रिक्रूट आरक्षियों को छह घंटे इनडोर व छह घंटे आउटडोर प्रशिक्षण देने का निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। क्राइम समीक्षा में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल सख्त दिखे। एसओजी-2 को भंग कर दिया और नई टीम बनाने को कहा। कार्य में लापरवाही बरतने पर मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय और रोडवेज चौकी प्रभारी गौरव सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। कैंट, सिगरा, रामनगर व मिर्जामुराद का फेरबदल किया। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा को सिगरा थाना प्रभारी बनाया गया। सिगरा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा को थाना प्रभारी रामनगर बनाया गया। रामनगर थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय को थाना प्रभारी कैंट बनाया गया। जबकि लाइन हाजिर होने के बाद रिक्त पड़े मिर्जामुराद थाने पर साइबर थाने से गोपाल जी कुशवाहा को भेजा गया। पुलिस आयुक्त के पीआरओ रहे विकास सिंह को चौकी प्रभारी रोडवेज बनाया गया।
मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट संदेश दिया गया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, प्रभावी अपराध नियंत्रण और जनसमस्याओं के निस्तारण करने वाले अधिकारी ही थानाध्यक्ष बने रहेंगे। थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि रिक्रूट आरक्षियों को प्रतिदिन छह घंटे इनडोर और छह घंटे आउटडोर प्रशिक्षण देकर बीट ड्यूटी, जनसंपर्क और थाना स्तर के कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण कराया जाए।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर आरटीसी योजना के तहत दस प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी, ट्रैफिक मार्शलों के समन्वय और तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट और रांग साइड चलने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार कार्रवाई करने को कहा।
सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर शून्य करने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
महिला अपराधों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने, गोतस्करी, चोरी, एनडीपीएस और साइबर अपराधियों पर गैंगस्टर व गुंडा एक्ट की कार्रवाई, आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों से नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।