आईआईटी बीएचयू के वार्षिक तकनीकी उत्सव में आईआईटीयंस संग संवाद करने के लिए दुनिया की पहली महिला हयूमनाइट रोबोट नागरिक सोफिया बृहस्पतिवार को संस्थान नहीं पहुंच सकीं। सोफिया को अपनी टीम के साथ बृहस्पतिवार को ही आईआईटी बीएचयू आना था, लेकिन फ्लाइट रद्द होने की वजह से वह नहीं आ सकी। ऐसे में छात्र उसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब वह शुक्रवार दोपहर तक संस्थान पहुंचेगी।
आईआईटी में 14 से 16 फरवरी तक चलने वाले उत्सव टेक्नेक्स के पहले दिन उद्घाटन समारोह के बाद सोफिया स्वतंत्रता भवन में रात आठ बजे छात्रों से संवाद करेगी। इसकी जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं। यहां वह अपने अनुभवों को छात्रों के साथ साझा करने के साथ ही उनके सवालों का जवाब भी देंगी।
तीन दिवसीय तकनीकी उत्सव का प्रमुख आकर्षण जानी मानी हस्तियों के अनुभवों पर केंद्रित प्रेरणादायी वार्ताओं की श्रृंखला होगी। उत्सव में दुनिया के पहले खोज इंजन, आर्ची के आविष्कारक एलन एमेज, काले धन पर बनी जांच समिति का अहम हिस्सा रहे सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस अजीत पसायत के साथ ही नोबल शांति पुरस्कार विजेता कथरीन गन और भौतिकी में 2019 के नोबल पुरस्कार विजेता डिडिएर क्वेलोज भी मौजूद रहेंगे।