रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल की ओर से कार्यक्रम में संगोष्ठी में उपस्थित मंचासिन अतिथिगण
रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल के ओर से सोमवार को मलदहिया स्थित होटल में संगोष्ठी हुई। पावरिंग एन्वायरमेंट विथ रिन्यूएबल सोलर एनर्जी विषय पर केंद्रित इस चर्चा में मुख्य अतिथि के रूप में विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता (यूपी विद्युत बोर्ड) ई. आरके पांडेय उपस्थित रहे। संगोष्ठी में ऊर्जा सुरक्षा, सौर ऊर्जा के बढ़ते महत्व और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण पर मंथन किया गया।
क्लब के अध्यक्ष राजेश भाटिया ने अपने संबोधन में होर्मुज जलडमरूमध्य के तनाव का जिक्र करते हुए आगाह किया कि वैश्विक तेल आपूर्ति का 20 प्रतिशत हिस्सा इसी मार्ग से आता है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए 80 प्रतिशत आयात पर निर्भर है जो एक बड़ा रणनीतिक जोखिम है। उन्होंने उद्यमियों से आह्वान किया कि वे हर छत को पावर स्टेशन में बदलकर देश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएं। मुख्य अतिथि ई. आरके पांडेय ने बताया कि वर्तमान में हम अपनी कुल ऊर्जा का लगभग 17 प्रतिशत सोलर से प्राप्त कर रहे हैं। वाराणसी में अब तक 30,000 घरों को सोलर ऊर्जा से जोड़ा जा चुका है। इसे जल्द ही 50,000 तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने गंगा नदी पर फ्लोटेड सोलर पैनल लगाने की आगामी योजना के बारे में भी बताया।