बीएचयू ट्रॉमा सेंटर से वेंटिलेटर चोरी का मामला गरमाता जा रहा है। आठ दिनों में जहां चोरी का खुलासा नहीं हो पाया है वहीं अब कांग्रेसी विरोध पर उतर आए हैं। कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने सोमवार को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर प्रभारी से शिकायत कर मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
अजय राय ने कहा कि जहां कोविड-19 महामारी में मरीजों के इलाज के लिए वेंटीलेटर की जरूरत पड़ रही है वहीं ट्रॉमा सेंटर के रेड जोन से पोर्टेबल वेंटीलेटर चोरी होना बहुत बड़ी लापरवाही है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जिला अध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, ओम प्रकाश ओझा, मनीष मोरोलिया, आनंद मिश्रा, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव चंचल शर्मा,रोहित दुबे, परवेज खान,अभिषेक चौरसिया आदि लोग मौजूद रहे।