सौ नंबर पर आए धमकी भरे एक फोन से जिला पुलिस छह घंटे हलाकान रही। बुधवार की शाम पांच बजे किसी ने फोन कर संकटमोचन मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी। उसने कहा कि वह पाकिस्तान से बोल रहा है। सूचना के कुछ देर बाद ही मंदिर में पुलिस, पीएसी, क्राइम ब्रांच, खुफिया विभाग के अधिकारी, बम डिस्पोजल दस्ता और डाग स्क्वाड पहुंच गया।
करीब तीन घंटे तक पूरे मंदिर की जांच की गई। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने रात 11 बजे फोन करने वाले कक्षा छह के लड़के को खोज निकाला। उसका कहना था कि उसने एक फिल्म देखी थी जिसमें बदमाश पुलिस को धमकी देता था। फिल्म देखकर ही उसने ऐसा किया। लड़के और उसके परिवार से पुलिस पूछताछ कर रही है।
शाम करीब पांच बजे सौ नंबर पर किसी ने फोन कर कहा कि वह पाकिस्तान से बोल रहा है। रात में संकटमोचन मंदिर को विस्फोट से उड़ा दिया जाएगा। इसके बाद पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। कुछ ही देर में भारी संख्या में पुलिस फोर्स मंदिर पहुंच गई।
मंदिर के चप्पे-चप्पे की जांच की गई। महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र भी पहुंच गए। मंदिर के सुरक्षाकर्मी भी जांच में लगे रहे। एहतियात के तौर पर संकटमोचन के अलावा अन्य प्रमुख मंदिरों और गंगा घाटों की भी चेकिंग कराई गई। एसएसपी जोगेंद्र कुमार का कहना है कि नरिया से कक्षा छह में पढ़ने वाले एक लड़के ने अपने चाचा के मोबाइल से फोन किया था।
धमकी के मद्देनजर चेकिंग के दौरान मंदिर की सुरक्षा चाक चौबंद पाई गई। बता दें कि सात मार्च 2006 को संकटमोचन मंदिर में विस्फोट हुआ था। इसके बाद मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। मंदिर प्रशासन ने अंदर पूर्व फौजियों की तैनाती की है।