थाना क्षेत्र की सत्संग नगर कॉलोनी में शुक्रवार की भोर में एक तांत्रिक के घर का ताला खोलकर अंदर घुसे बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर पड़ोसी अभिनय पांडेय (28) को गोली मार दी। अभिनय गाजीपुर के सैदपुर स्थित एक कान्वेंट स्कूल में शिक्षक हैं।
घटना के बाद दोनों बदमाश फायरिंग करते हुए बाइक से भाग निकले। घायल शिक्षक को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने तांत्रिक के घर की तलाशी ली तो सांभर एवं काले हिरण की खाल बरामद हुई। घटना के बाद से तांत्रिक का भी पता नहीं है।
अस्सी निवासी तांत्रिक कृष्ण कुमार उपाध्याय ने करीब एक महीने पहले सत्संग नगर कॉलोनी निवासी अरुणाचल प्रदेश में शिक्षक जेपी सिंह के घर को किराये पर लिया था। भोर में करीब 3:45 बजे बाइक सवार दो बदमाश तांत्रिक के घर पहुंचे। मास्टर चाबी से मेन गेट का ताला खोलने के बाद अंदर दाखिल हो गए। फिर जब अंदर के दरवाजे पर लगे ताले को आरी से काटने लगे तो पड़ोसी विनोद पांडेय की नींद खुल गई।
वह छत पर चढ़कर शोर मचाने लगे। बदमाशों पर पथराव करने लगे। हल्ला-गुहार सुनकर उनके बेटे अभिनय बाहर निकले और बदमाशों को देख शोर मचाया। तभी बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी और बाइक से भाग निकले। गोली अभिनय के कमर में लगी।
सौ नंबर पर सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अभिनय को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। एसपी सिटी सुधाकर यादव और सीओ कैंट राजकुमार यादव ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। तांत्रिक के घर की तलाशी लेने पर एक सांभर, एक काले हिरण और एक हिरण की खाल बरामद की गई।
दो वाकी-टाकी और इलेक्ट्रानिक, प्रिंट मीडिया के कुछ परिचय पत्र भी बरामद किए गए। जांच के दौरान पता चला कि कृष्णकांत के खिलाफ पूर्व में लंका समेत कई थानों में धोखाधड़ी और ठगी का मुकदमा दर्ज है। वह खाल का धंधा करता है। पुलिस ने जाल्हूपुर में रहने वाले तांत्रिक के एक करीबी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सीओ कैंट राजकु मार यादव का कहना है कि घटना के बाद से तांत्रिक का पता नहीं है।
उसकी तलाश की जा रही है। वहीं तांत्रिक के घर में घुसने की कोशिश करने वाले बदमाशों का भी पता लगाया जा रहा है। तांत्रिक के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। खाल कब की है इसका पता लगाने के लिए डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा।