पिंडरा/राजातालाब। करीब तीन महीने बाद बिना जानकारी दिए संपूर्ण समाधान दिवस शुरू हो गया। मंगलवार को तहसीलों में शुरू हुए समाधान दिवस में कम फरियादी पहुंचे। पिंडरा में 73 मामलों में से 7 मामलों का निस्तारण हो पाया। वहीं राजातालाब में 88 शिकायती पत्रों में केवल एक मामले का मौके पर निस्तारण हुआ।
एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में बड़ागांव के खटौरा निवासी विनोद सिंह ने शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया कि उसकी पुत्री के पति की मौत बीमारी के चलते हो गई। ससुराल के लोग उसके हिस्से की जमीन हड़पने के लिए उसे घर से निकालने के साथ प्रताड़ित कर रहे हैं। एडीएम ने थाना प्रभारी फूलपुर को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। सलिवाहनपुर निवासी गजेंद्र सिंह ने ग्राम प्रधान पर सरकारी नाली काटकर चकरोड बनाने का आरोप लगाया। करखियाव के रामाशंकर ने आबादी की जमीन पर खड़ंजा लगाने की शिकायत की। मानापुर पिंडरा की बाला देवी ने आरोप लगाया कि उसके पिता सिद्धनाथ की मौत के बाद एकमात्र वारिश हैं, लेकिन उसके पट्टीदारों ने लेखपाल से मिलकर जमीन अपने नाम करा ली है। तहसील दिवस के दौरान एसडीएम गिरीश कुमार द्विवेदी, तहसीलदार रामनाथ, सीओ अभिषेक पांडेय, नायब तहसीलदार साक्षी राय, बीडीओ वी के जायसवाल, बीईओ अशोक सिंह, एसडीओ राहुल सिंह समेत अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
तहसील राजातालाब में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मेहंदीगंज गांव के कैलाश आशीष संजय, अजय ने प्रार्थना पत्र देकर गांव की नवीन परती भूमि पर कुछ लोगों द्वारा निर्माण कराए जाने की शिकायत की। इस मामले पर उपजिलाधिकारी ने मिर्जामुराद थाने को जांच कर आख्या देने को निर्देश दिया। इस मौके पर उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ यादव, तहसीलदार मीनाक्षी पांडेय आदि उपस्थित थीं।