फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

काशी में स्मृति ईरानी और सीएम योगी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला, विपक्षियों को भी घेरा

Sat, 18 Jan 2020 05:37 PM IST
गीतार्जुन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर शनिवार को केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय के साथ कई राज्यमंत्री मौजूद रहे। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जमकर कांग्रेस पर निशाना साधा।

विज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस समय नागरिकता कानून को लेकर जो विरोध हो रहा है, वह केवल भारतीय जनता पार्टी का विरोध नहीं है। यह विरोध देश के खिलाफ षड्यंत्र है। उन्होंने कहा कि सभी को इस समय जागरूक करने की जरूरत है। लोगों को जागरूक करने के लिए ही हम आप लोगों के बीच आए हैं।

मुख्यमंत्री ने मोदी सरकार की योजनाओं का बखान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री विभिन्न योजनाओं के जरिए किसानों, नौजवानों के हित में काम कर रहे हैं। उनके कार्यों से घबराकर विपक्षी सीएए के नाम पर लोगों को भड़का रहे हैं। 2008 में जब मुंबई पर आतंकी हमला हुआ था। देश के लोग चाहते थे कि पाकिस्तान पर हमला हो। लेकिन तब की सरकार ने नहीं किया। आज जब पाकिस्तान को जवाब दिया जा रहा है, तब मोदी सरकार के खिलाफ षड्यंत्र किया जा रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून लोगों को नागरिकता देता है, किसी की नागरिकता लेता नहीं है। फिर भी प्रधानमत्री से घबराए विपक्षी, लोगों को भड़का रहे हैं। भारत विरोधी नारा लगाने वालों के साथ खड़े होने से कांग्रेस, सपा और विपक्षियों का चरित्र भी सामने आ रहा है। कानून को तोड़-मरोड़कर पेश करने का प्रयास किया जा रहा है।

नागरिकता कानून की आड़ में अराजक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार ने इन अराजकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। इसी का नतीजा है कि लोग चेक लेकर खुद आ रहे हैं। योगी ने कहा कि देश का संविधान हमें फंडामेंटल राइट देता है तो हमें फंडामेंटल दायित्व भी देता है। दायित्व यही है कि अगर कहीं भी देश के साथ धोखा हो रहा हो तो हमें आगे आकर लोगों को जागरूक करना होगा।

स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस ने देश को बांट दिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने धर्म के आधार पर देश का बंटवारा राष्ट्रहित में नहीं परिवार हित में स्वीकार किया था। उन्हें परिवार के एक सदस्य को नेता प्रधानमंत्री बनाना था। स्मृति ईरानी ने अपनी बात की शुरुआत कश्मीरी पंडितों के पलायन और नरसंहार से की। उन्होंने कहा कि 1990 में पाकिस्तान के इशारे पर काला इतिहास हमारे देश का अंग बन गया।

स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस गोरों को अपना संस्कार मान कर आगे चल रही है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जब अंग्रेजों ने एक ही बिंदु पर देश का विभाजन किया। अंग्रेजों ने हिंदुस्तान को खत्म करने के लिए देश का विभाजन धर्म के आधार पर किया। गोरों की इसी सीख को कांग्रेस पार्टी ने अपना संस्कार मान लिया। आज जो लोग संविधान की दुहाई देते हैं, उन्हें 72 साल बाद भी इस बात का जवाब नहीं सूझता कि जब धर्म के आधार पर देश का बंटवारा हो रहा था तो कांग्रेस ने क्यों स्वीकार किया। क्या कोई अपनी मां का बंटवारा स्वीकार कर सकता है।

स्मृति ने कहा कि जब बंटवारा हुआ तो गांधी जी चाहते थे कि जो हिंदू परिवार पाकिस्तान में छूट रहे हैं, उनका संरक्षण हो। बापू के इस कथन को नरेंद्र दामोदर दास मोदी ने न सिर्फ स्वीकार किया बल्कि साकार भी किया। स्मृति ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता जानते हैं कि कांग्रेस में हिंदू और सिख विरोधी आत्माएं लगी हुई हैं लेकिन यह नहीं जानते थे कि कांग्रेस ईसाइयों के भी विरोध में खड़ी होगी। पाकिस्तान में ईसाइयों के धार्मिक स्थलों पर विस्फोट किया गया, तब सोनिया गांधी नहीं रोईं। जब बाटला हाउस में आतंकवादी को मारा गया तब रोईं।
विज्ञापन

बाब दरबार पहुंची केंद्रीय मंत्री स्मृ्ति ईरानी
जनसभा के बाद केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंची। यहां उन्होंने मंदिर अर्चक के द्वारा षोडशोपचार पूजन किया। दर्शन पूजन के बाद वह अपने गंतव्य स्थान को चली गईं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें