वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के छोटा लालपुर निवासी तारा देवी ने अपने बेटे और बहू पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पंकज उर्फ नारे गुप्ता और उसकी पत्नी फूल कुमारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। तारा देवी का आरोप है कि उनका छोटा बेटा पंकज आए दिन उनके और पति के साथ विवाद करता है। शनिवार की रात विवाद के दौरान पंकज ने उनका हाथ मरोड़ने के साथ बाल खींचकर मारपीट की, जिससे हाथ में चोट आई। पंकज की पत्नी फूल कुमारी ने भी हाथ उठाया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद
कचहरी में युवक से मारपीट का प्रयास, जान से मारने की धमकी
वाराणसी। कचहरी परिसर में हुई मारपीट के मामले में रामासिंगपुर, हरहुआ निवासी विकास चंद्र द्विवेदी की तहरीर पर पुलिस ने अलीनगर, चंदौली निवासी मोहम्मद निशारुद्दीन खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। विकास के मुताबिक, दो सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे वह कचहरी परिसर में मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान निशारुद्दीन पहुंचा और गालियां दीं। विरोध करने पर मारपीट पर उतर आया। वहां मौजूद अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव कर बचाया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पूर्व में भी ट्रक से कई बार टक्कर मारकर जान लेने का प्रयास किया गया था। इसमें मिर्जामुराद थाने में प्राथमिकी दर्ज है। आरोप है कि मामला वापस लेने के लिए लगातार धमकियां और दबाव बना रहा है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद
प्राथमिकी वापस लेने का दबाव, महिला को बच्चों को मारने की धमकी
वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाने में दर्ज प्राथमिकी को वापस लेने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने नई बस्ती निवासी फुलमनी उर्फ निशा की तहरीर पर संदीप राजभर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। फुलमनी के मुताबिक, पांच अगस्त को उसने संदीप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने संदीप को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोप है कि नौ सितंबर को जमानत पर बाहर आने के बाद संदीप ने फोन कर मामला वापस लेने का दबाव बनाया। ऐसा न करने पर महिला और उसके दोनों बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। महिला ने बताया कि वह विधवा है और उसके दो छोटे बच्चे हैं। आरोप है कि संदीप ने धोखे से करीब 2.5 लाख रुपये का दोपहिया वाहन भी खरीदवाया और किस्तें उससे जमा कराईं। इसके अलावा करीब दो लाख रुपये नकद लेने का भी आरोप है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। संवाद