शोभा ओजा ने भाजपा नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप
- फोटो : अमर उजाला
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओजा ने बुधवार को कहा कि यूपी के चुनाव में बहन-बेटियों की सुरक्षा का मुद्दा उछालकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भावनात्मक रूप से जनता को धोखा दे रहे हैं। भाजपा शासित राज्यों में बहन-बेटियों की सुरक्षा ताक पर है।
उन्होंने बताया कि गैंगरेप में एमपी देश में पहले स्थान पर है तो महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर। उन्होंने कुछ गिरफ्तारियों का जिक्र करते हुए बताया कि भाजपा के कई नेता आईएसआई एजेंट के रूप में पकड़े जा चुके हैं, जबकि पश्चिम बंगाल में महिला मोर्चा की सचिव हाल में ही सेक्स रैकेट के संचालन में गिरफ्तार की गई है।
वह भाजपा नेताओं की सेवा में लड़कियों को भेजती थी। ऐसे नेताओं को प्रधानमंत्री देशभक्त कहेंगे या देशद्रोही, उन्हें इसका जवाब देना चाहिए।
इंग्लिशिया लाइन स्थित कांग्रेस-सपा गठबंधन के संयुक्त मीडिया सेंटर में बुधवार की दोपहर पत्रकारों से बातचीत में शोभा ने कहा कि जब चुनाव आते हैं तभी पीएम को बहन-बेटियों की याद आती है।
जब दिल्ली में निर्भया कांड हुआ था और देश दहल गया था, तब भाजपा को बहन-बेटियों की आबरू की चिंता नहीं थी। तब अरुण जेटली कहते थे कि ऐसी छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं।