कमिश्नर कार्यालय में आयोजित बैठक में ऊर्जा सचिव पीके पुजारी और अन्य अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव प्रदीप कुमार पुजारी ने पुरानी काशी में 67.51 करोड़ रुपये की लागत से लगने वाले स्मार्ट मीटर योजना की मौखिक स्वीकृति दे दी है। सोमवार को पीएम के संसदीय क्षेत्र काशी में चल रही बिजली संबंधी योजनाओं की समीक्षा उन्होंने कमिश्नर कार्यालय में की।
इस दौरान उन्होंने भरोसा दिलाया कि मंत्रालय की ओर से जल्द ही स्मार्ट मीटर के लिए लिखित स्वीकृति भी जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर योजना से उपभोक्ताओं और बिजली विभाग दोनों की परेशानी खत्म होगी।
उपभोक्ताओं को बिल सुधारने के लिए न तो विभाग के चक्कर काटने पड़ेंगे न ही विभाग को मीटर रीडिंग के लिए उपभोक्ताओं के घर जाना पड़ेगा। ऑनलाइन मानीटरिंग से विभाग को सहूलियत होगी।
ऊर्जा सचिव ने पावर फार ऑल योजना के तहत बनारस के हर घर को बिजली मुहैया कराने के लिए 15 जून तक डीपीआर बनाने की जिम्मेदारी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी सुरेश चंद्र भारती को दी।
योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। ईएसएसएस को एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने का काम जल्द से जल्द पूरा करने को कहा।
दो दिनी वाराणसी दौरे के दौरान ऊर्जा सचिव ने आईपीडीएस, इनर्जी इफिसिएंसी, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना की प्रगति जानी। बैठक में कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण, यूपी पावर कारपोरेशन के एमडी विशाल चौहान, मुख्य अभियंता अश्वनी कुमार आदि मौजूद थे।