काम कर रहे थे। तीन सप्ताह पहले पैरालाइसिस अटैक आने के कारण उन्हें गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। 12 जून की शाम को उनका निधन हो गया। परिजनों को जब सूचना मिली तो वह परेशान हो उठे। इस समय अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी रोक है।
किसी तरह दोस्तों के जरिए जब बनारस के अर्दली बाजार के रहने वाले भोजपुरी परिवार ग्लोबल फाउंडेशन के जनरल सेक्रेटरी शांतिभूषण सिंह को जानकारी मिली तो उन्होंने सोमवार को नाइजीरिया में प्रमोद पांडेय का अंतिम संस्कार भारतीय पद्धति से कराया।
पूरी प्रक्रिया को परिजनों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए देखा। सबसे छोटे पुत्र आदित्य ने गांव से ही पिता को ऑनलाइन मुखाग्नि दी। शांतिभूषण सिंह ने बातचीत के दौरान बताया कि प्रमोद पांडेय का अस्थि कलश हिंदुस्तान भेजा जाएगा। उनकी दो बेटियां और एक बेटा है।