सेना भर्ती के दूसरे दिन मंगलवार को भी युवाओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। छावनी परिषद के रणबांकुरे स्टेडियम में सैनिक बनने का ख्वाब संजोए गोरखपुर जिले के 7049 अभ्यर्थी पहुंचे। लंबाई कम होने के कारण 922 बाहर हो गए। टोकन बांटने के बाद शुरू हुई दौड़ में हर किसी ने पूरी ताकत लगाई। 713 अभ्यर्थी सफल रहे। अब अगले चरण में इनकी शारीरिक परीक्षा होगी।
गोरखपुर जिले के चौरी चौरा, खजनी और सहजनवां तहसील के 7049 युवाओं का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन दो फरवरी की भर्ती के लिए हुआ था। इनमें से 922 को लंबाई कम होने की वजह से दौड़ से पहले ही बाहर कर दिया गया। शेष जो बचे उन्हें भोर से ही टोकन देना शुरू किया गया। कुल 6127 युवकों को टोकन दिया गया। छह बजे से दौड़ शुरू कराई गई।
एक बार में ढाई सौ से तीन सौ अभ्यर्थियों को दौड़ाया जा रहा था। सभी को चार सौ मीटर मैदान का चार चक्कर लगाना था। दोपहर एक बजे तक चली दौड़ में 713 अभ्यर्थी सफल रहे। बता दें कि यह सभी अभ्यर्थी एक दिन पहले सोमवार को ही वाराणसी आ गए थे। कई ने छावनी क्षेत्र में खुले आसमान तले तो कई ने कैंट स्टेशन की डॉरमेट्री और बस अड्डे पर रात गुजारी।